इस फार्मा कंपनी के मुनाफे में 86% की भारी गिरावट, शेयरधारकों में बढ़ी चिंता; फिर भी ₹8 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • रेड्डीज लैबोरेटरीज (Dr
  • Reddy's Laboratories) का मार्च तिमाही में मुनाफा 86% गिरकर ₹220 करोड़ रह गया
  • कंपनी की रेवलिमिड (Revlimid) जेनेरिक दवा पर बढ़ती प्रतिस्पर्धा और घटते मार्जिन का असर नतीजों पर दिखा
  • इसके बाद भी कंपनी ने ₹8 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान किया है
इस फार्मा कंपनी के मुनाफे में 86% की भारी गिरावट, शेयरधारकों में बढ़ी चिंता; फिर भी ₹8 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान

भारत की बड़ी फार्मा कंपनियों में शामिल डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज (Dr. Reddy's Laboratories) को मार्च तिमाही में बड़ा झटका लगा है। कंपनी का मुनाफा एक साल में करीब 86% तक गिर गया, जिसके बाद निवेशकों और बाजार दोनों की नजरें कंपनी की आगे की रणनीति पर टिक गई हैं। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट घटकर सिर्फ ₹220 करोड़ रह गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹1,587 करोड़ से ज्यादा था। कंपनी के कमजोर नतीजों के पीछे सबसे बड़ी वजह रेवलिमिड (Revlimid) दवा के जेनेरिक वर्जन पर बढ़ती प्रतिस्पर्धा और मुनाफे में भारी गिरावट मानी जा रही है।

दरअसल, डॉ. रेड्डीज अमेरिकी बाजार में लेनालिडोमाइड (Lenalidomide) नाम की कैंसर दवा बेचती है, जो रेवलिमिड (Revlimid) के जेनेरिक वर्जन के रूप में जानी जाती है। यह दवा मल्टीपल मायलोमा जैसे गंभीर कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होती है। पिछले कुछ सालों में यही दवा कंपनी की कमाई का बड़ा जरिया बनी हुई थी। लेकिन, जनवरी 2026 में कंपनी की सीमित एक्सक्लूसिविटी खत्म हो गई, जिसके बाद कई दूसरी कंपनियां भी इसी दवा के जेनेरिक वर्जन बाजार में बेचने लगीं। बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण कीमतों में गिरावट आई और कंपनी की अमेरिकी बिक्री पर सीधा असर पड़ा।

कंपनी की कुल आय भी इस तिमाही में 12% घटकर ₹7,516 करोड़ रह गई। वहीं, EBITDA यानी ऑपरेटिंग प्रॉफिट 60% से ज्यादा गिरकर ₹981 करोड़ पर पहुंच गया। इसका असर कंपनी के मार्जिन पर भी दिखा, जो पिछले साल के 29.1% से घटकर केवल 13% रह गया। आसान शब्दों में कहें तो कंपनी की कमाई तो घटी ही, साथ ही खर्च भी बढ़ गए, जिससे मुनाफा तेजी से नीचे आ गया।

हालांकि कंपनी ने निवेशकों को राहत देने के लिए ₹8 प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है। कंपनी के को-चेयरमैन (Co-Chairman) और मैनेजिंग डायरेक्टर (Managing Director) जीवी प्रसाद ने कहा कि इस साल के नतीजों पर लेनालिडोमाइड (Lenalidomide) की कम बिक्री और कुछ एकमुश्त खर्चों का असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि कंपनी अब लागत कम करने, पोर्टफोलियो मजबूत करने और नए बिजनेस सेगमेंट पर फोकस कर रही है।

डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज (Dr. Reddy's Laboratories) अब बायोसिमिलर, कंज्यूमर हेल्थ और इनोवेशन आधारित दवाओं के कारोबार को बढ़ाने की तैयारी कर रही है, ताकि भविष्य में स्थायी ग्रोथ हासिल की जा सके। कंपनी का मानना है कि ब्रांडेड बिजनेस और विदेशी मुद्रा से मिले फायदे ने कुछ हद तक नुकसान की भरपाई की है।

कमजोर नतीजों के बाद कंपनी के शेयरों में भी हल्की गिरावट देखने को मिली। NSE पर डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज (Dr. Reddy's Laboratories) का शेयर करीब 1% टूटकर ₹1,267 के आसपास बंद हुआ। हालांकि, इस साल अब तक शेयर में मामूली बढ़त देखने को मिली है, लेकिन निवेशकों की नजर अब इस बात पर रहेगी कि कंपनी आने वाले समय में अपनी कमाई और मार्जिन को किस तरह सुधारती है।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।