एलन मस्क के ऐतिहासिक IPO से बदलने वाली है कर्मचारियों की किस्मत, बड़े तोहफे की उम्मीद
मुख्य बातें
- एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) का IPO सिर्फ कंपनी के लिए नहीं बल्कि हजारों कर्मचारियों के लिए भी बड़ा तोहफा दे सकता है

दुनिया के सबसे रईस अरबपति एलन मस्क की अंतरिक्ष और सैटेलाइट कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) की लिस्टिंग होते ही हजारों कर्मचारियों की किस्मत बदल जाएगी। दरअसल, कंपनी के ये भाग्यशाली निवेशक अरबों डॉलर का मुनाफा कमाने वाला है। बता दें कि ये वो कर्मचारी हैं जिन्होंने एलन मस्क की इस कंपनी में शुरुआती दौर में ही निवेश किया था।
4,400 कर्मचारी हो सकते हैं करोड़पति
SpaceX के करीब 4,400 कर्मचारी ESOP (एम्प्लॉयी स्टॉक ऑप्शन प्लान) के जरिए करोड़पति बनने की दहलीज पर हैं। इनमें से लगभग 400 कर्मचारियों के पास 10 करोड़ डॉलर (100 मिलियन डॉलर) से अधिक मूल्य के शेयर हो सकते हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में ट्रेवर हिज नाम के कर्मचारी का उदाहरण दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक ट्रेवर हिज 2011 में कंपनी से जुड़े थे। उस समय SpaceX बहुत छोटी कंपनी थी और आज जैसी ग्लोबल पावरहाउस नहीं थी। उन्हें अपनी सैलरी-भत्ते के हिस्से के तौर पर 1,00,000 से ज्यादा शेयर मिले थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर IPO की लिस्टिंग कीमत 135 डॉलर प्रति शेयर होती है तो उन शेयरों की कीमत कम से कम 13.5 मिलियन डॉलर होगी।
ब्राउनविले के फाइनेंशियल प्लानर माइकल लिमास ने ब्लूमबर्ग को बताया कि कंपनी में स्टॉक ऑप्शन बड़े पैमाने पर बांटे गए हैं, जिसमें नॉन-टेक्निकल स्टाफ भी शामिल है। लिमास ने कहा कि SpaceX ने ऊपर से नीचे तक अलग-अलग लेवल पर स्टॉक ऑप्शन देने में काफी उदारता दिखाई है। यह इस क्षेत्र में एक अनोखी बात है।
SpaceX को लेकर निवेशकों में भारी उत्साह है लेकिन इसके बावजूद कंपनी अभी भी घाटे में है। वर्ष 2025 में SpaceX ने 18.67 अरब डॉलर का राजस्व दर्ज किया लेकिन उसे 4.94 अरब डॉलर का घाटा हुआ।
चैटजीपीटी वाली कंपनी का भी आ रहा आईपीओ
चैटजीपीटी का संचालन करने वाली अमेरिकी कंपनी ओपनएआई ने गोपनीय दस्तावेज अमेरिकी बाजार नियामक एसईसी के पास दाखिल कर दिए हैं, जिससे उसके सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध होने का रास्ता खुल सकता है। यह कदम ऐसे समय में आया है जब एआई क्षेत्र की प्रमुख कंपनियां अमेरिकी शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने की दिशा में तेजी से आगे कदम बढ़ा रही हैं।
ओपनएआई की प्रतिस्पर्धी कंपनी एंथ्रोपिक ने भी जून की शुरुआत में आईपीओ लाने से संबंधित संकेत दिए थे। बता दें कि ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने पिछले वर्ष आईपीओ को सबसे संभावित रास्ता बताते हुए कहा था कि बड़े पैमाने पर एआई टेक्नोलॉजी डेवलप करने के लिए भारी पूंजी की जरूरत है। वर्ष 2015 में एक गैर-लाभकारी संगठन के रूप में शुरू हुई ओपनएआई अब लगभग 852 अरब अमेरिकी डॉलर के मूल्यांकन वाली कंपनी बन चुकी है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

