अनिल अंबानी की कंपनियों पर ईडी का नया एक्शन, 581 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी कुर्क

Mar 12, 2026 10:34 pm ISTDeepak Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा कि 581.65 करोड़ रुपये की ये संपत्तियां अनिल अंबानी की रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल) और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (आरसीएफएल) से जुड़ी जांच के तहत कुर्क की गयी हैं।

अनिल अंबानी की कंपनियों पर ईडी का नया एक्शन, 581 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी कुर्क

अनिल अंबानी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बार फिर रिलायंस समूह के अध्यक्ष अनिल अंबानी की कंपनियों के खिलाफ अपनी जांच के तहत 581 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों को कुर्क कर लिया है। ईडी ने एक बयान में कहा कि 11 मार्च को धनशोधन रोकथाम अधिनियम के तहत गोवा, केरल, कर्नाटक, पंजाब, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, झारखंड, महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और राजस्थान में भूखंडों को कुर्क करने का अंतरिम आदेश जारी किया गया।

इन दो कंपनियों की हो रही जांच

ईडी ने कहा कि 581.65 करोड़ रुपये की ये संपत्तियां रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (आरएचएफएल) और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (आरसीएफएल) से जुड़ी जांच के तहत कुर्क की गयी हैं। ईडी के मुताबिक यह कुर्की छह मार्च को रिलायंस पावर लिमिटेड के खिलाफ विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत चलाये गये मामले में तलाशी अभियान के बाद की गयी है।

ईडी ने इससे पहले भी अनिल अंबानी के रिलायंस समूह की संपत्तियों को कुर्क किया था। ईडी के मुताबिक रिलायंस अनिल अंबानी समूह की कुर्क की गई संपत्तियों का मूल्य कुल 16,310 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। बता दें कि यह जांच सीबीआई द्वारा रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी पर आधारित है। यह प्राथमिकी यस बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शिकायतों पर दर्ज की गयी थी।

क्या हैं ईडी के आरोप?

ईडी ने कहा कि जांच में पाया गया कि दोनों कंपनियों ने कई बैंकों और वित्तीय संस्थानों से धन जुटाया था और इस धन में से 11,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों में परिवर्तित हो गई।

एजेंसी ने कहा कि रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड और रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड द्वारा जुटाए गए रकम को रिलायंस समूह की विभिन्न कंपनियों, जैसे रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, रिलायंस पावर लिमिटेड, रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड, रिलायंस कैपिटल लिमिटेड आदि में पहुंचाया गया। आरोप है कि रिलायंस अनिल अंबानी समूह द्वारा नियंत्रित और प्रबंधित बड़ी संख्या में फर्जी (नकली) संस्थाओं के माध्यम से धनराशि ईधर से ऊधर की गयी थी। आरोप के मुताबिक इन फर्जी संस्थाओं की वित्तीय स्थिति नगण्य थी और इनका कोई व्यावसायिक संचालन नहीं था।

शेयर बाजार में लिस्ट है रिलायंस होम फाइनेंस

बता दें कि अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस होम फाइनेंस शेयर बाजार में लिस्ट है। यह शेयर गुरुवार को 5% की बढ़त के साथ 2.58 रुपये पर बंद हुआ। इस दौरान शेयर में यह अपर सर्किट लगा।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,