
धड़ाम हुए ड्रोन कंपनी के शेयर, सेबी का बड़ा एक्शन, कंपनी और मालिक पर दो साल बैन
ड्रोन कंपनी द्रोणाचार्य एरियल के शेयर धड़ाम हो गए हैं। द्रोणाचार्य एरियल के शेयर सोमवार को 20% टूटकर 45.38 रुपये पर बंद हुए हैं। कंपनी के शेयर IPO प्राइस से भी नीचे जा पहुंचे हैं। सेबी के बड़े एक्शन के बाद कंपनी के शेयरों में गिरावट आई है।
ड्रोन कंपनी द्रोणाचार्य एरियल इनोवेशंस के शेयर सोमवार को धड़ाम हो गए हैं। कंपनी के शेयर अपने IPO प्राइस से भी नीचे जा पहुंचे हैं। द्रोणाचार्य एरियल इनोवेशंस के शेयर सोमवार को 20 पर्सेंट लुढ़ककर 45.38 रुपये पर बंद हुए हैं। बाजार नियामक संस्था सेबी के एक बड़े एक्शन के बाद द्रोणाचार्य एरियल इनोवेशंस के शेयरों में यह तेज गिरावट आई है। सेबी ने कंपनी और इसके मालिकों (प्रमोटर्स) को मार्केट से बैन किया है और 50 लाख रुपये की पेनल्टी लगाई है।
इस वजह से सेबी ने लगाई है पाबंदी
बाजार नियामक संस्था सेबी ने द्रोणाचार्य एरियल इनोवेशंस (DIAL) और इसके प्रमोटर्स प्रतीक श्रीवास्तव, निकिता श्रीवास्तव को दो साल के लिए सिक्योरिटी मार्केट से बैन कर दिया है। इन्हें आईपीओ से मिले फंड के दुरुपयोग, वित्तीय ब्योरों को गलत तरीके से पेश करने और कंपनी के फंड्स डायवर्ट करने का दोषी पाया गया है। सेबी ने कंपनी और इसके प्रमोटर्स पर 50 लाख रुपये के पेनल्टी भी लगाई है। सेबी ने कंपनी पर 10 लाख रुपये और कंपनी के प्रमोटर्स प्रतीक श्रीवास्तव (मैनेजिंग डायरेक्टर) और निकिता श्रीवास्तव (डायरेक्टर) प्रत्येक पर 20-20 लाख रुपये की पेनल्टी लगाई है।
सेबी ने इन पर भी लगाई रोक
बाजार नियामक संस्था सेबी ने कॉरपोरेट एडवायजरी फर्म इंस्टाफिन फाइनेंशियल एडवायजर्स, इसके पार्टनर संदीप घाटे और माइक्रो इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड पर भी रोक लगाई है। साथ ही, शामिल इकाइयों पर कुल 75 लाख रुपये की पेनल्टी लगाई है। द्रोणाचार्य एरियल इनोवेशंस (DIAL) के शेयर 23 दिसंबर 2022 से बाजार में लिस्टेड हैं। कंपनी ड्रोन ऑपरेशन ट्रेनिंग, ड्रोन सप्लाई एंड मेंटीनेंस सर्विसेज और मैनेजमेंट कंसल्टेंसी एंड ट्रेनिंग सर्विसेज उपलब्ध कराती है। कंपनी का आईपीओ दांव लगाने के लिए 12 दिसंबर 2022 को खुला था और यह 15 दिसंबर तक ओपन रहा। कंपनी ने आईपीओ से 33.96 करोड़ रुपये जुटाए थे। द्रोणाचार्य एरियल के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 131 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 45.38 रुपये है।





