Job बदली? अब तुरंत नहीं होगा PF ट्रांसफर…EPFO ने बदल दिया पूरा नियम

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • नौकरी बदलने वाले कर्मचारियों के लिए EPFO ने PF ट्रांसफर का नियम आसान कर दिया है
  • अब आधार से लिंक और KYC-वेरिफाइड UAN वाले कर्मचारियों का PF पहली EPF जमा होने के बाद अपने आप नए खाते में ट्रांसफर हो जाएगा
  • अलग से ट्रांसफर क्लेम करने की जरूरत नहीं होगी
  • आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं
epfo

अगर आपने हाल ही में नौकरी बदली है और सोच रहे हैं कि आपका कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) बैलेंस तुरंत नई कंपनी के PF अकाउंट में ट्रांसफर हो जाएगा, तो ऐसा नहीं है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने नए ऑटोमैटिक ट्रांसफर सिस्टम को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। अब PF बैलेंस तभी अपने आप नई कंपनी के खाते में ट्रांसफर होगा, जब आपका नया नियोक्ता (Employer) पहली बार आपके खाते में EPF का योगदान (Contribution) जमा करेगा, यानी केवल नौकरी बदलने से PF ट्रांसफर नहीं होगा, बल्कि नई कंपनी की पहली PF जमा होते ही सिस्टम ऑटो-ट्रिगर होकर पुराना PF बैलेंस नए खाते में भेज देगा। आइए जरा विस्तार से इसको समझते हैं।

EPFO के अनुसार, अगर कर्मचारी का यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) आधार से लिंक है और KYC पूरी तरह अपडेट है, तो उसे अलग से PF ट्रांसफर क्लेम दाखिल करने की जरूरत नहीं होगी। यह पूरी प्रक्रिया स्वतः हो जाएगी, जब तक कर्मचारी खुद इसे रोकने का अनुरोध न करे।

दरअसल, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने हाल ही में घोषणा की थी कि आधार से जुड़े UAN वाले कर्मचारियों के लिए PF ट्रांसफर अब पूरी तरह ऑटोमैटिक होगा। पहले कर्मचारियों को पुरानी और नई दोनों कंपनियों से मंजूरी लेनी पड़ती थी और EPFO में अलग से ट्रांसफर आवेदन देना होता था। इस प्रक्रिया में कई बार हफ्तों या महीनों की देरी हो जाती थी। लेकिन, नए सिस्टम के तहत UAN पूरे करियर में एक ही रहेगा और उसी से जुड़े सभी PF अकाउंट अपने आप लिंक होते रहेंगे। इससे कागजी कार्रवाई कम होगी और कर्मचारियों को बार-बार आवेदन करने की परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी।

EPF भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण रिटायरमेंट सेविंग स्कीम है, जिसमें कर्मचारी और नियोक्ता दोनों बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ते (DA) का 12-12% योगदान करते हैं। मौजूदा नियमों के अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF पर 8.25% सालाना ब्याज मिल रहा है। यह ब्याज हर महीने की क्लोजिंग बैलेंस पर गणना के बाद वित्त वर्ष के अंत में खाते में जमा किया जाता है।

नौकरी बदलने वाले कर्मचारियों के लिए सभी PF अकाउंट को एक UAN के तहत जोड़ना बेहद जरूरी माना जाता है, क्योंकि इससे पूरी सर्विस हिस्ट्री एक जगह बनी रहती है। भविष्य में PF एडवांस, फाइनल सेटलमेंट या पेंशन से जुड़े दावों का निपटारा भी आसान हो जाता है।

EPFO ने यह भी स्पष्ट किया है कि ऑटो ट्रांसफर सिस्टम उसके बड़े डेटाबेस अपग्रेड और सॉफ्टवेयर सुधार का हिस्सा है। हालांकि, नई व्यवस्था लागू होने के दौरान कुछ PF क्लेम और अन्य सेवाओं में थोड़ी देरी हो सकती है। कर्मचारी अपने UAN से EPFO सदस्य पोर्टल पर लॉग इन करके ‘सर्विस हिस्ट्री’ सेक्शन में अपनी पूरी नौकरी और PF रिकॉर्ड देख सकते हैं।

अगर आपकी KYC पूरी है और आधार UAN से लिंक है, तो नई नौकरी में पहली PF किस्त जमा होते ही आपका पुराना PF बैलेंस अपने आप नए खाते में ट्रांसफर हो जाएगा, जिससे रिटायरमेंट सेविंग्स को मैनेज करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।