
DRDO से लाइसेंसिंग एग्रीमेंट, डिफेंस कंपनी के शेयरों में तेजी, 2 टुकड़े में बंट चुका है शेयर
पारस डिफेंस के शेयर बुधवार को 2% उछलकर 724.35 रुपये पर पहुंच गए। पारस डिफेंस ने घोषणा की है कि उसने DRDO के साथ एक लाइसेंसिंग एग्रीमेंट किया है। यह एग्रीमेंट T-90 टैंकों में इस्तेमाल होने वाले ड्राइवर नाइट साइट सिस्टम के लिए है।
Defence Stock: एयरोस्पेस एंड डिफेंस इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज के शेयर बुधवार को BSE में 2 पर्सेंट चढ़कर 724.35 रुपये पर पहुंच गए। पारस डिफेंस ने घोषणा की है कि उसने डिफेंस रिसर्च एंड डिवेलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (DRDO) के साथ एक लाइसेंसिंग एग्रीमेंट किया है। डिफेंस कंपनी पारस डिफेंस अपने शेयर का भी बंटवारा कर चुकी है। मल्टीबैगर कंपनी अपने शेयर को 2 टुकड़ों में बांट चुकी है। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 971.80 रुपये है। वहीं, पारस डिफेंस के शेयरों का 52 हफ्ते का लो लेवल 401 रुपये है।
DRDO के साथ हुए एग्रीमेंट के डीटेल्स
डिफेंस कंपनी पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि उसने डिफेंस रिसर्च एंड डिवेलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (DRDO) के साथ एक टेक्नोलॉजी ट्रांसफर एग्रीमेंट पर दस्तखत किए हैं। यह एग्रीमेंट ड्राइवर नाइट साइट (DNS) सिस्टम के लिए है, जिसका इस्तेमाल T-90 टैंकों में किया जाता है। इस एग्रीमेंट से कंपनी को भारत में नाइट-विजन टेक्नोलॉजी के साथ काम करने और मैन्युफैक्चरिंग की सहूलियत मिलेगी। DNS सिस्टम, लो-लाइट और नाइट कंडीशंस में टैंक ड्राइवर्स के लिए विजिबिलिटी को बेहतर बनाता है, ऐसे में यह ऑर्मर्ड व्हीकल मूवमेंट के लिए जरूरी टेक्नोलॉजी हो गई है।
9 महीने में 61% उछल गए हैं डिफेंस कंपनी के शेयर
पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज (Paras Defence) के शेयर पिछले 9 महीने में 61 पर्सेंट चढ़ गए हैं। डिफेंस कंपनी के शेयर 25 फरवरी 2025 को 447.78 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 26 नवंबर 2025 को 724.35 रुपये पर जा पहुंचे हैं। इस साल अब तक पारस डिफेंस के शेयरों में 43 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। पिछले दो साल में पारस डिफेंस के शेयरों में 106 पर्सेंट का उछाल आया है।
50% बढ़ा है कंपनी का मुनाफा
पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीज का मुनाफा चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 50 पर्सेंट बढ़ा है। पारस डिफेंस को सितंबर 2025 तिमाही में 21 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का मुनाफा 14 करोड़ रुपये था। पारस डिफेंस का रेवेन्यू चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 21.8 पर्सेंट बढ़कर 106 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी का इबिट्डा सालाना आधार पर 30 पर्सेंट बढ़कर 30 करोड़ रुपये रहा।





