
अनिल अंबानी की बढ़ीं मुश्किलें, DAKC में 132 एकड़ से ज्यादा जमीन जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नवी मुंबई स्थित धीरूभाई अंबानी नॉलेज सिटी (डीएकेसी) में 132 एकड़ से ज्यादा जमीन जब्त की है। इस कार्रवाई के साथ ही रिलायंस समूह के कथित ऋण धोखाधड़ी के सिलसिले में जब्त की गई संपत्तियों का कुल मूल्य ₹7,500 करोड़ से ज्यादा हो गया है।
अनिल अंबानी के रिलायंस समूह की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नवी मुंबई स्थित धीरूभाई अंबानी नॉलेज सिटी (डीएकेसी) में 132 एकड़ से ज्यादा जमीन जब्त की है। जानकारी के मुताबिक इस जमीन की कीमत ₹4462.81 करोड़ है। अनिल अंबानी के रिलायंस समूह के खिलाफ बैंक धोखाधड़ी मामले में यह एक अहम घटनाक्रम है। इस कार्रवाई के साथ ही रिलायंस समूह के कथित ऋण धोखाधड़ी के सिलसिले में जब्त की गई संपत्तियों का कुल मूल्य ₹7,500 करोड़ से ज्यादा हो गया है।

क्यों की गई कार्रवाई?
इकोनॉमिक टाइम्स के सूत्रों ने बताया कि ईडी के विशेष कार्य बल, मुख्यालय द्वारा की गई यह कुर्की, धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के प्रावधानों के तहत की गई। यह कार्रवाई रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (आरकॉम) और अनिल धीरूभाई अंबानी समूह (एडीएजी) की अन्य कंपनियों द्वारा बैंक लोन के कथित दुरुपयोग और हेराफेरी की चल रही जांच के बाद की गई है।
कौन-कौन सी संपत्ति जब्त
न्यूज एजेंसी पीटीआई सूत्रों ने बताया कि अनिल अंबानी के परिवार का मुंबई के पाली हिल स्थित घर और उनके समूह की कंपनियों की अन्य आवासीय एवं कॉमर्शियल संपत्तियां जब्त की गई हैं। दिल्ली में महाराजा रणजीत सिंह मार्ग पर रिलायंस सेंटर के एक भूखंड के अलावा, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (आरआईएल) की कई अन्य संपत्तियां, आधार प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड, मोहनबीर हाई-टेक बिल्ड प्राइवेट लिमिटेड, गेम्स इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड, विहान43 रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड (पूर्व में कुंजबिहारी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से जानी जाती थी) और कैंपियन प्रॉपर्टीज लिमिटेड की संपत्तियां कुर्क की गई हैं।
ये संपत्तियां राष्ट्रीय राजधानी, नोएडा, गाजियाबाद, मुंबई, पुणे, ठाणे, हैदराबाद, चेन्नई और पूर्वी गोदावरी में स्थित हैं। मुंबई में चर्चगेट की 'नागिन महल' बिल्डिंग में ऑफिस, नोएडा में बीएचए मिलेनियम अपार्टमेंट्स और हैदराबाद में कैमस कैप्री अपार्टमेंट्स उन संपत्तियों में से हैं, जिन्हें ईडी ने फिलहाल कुर्क किया है।





