NIFTY 50 में बदल गया खेल! रिलायंस की बादशाहत खत्म, इस बैंक ने पछाड़ा; फिर भी नंबर-1 पर HDFC
मुख्य बातें
- भारतीय शेयर बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिला है
- कुल मार्केट कैप के मामले में सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज होने के बावजूद NIFTY 50 इंडेक्स में उसका वेटेज घटकर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है
- ICICI बैंक ने फ्री-फ्लोट मार्केट कैप के आधार पर रिलायंस को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है

भारत के शेयर बाजार में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लंबे समय से मार्केट कैप के आधार पर देश की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस (Reliance Industries) अब NIFTY 50 इंडेक्स में वेटेज के मामले में तीसरे स्थान पर खिसक गई है। उसकी जगह ICICI बैंक ने दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। यह बदलाव निवेशकों के लिए इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि निफ्टी-50 में किसी शेयर का वेटेज यह तय करता है कि इंडेक्स की चाल पर उसका कितना प्रभाव पड़ेगा, यानी जिस कंपनी का वेटेज ज्यादा होगा, उसके शेयर में उतार-चढ़ाव का असर निफ्टी पर भी ज्यादा दिखाई देगा।
दिलचस्प बात यह है कि कुल मार्केट कैप के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज अभी भी देश की सबसे बड़ी कंपनी बनी हुई है। कंपनी का कुल मार्केट कैप करीब 17.14 लाख करोड़ रुपये है, जबकि आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप लगभग 9.09 लाख करोड़ रुपये है। इसके बावजूद आईसीआईसीआई बैंक निफ्टी में रिलायंस से आगे निकल गया है। इसकी वजह ‘फ्री-फ्लोट मार्केट कैपिटलाइजेशन’ है। निफ्टी-50 इंडेक्स का वेटेज कुल मार्केट कैप के आधार पर नहीं बल्कि फ्री-फ्लोट मार्केट कैप के आधार पर तय किया जाता है।
फ्री-फ्लोट मार्केट कैप का मतलब उन शेयरों की कुल कीमत से है, जो बाजार में निवेशकों के लिए खरीद-बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। इसमें प्रमोटर, सरकार या रणनीतिक निवेशकों के पास मौजूद हिस्सेदारी शामिल नहीं होती। रिलायंस इंडस्ट्रीज का फ्री-फ्लोट मार्केट कैप लगभग 8.52 लाख करोड़ रुपये है, जबकि आईसीआईसीआई बैंक का फ्री-फ्लोट मार्केट कैप करीब 9.05 लाख करोड़ रुपये है। यही कारण है कि निफ्टी 50 में आईसीआईसीआई बैंक का वेटेज 8.78% हो गया है, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज का वेटेज 8.27% रह गया है।
निफ्टी-50 में अन्य कंपनियां
निफ्टी-50 में सबसे अधिक वेटेज अभी भी HDFC बैंक (HDFC Bank) के पास है। बैंक का वेटेज 10.56% है, जो उसे इंडेक्स का सबसे प्रभावशाली स्टॉक बनाता है। इसके बाद आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल (Bharti Airtel), लार्सेन एंड टर्बो (Larsen & Toubro), इंफोसिस (Infosys), SBI (State Bank of India), एक्सिस बैंक (Axis Bank), कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank) और ITC जैसी कंपनियां टॉप वेटेज वाली कंपनियों में शामिल हैं।
एक्सपर्ट का मानना है कि आईसीआईसीआई बैंक का बढ़ता वेटेज यह संकेत देता है कि बैंकिंग सेक्टर भारतीय शेयर बाजार में लगातार मजबूत स्थिति बना रहा है। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज अभी भी मार्केट वैल्यू के मामले में नंबर-1 है, लेकिन इंडेक्स पर उसका प्रभाव पहले की तुलना में थोड़ा कम हुआ है। ऐसे में निफ्टी की दिशा तय करने में अब बैंकिंग शेयरों, खासकर एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक की भूमिका और भी अहम हो गई है। निवेशकों के लिए यह समझना जरूरी है कि सिर्फ कंपनी का कुल मार्केट कैप ही नहीं, बल्कि उसका फ्री-फ्लोट भी बाजार में उसकी वास्तविक ताकत को दर्शाता है।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


