दिल्ली लक्ष्मी योजना: महिलाओं को 2500 की जगह मिलेंगे सिर्फ ₹1000, जानिये क्यों की गई कटौती
मुख्य बातें
- दिल्ली की महिलाओं के लिए खुशखबरी है, लेकिन इसके साथ एक बड़ा ट्विस्ट भी जुड़ा है
- सरकार की दिल्ली लक्ष्मी योजना रक्षाबंधन के आसपास लॉन्च की जा सकती है
- हालांकि, योजना के तहत मिलने वाली 2,500 रुपये की मंथली सहायता को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है

Delhi Lakshmi Yojana: दिल्ली की महिलाओं के लिए खुशखबरी है, लेकिन इसके साथ एक बड़ा ट्विस्ट भी जुड़ा है। सरकार की दिल्ली लक्ष्मी योजना रक्षाबंधन के आसपास लॉन्च की जा सकती है। हालांकि, योजना के तहत मिलने वाली 2,500 रुपये की मंथली सहायता को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। सरकार की दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी, लेकिन पूरी रकम खर्च करने के लिए हाथ में नहीं आएगी। आखिर सरकार ने ऐसा फैसला क्यों लिया? कितना पैसा तुरंत मिलेगा, बाकी रकम कहां जाएगी और किन महिलाओं को इस योजना का फायदा मिलेगा? जानिए पूरी डिटेल।
दिल्ली की महिलाओं को मिलेंगे सिर्फ 1000 रुपये
लाभार्थी महिलाओं के बैंक अकाउंट में हर महीने सिर्फ 1,000 रुपये ही खर्च के लिए मिलेंगे। बाकी 1,500 रुपये अनिवार्य रूप से रेकरिंग डिपॉजिट (RD) खाते में जमा किए जाएंगे। यह RD तीन साल के लॉक-इन पीरियड के साथ होगी। तीन साल पूरे होने पर जमा अमाउंट और उस पर मिलने वाला ब्याज एक साथ महिला के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। सरकार का कहना है कि इसका मकसद महिलाओं में बचत की आदत बढ़ाना और भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा तैयार करना है।
सरकार ने बदला योजना का नाम
सरकारी योजना का नाम पहले महिला समृद्धि योजना था, जिसे अब बदलकर दिल्ली लक्ष्मी योजना कर दिया गया है। फिलहाल योजना के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी मिलनी बाकी है। इसके बाद इसे उपराज्यपाल के पास भेजा जाएगा और मंजूरी मिलने के बाद नोटिफिकेशन जारी होगी। सरकार ने इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल भी तैयार कर लिया है।
दिल्ली लक्ष्मी योजना के नियम
योजना का फायदा लेने के लिए महिला का कम से कम 10 साल से दिल्ली का निवासी होना जरूरी होगा। आवेदन के साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी और परिवार के सदस्यों से जुड़े डॉक्यूमेंट जमा करने होंगे। साथ ही स्वयं घोषणा यानी सेल्फ डिक्लेरेशन देनी होगी कि उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
योजना के तहत 21 से 60 साल की आयु की केवल एक महिला को ही हर एक परिवार में फायदा मिलेगा। यदि एक परिवार में एक से अधिक महिलाएं पात्र हैं तो सबसे बड़ी उम्र की महिला को प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके अलावा परिवार की सालाना इनकम 2.5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। सरकारी कर्मचारी, टैक्सपेयर्स, पेंशन पाने वाली महिलाएं और चार पहिया गाड़ी की मालिक महिलाएं इस योजना का फायदा नहीं ले सकेंगी। जिन परिवारों के किसी सदस्य पर आपराधिक रिकॉर्ड होगा, वह भी योजना के दायरे से बाहर रहेंगी। सरकार ने इस योजना के लिए 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। अब सभी की नजर कैबिनेट की मंजूरी और योजना की आधिकारिक लॉन्चिंग पर टिकी है।


