नई ऊंचाई पर पहुंचे वेदांता के शेयर, कोटक ने दिया अब 650 रुपये का टारगेट
वेदांता समूह ने 2023 में कंपनी को पांच अलग-अलग सूचीबद्ध इकाइयों में बांटने की योजना की घोषणा की थी। इनमें वेदांता एल्युमिनियम, वेदांता ऑयल एंड गैस, वेदांता पावर, वेदांता आयरन एंड स्टील और एक पुनर्गठित वेदांता लिमिटेड शामिल होंगी।
दिग्गज बिजनेसमैन अनिल अग्रवाल के मालिकाना हक वाली कंपनी वेदांता लिमिटेड में तेजी का तूफान जारी है। वेदांता के शेयर बुधवार को BSE में इंट्राडे के दौरान उछलकर 579.95 रुपये पर पहुंच गए हैं। कंपनी के शेयर अपने ऑल-टाइम हाई पर जा पहुंचे हैं। वेदांता लिमिटेड के शेयरों में लगातार 7 दिन से तेजी देखने को मिल रही है। 7 ट्रेडिंग सेशंस में वेदांता के शेयर 13 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) की मुंबई बेंच ने कंपनी के विभाजन (डिमर्जर) की योजना को मंजूरी दे दी है।
वेदांता की योजना क्या है?
वेदांता समूह ने साल 2023 में कंपनी को पांच अलग-अलग सूचीबद्ध इकाइयों में बांटने की योजना की घोषणा की थी। इनमें वेदांता एल्युमीनियम, वेदांता ऑयल एंड गैस, वेदांता पावर, वेदांता आयरन एंड स्टील और एक पुनर्गठित वेदांता लिमिटेड शामिल होंगी। पुनर्गठित वेदांता लिमिटेड जिंक और सिल्वर का बिजनेस (हिंदुस्तान जिंक के जरिए) संभालेगी और नई टेक्नोलॉजी व वेंचर्स के लिए इनक्यूबेटर का काम करेगी। कंपनी का कहना है कि इस डिमर्जर का मकसद कंपनी के कर्ज को कम करना, स्वतंत्र बिजनेस बनाना और हितधारकों के लिए मूल्य पैदा करना है।
क्या निवेशकों को मिलेगा फायदा?
नुवामा रिसर्च की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह डिमर्जर एल्युमिनियम, स्टील और पावर जैसी कंपनियों के वैल्यूएशन को बेहतर बनाकर मूल्य विमोचन (वैल्यू अनलॉकिंग) में मदद कर सकता है। रिपोर्ट में अनुमान जताया गया था कि डिमर्जर लागू होने पर कंपनी का फेयर वैल्यू 686 रुपये प्रति शेयर से बढ़कर 84 रुपये प्रति शेयर और बढ़ सकता है। फर्म ने अनुमान लगाया था कि दिसंबर में अनुकूल नतीजा निकलने पर वेदांता की डिमर्जर प्रक्रिया मार्च 2026 तक पूरी हो सकती है।
कोटक ने वेदांता के शेयरों को दिया 650 रुपये का टारगेट
कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने बुधवार, 17 दिसंबर को वेदांता के शेयरों को 'एड' से अपग्रेड कर 'खरीदें' की रेटिंग दे दी है। कोटक ने वेदांता का प्राइस टारगेट पहले के 550 रुपये से बढ़ाकर 650 रुपये कर दिया है, जिसका मतलब मौजूदा स्तर से 14% की संभावित बढ़त है। कोटक के 'बुल केस' सिनेरियो में 10% अधिक EBITDA और 770 रुपये के प्राइस टारगेट का अनुमान है, जो मौजूदा स्तर से 34% की संभावित बढ़त दर्शाता है।
एनालिस्ट क्या सोचते हैं?
वेदांता पर 14 एनालिस्ट्स की नजर है, जिनमें से 10 ने 'खरीदें' और चार ने 'होल्ड' की सिफारिश की है। किसी भी एनालिस्ट ने वेदांता के शेयर पर 'बेचें' की सिफारिश नहीं की है। हालांकि, बुधवार को शेयर ने शुरुआती बढ़त छोड़ दी और 580 रुपये का नया उच्च स्तर बनाने के बाद वह 566 रुपये के आसपास ट्रेड कर रहा था।





