
ग्रे मार्केट में दहाड़ रहा यह शेयर, 90% के ऊपर पहुंचा GMP, लिस्ट होने जा रही कंपनी
ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर के आईपीओ में शेयर का दाम 174 रुपये है। वहीं, ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 161 रुपये के प्रीमियम के साथ ट्रेड कर रहे हैं। कंपनी के आईपीओ पर 526 गुना दांव लगा था।
ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर शुक्रवार 2 जनवरी को बाजार में लिस्ट होने जा रहे हैं। लिस्टिंग से ठीक पहले ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन के शेयर ग्रे मार्केट में दहाड़ रहे हैं। कंपनी के शेयर 92 पर्सेंट से ज्यादा के प्रीमियम के साथ ग्रे मार्केट में कारोबार कर रहे हैं। कंपनी के शेयरों का मौजूदा ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) तगड़ी लिस्टिंग का इशारा कर रहा है। ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन का आईपीओ 526 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी के आईपीओ का टोटल साइज 84 करोड़ रुपये तक का था।
आईपीओ में 174 रुपये का शेयर, 161 रुपये पहुंच गया GMP
ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर के आईपीओ में शेयर का दाम 174 रुपये है। वहीं, ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 161 रुपये के प्रीमियम के साथ ट्रेड कर रहे हैं। ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर का आईपीओ दांव लगाने के लिए 26 दिसंबर को खुला था और यह 30 दिसंबर तक ओपन रहा। कंपनी के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के SME प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होंगे। आईपीओ से पहले कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 45.19 पर्सेंट थी, जो कि अब 32.51 पर्सेंट रह जाएगी। जेफायर मंत्रा LLC, वेंचरईस्ट ईटीओई LLP, सौरजीत मुखर्जी और विनय कुंजुरी पांडुरंगा राव कंपनी के प्रमोटर्स हैं।
IPO पर लगा 526 गुना से ज्यादा दांव
ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर के आईपीओ में टोटल 526.56 गुना दांव लगा है। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों की कैटेगरी में 544.28 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। वहीं, गैर संस्थागत निवेशकों (नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स) का कोटा 872.09 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का कोटा 236.30 गुना सब्सक्राइब हुआ। ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर के आईपीओ में आम निवेशक 2 लॉट के लिए ही दांव लगा सकते थे। आईपीओ की दो लॉट में 1600 शेयर थे। यानी, आम निवेशकों को कंपनी के आईपीओ में 2,78,400 रुपये का निवेश करना पड़ा।
क्या करती है कंपनी
ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की शुरुआत साल 2010 में हुई है। ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन एक ISO 9001:2015 सर्टिफाइड कंपनी है। कंपनी रेलवे सेक्टर के लिए सिस्टम इंटीग्रेशन और इंजीनियरिंग सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है। कंपनी सिग्निंग एंड टेलिकम्युनिकेशंस, ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन, ट्रैक प्रोजेक्ट्स एंड सिस्टम इंटीग्रेशन जैसी सर्विसेज ऑफर करती है। 30 नवंबर 2025 तक के डेटा के मुताबिक, कंपनी में 353 फुल टाइम एंप्लॉयीज हैं।





