सेना के टैंक से ट्रेनिंग तक… रक्षा मंत्रालय ने दिया ऑर्डर और झूम उठा यह शेयर
मुख्य बातें
- हैदराबाद की डिफेंस कंपनी-जेन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड को रक्षा मंत्रालय की ओर से बड़ा ऑर्डर मिला है
- जेन टेक्नोलॉजीज के शेयर की बात करें तो 1750.85 रुपये की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले करीब 5 पर्सेंट बढ़कर 1,829.85 रुपये तक जा पहुंचा

Zen technologies share price: ड्रोन बनाने वाली हैदराबाद की डिफेंस कंपनी-जेन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड को रक्षा मंत्रालय की ओर से बड़ा ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर ₹177.5 करोड़ का है। इस ऑर्डर की खबर के बीच निवेशकों ने शेयर की जबरदस्त खरीदारी की।
शेयर का परफॉर्मेंस
जेन टेक्नोलॉजीज के शेयर की बात करें तो 1750.85 रुपये की पिछली क्लोजिंग के मुकाबले करीब 5 पर्सेंट बढ़कर 1,829.85 रुपये तक जा पहुंचा। यह शेयर 3.93% बढ़कर 1819.70 रुपये पर बंद हुआ। 22 जून 2026 को शेयर 2,023.40 रुपये पर जा पहुंचा। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। शेयर के 52 हफ्ते का लो 1,224 रुपये है। शेयर का यह भाव जनवरी 2026 में था।
कंपनी के ऑर्डर की डिटेल
मंगलवार को स्टॉक एक्सचेंज में दी गई जानकारी में जेन टेक्नोलॉजीज ने कहा- रक्षा मंत्रालय से ₹177.5 करोड़ का ऑर्डर मिला है। यह कॉन्ट्रैक्ट एक साल के अंदर पूरा किया जाना है। कंपनी ने बताया कि इस ऑर्डर में आर्म्ड फोर्सेज के लिए टैंक, क्रू गनरी सिम्युलेटर का अपग्रेडेशन और इंटीग्रेशन शामिल है।
आपको बता दें कि क्रू गनरी सिम्युलेटर एक आधुनिक वर्चुअल ट्रेनिंग सिस्टम है। इसके तहत सेना के टैंक आदि वाहनों के कमांडर और गनर को एक साथ युद्ध कौशल, निशाना लगाने और तालमेल का अभ्यास कराने के लिए किया जाता है। जेन टेक्नोलॉजीज ने यह भी कहा कि यह एक घरेलू ऑर्डर है और कॉन्ट्रैक्ट देने वाली संस्था में न तो इसके प्रमोटरों और न ही प्रमोटर ग्रुप की कंपनियों की कोई हिस्सेदारी या दिलचस्पी है।
हालांकि, कंपनी ने कॉन्ट्रैक्ट के तहत आने वाले सिमुलेटर की संख्या नहीं बताई। यह ऑर्डर कंपनी द्वारा अपनी सब्सिडियरी, वेक्टर टेक्निक के जरिए विस्तार की योजनाएं बताने के कुछ हफ्ते बाद आया है।
क्या कहा था कंपनी ने?
बता दें कि 7 जुलाई को ड्रोन प्रोपल्शन सिस्टम बनाने वाली इस कंपनी ने कहा था कि ड्रोन प्रोपल्शन सिस्टम की बढ़ती मांग को देखते हुए उसकी बढ़ी हुई प्रोडक्शन क्षमता ₹400 करोड़ तक का रेवेन्यू जेनरेट करने में मदद कर सकती है। सब्सिडियरी ने अपनी सालाना मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को बढ़ाकर तीन लाख प्रोपल्शन यूनिट कर दिया है जबकि एक्सपोर्ट से भविष्य में लगभग ₹100 करोड़ का रेवेन्यू मिल सकता है।
होने वाली है अहम बैठक
हाल ही में जेन टेक्नोलॉजीज ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को जानकारी दी है कि कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक 25 जुलाई 2026 को होनी है। इस बैठक में, अन्य बातों के अलावा 30 जून 2026 को समाप्त तिमाही के लिए कंपनी के स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड अनऑडिटेड फाइनेंशियल नतीजों पर विचार किया जाएगा और उन्हें मंजूरी दी जाएगी। बता दें कि मार्च 2026 को समाप्त तिमाही में कंपनी ने नेट प्रॉफिट में साल-दर-साल 68.8% की गिरावट दर्ज की, जो ₹101.1 करोड़ से घटकर ₹31.5 करोड़ रह गया। पिछले साल की इसी तिमाही के ₹325 करोड़ के मुकाबले रेवेन्यू 45.2% गिरकर ₹178.1 करोड़ हो गया।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

