
पहले ही दिन 100% चढ़ गया यह शेयर, दोगुना हुआ निवेशकों का पैसा, IPO पर जमकर लगा था दांव
रेलवे सेक्टर के लिए काम करने वाली कंपनी ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन के शेयरों ने बाजार में उतरते ही लोगों का पैसा दोगुना कर दिया है। IPO में कंपनी के शेयर का दाम 174 रुपये था। कंपनी के शेयर 330.60 रुपये पर लिस्ट हुए और लिस्टिंग के ठीक बाद उछलकर 347.10 रुपये पर पहुंच गए।
रेलवे सेक्टर के लिए काम करने वाली कंपनी ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर की शेयर बाजार में धमाकेदार शुरुआत हुई है। ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन के शेयर शुक्रवार को NSE पर 90 पर्सेंट के फायदे के साथ 330.60 रुपये पर लिस्ट हुए हैं। IPO में ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन के शेयर का दाम 174 रुपये था। कंपनी के आईपीओ पर 526 गुना से ज्यादा दांव लगा था। ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 26 दिसंबर 2025 को खुला था और यह 30 दिसंबर तक ओपन रहा। कंपनी के आईपीओ का टोटल साइज 84 करोड़ रुपये तक का था।
लिस्टिंग के बाद और उछल गए कंपनी के शेयर
शानदार लिस्टिंग के ठीक बाद ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयरों में और उछाल आया है। ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर के शेयर 5 पर्सेंट और उछलकर 347.10 रुपये पर पहुंच गए हैं। 174 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले कंपनी के शेयर पहले ही दिन करीब 100 पर्सेंट चढ़ गए हैं। यानी, कंपनी के शेयरों ने बाजार में उतरते ही निवेशकों का पैसा दोगुना कर दिया है। जेफायर मंत्रा LLC, वेंचरईस्ट ईटीओई LLP, सौरजीत मुखर्जी और विनय कुंजुरी पांडुरंगा राव कंपनी के प्रमोटर्स हैं।
526 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ IPO
ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर का आईपीओ 526.56 गुना सब्सक्राइब हुआ था। कंपनी के आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर्स का कोटा 544.28 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं, गैर संस्थागत निवेशकों (नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स या NII) कैटेगरी में 872.09 गुना दांव लगा। कंपनी के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का कोटा 236.30 गुना सब्सक्राइब हुआ। रेलवे सेक्टर के लिए काम करने वाली इस कंपनी के आईपीओ में आम निवेशक 2 लॉट के लिए ही दांव लगा सकते थे। आईपीओ की दो लॉट में 1600 शेयर थे। यानी, आम निवेशकों को कंपनी के आईपीओ में 2,78,400 रुपये का निवेश करना पड़ा।
क्या करती है कंपनी
ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की शुरुआत साल 2010 में हुई है। ई टू ई ट्रांसपोर्टेशन एक ISO 9001:2015 सर्टिफाइड कंपनी है। कंपनी रेलवे सेक्टर के लिए सिस्टम इंटीग्रेशन और इंजीनियरिंग सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है। कंपनी सिग्निंग एंड टेलिकम्युनिकेशंस, ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन, ट्रैक प्रोजेक्ट्स एंड सिस्टम इंटीग्रेशन जैसी सर्विसेज ऑफर करती है। 30 नवंबर 2025 तक के डेटा के मुताबिक, कंपनी में 353 फुल टाइम एंप्लॉयीज हैं।





