
पेंशन के लिए जरूरी है यह सर्टिफिकेट, अब फ्री में घर बैठे कर सकेंगे सब्मिट
सर्कुलर के मुताबिक यह सुविधा उन बुजुर्ग पेंशनरों के लिए शुरू की गई है, जिन्हें घर से बैंक या ईपीएफओ दफ्तार जाने में दिक्कत होती है। उन कर्मचारियों को भी फायदा होगा जो स्मार्टफोन या तकनीक का बहुत ज्यादा इस्तेमाल नहीं करते हैं।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने बुजुर्ग लोगों के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत ईपीएफओ ने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के साथ मिलकर एक नई मुफ्त डोरस्टेप सर्विस शुरू की है। इससे कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) के पेंशनरों को अपना डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) जमा कराने के लिए न तो बैंक जाना होगा और न ही EPFO दफ्तर भटकना पड़ेगा। इस संबंध में EPFO ने एक सर्कुलर भी जारी कर दिया है। सर्कुलर के मुताबिक यह सुविधा उन बुजुर्ग पेंशनरों के लिए शुरू की गई है, जिन्हें घर से बैंक या ईपीएफओ दफ्तार जाने में दिक्कत होती है। उन कर्मचारियों को भी फायदा होगा जो स्मार्टफोन या तकनीक का बहुत ज्यादा इस्तेमाल नहीं करते हैं।
घर जाकर डाकिया करेंगे ये काम
योजना के अंतर्गत डाकिया या डाक सेवक पेंशनरों के घर जाकर उनका डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट रजिस्टर्ड करेंगे। इसके लिए पेंशनर से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस सेवा का पूरा खर्च केंद्रीय पेंशन प्रोसेसिंग एवं रिकॉर्ड केंद्र (CPPRC), EPFO द्वारा वहन किया जाएगा और भुगतान केवल सफल डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के मामलों में ही किया जाएगा। बता दें कि डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट आधार आधारित बायोमेट्रिक सेवा है। इसके जरिए पेंशनर फिंगरप्रिंट या फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से यह प्रमाणित करते हैं कि वे जीवित हैं ताकि उनकी पेंशन निर्बाध रूप से जारी रह सके। अन्य पेंशन योजनाओं के विपरीत, EPS 95 के पेंशनर किसी भी समय डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। एक बार जमा किया गया डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट, जमा करने की तारीख से एक वर्ष तक मान्य रहता है।
कैसे करना होगा अप्लाई
डोरस्टेप सेवा के लिए सबसे पहले पेंशनर को इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के किसी भी चैनल के माध्यम से अनुरोध करना होगा। इसके बाद इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक का कर्मचारी यह सुनिश्चित करेगा कि DLC देय है या 30 दिनों के भीतर देय होने वाला है, साथ ही PPO और आधार में नाम व जन्मतिथि का मिलान करेगा। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट का रजिस्ट्रेशन प्राथमिक रूप से फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक (FAT) से किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर अन्य बायोमेट्रिक तरीकों का उपयोग होगा। पेंशनर इस सेवा का लाभ लेने के लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के कस्टमर केयर नंबर 033-22029000 पर कॉल कर घर पर विजिट का अनुरोध कर सकते हैं।





