अडानी और अंबानी से कितने अमीर बन गए एलन मस्क? दंग कर देगा दौलत का ये अंतर

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक एलन मस्क की दौलत 1.1 ट्रिलियन डॉलर से भी ज्यादा हो गई है
  • अडानी दुनिया के दौलतमंद अरबपतियों में 17वें स्थान पर हैं
  • अडानी की दौलत 115 बिलियन डॉलर से भी ज्यादा हो गई है
अडानी और अंबानी से कितने अमीर बन गए एलन मस्क? दंग कर देगा दौलत का ये अंतर

Elon musk networth: एयरोस्पेस की दिग्गज स्पेसएक्स (SpaceX) की शेयर बाजार में बंपर लिस्टिंग के बाद कंपनी के मालिक एलन मस्क इतिहास के पहले खरबपति बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक एलन मस्क की दौलत 1.1 ट्रिलियन डॉलर से भी ज्यादा हो गई है। अगर मस्क की दौलत और भारत के सबसे अमीर अरबपतियों की दौलत के बीच तुलना करें तो बहुत बड़ा अंतर दिखता है। बता दें कि भारत के सबसे रईस अरबपति गौतम अडानी हैं। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी दूसरे सबसे अमीर भारतीय हैं। एलन मस्क की संपत्ति गौतम अडानी से करीब 9 गुना और मुकेश अंबानी से करीब 10 गुना ज्यादा है।

किसकी कितनी दौलत?

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स पर गौतम अडानी दुनिया के दौलतमंद अरबपतियों में 17वें स्थान पर हैं। अडानी की दौलत 115 बिलियन डॉलर से भी ज्यादा हो गई है। वहीं, मुकेश अंबानी दुनिया के 23वें सबसे रईस अरबपति हैं। मुकेश अंबानी की दौलत 85.7 बिलियन डॉलर है। बता दें कि गौतम अडानी एशिया के भी सबसे रईस अरबपति हैं। वहीं, मुकेश अंबानी एशिया के तीसरे सबसे दौलतमंद अरबपति हैं।

SpaceX का शानदार डेब्यू

एलन मस्क की SpaceX आईपीओ की टेक कंपनियों के इंडेक्स Nasdaq पर शानदार लिस्टिंग हुई है। लिस्टिंग डे पर कंपनी के शेयर में 23 प्रतिशत की जोरदार बढ़त दर्ज की गई। SpaceX के शेयर 150 डॉलर के भाव पर खुले जो इश्यू प्राइस से 11 प्रतिशत अधिक है। थोड़ी देर में ही इसके शेयर का भाव बढ़कर 166.90 डॉलर तक पहुंच गया।

इस स्तर पर कंपनी का मार्केट कैपिटल करीब 2.18 लाख करोड़ डॉलर आंका गया। संस्थागत और खुदरा निवेशकों ने 135 डॉलर प्रति शेयर के इश्यू प्राइस पर 55.56 करोड़ शेयर खरीदने में रुचि दिखाई, जिससे कंपनी ने 75 अरब डॉलर जुटाए। यह 2019 में सऊदी अरामको के 26 अरब डॉलर के रिकॉर्ड आईपीओ से काफी अधिक है।

एलन मस्क ने क्या कहा?

एलन मस्क ने कहा है कि कंपनी को उपग्रहों और अंतरिक्ष में डेटा सेंटर स्थापित करने तथा मंगल ग्रह पर मानव बस्ती बसाने जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए पूंजी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि स्पेसएक्स भविष्य में आम लोगों को भी चंद्रमा और मंगल तक ले जाने की दिशा में काम कर रही है। हालांकि, कंपनी को जनवरी 2025 से मार्च 2026 के बीच 8.7 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है, जो इसके बड़े निवेश की जरूरत को दिखाता है।

बता दें कि स्पेसएक्स इस साल बाजार में उतरने वाली तीन बड़ी कंपनियों में पहली है। एंथ्रोपिक और ओपनएआई भी अपना आईपीओ लाने की तैयारियों में जुटी हैं।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,