5 दिन में 78% चढ़ गया डिफेंस का यह शेयर, अमेरिका-ईरान जंग के बीच खरीदने की लूट

Varsha Pathak लाइव हिन्दुस्तान
share

पिछले कई ट्रेडिंग सेशनों से यह शेयर लगातार तेजी में है। इससे पहले वाले सत्र में भी इसमें करीब 26% की उछाल आई थी, जबकि 3 मार्च को लगभग 30% की छलांग लगी थी। अगर पिछले पांच ट्रेडिंग दिनों की बात करें तो कंपनी के शेयर करीब 78% तक उछल चुके हैं।

5 दिन में 78% चढ़ गया डिफेंस का यह शेयर, अमेरिका-ईरान जंग के बीच खरीदने की लूट

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच जारी संघर्ष का असर अब वैश्विक शेयर बाजारों पर भी साफ दिखने लगा है। इसी माहौल में दक्षिण कोरिया की रक्षा क्षेत्र की कंपनी LIG Nex1 के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। शुक्रवार, 6 मार्च को कंपनी का शेयर 17% से ज्यादा उछल गया और कोरिया एक्सचेंज पर लगभग 8,99,000 कोरियाई वॉन के स्तर तक पहुंच गया। बीते कुछ दिनों में इस स्टॉक ने इतनी तेज रफ्तार पकड़ी है कि निवेशकों का ध्यान पूरी तरह इस पर केंद्रित हो गया है।

क्या है डिटेल

दरअसल, सिर्फ शुक्रवार को ही नहीं बल्कि पिछले कई ट्रेडिंग सेशनों से यह शेयर लगातार तेजी में है। इससे पहले वाले सत्र में भी इसमें करीब 26% की उछाल आई थी, जबकि 3 मार्च को लगभग 30% की छलांग लगी थी। अगर पिछले 5 ट्रेडिंग दिनों की बात करें तो कंपनी के शेयर करीब 78% तक उछल चुके हैं। इस तेज रैली के बाद कंपनी का मार्केट कैप लगभग 18 ट्रिलियन कोरियाई वॉन के आसपास पहुंच गया है, जो निवेशकों के लिए बड़ी खबर मानी जा रही है।

तेजी की वजह

इस तेजी के पीछे मुख्य वजह मध्य पूर्व में बढ़ता सैन्य तनाव बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, LIG Nex1 के एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल संयुक्त अरब अमीरात ने ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों को रोकने के लिए किया। बताया जा रहा है कि इन सिस्टम्स ने कई मिसाइलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट किया, जिसके बाद खाड़ी देशों की तरफ से इस तकनीक की मांग तेजी से बढ़ने लगी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात ने कंपनी से अतिरिक्त मिसाइल इंटरसेप्टर की मांग की है। वहीं खाड़ी क्षेत्र के तीन देशों ने पहले से तय डिलीवरी को जल्द भेजने का अनुरोध किया है। इसके अलावा कतर ने भी नई डील के लिए दिलचस्पी दिखाई है। यूएई रक्षा मंत्रालय ने हाल ही में बताया कि संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक 186 में से 172 बैलिस्टिक मिसाइलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिया है, जिससे इन तकनीकों की विश्वसनीयता और बढ़ गई है।

कंपनी के बारे में

दक्षिण कोरिया की यह कंपनी अपने मिड-रेंज सरफेस-टू-एयर मिसाइल सिस्टम M-SAM II यानी चेओंगुंग-II को 2022 से 2024 के बीच यूएई, सऊदी अरब और इराक को निर्यात कर चुकी है। इन सौदों की कुल कीमत 12 ट्रिलियन वॉन से ज्यादा बताई जा रही है। यही वजह है कि रक्षा क्षेत्र में वैश्विक मांग बढ़ने के साथ कंपनी के शेयरों में भी मजबूत तेजी देखने को मिल रही है।

तकनीकी विश्लेषकों का मानना है कि स्टॉक का ट्रेंड अभी भी मजबूत बना हुआ है। रिसर्च फर्म लक्ष्मीश्री इन्वेस्टमेंट्स के हेड ऑफ रिसर्च अंशुल जैन के अनुसार, स्टॉक ने करीब 5,50,000 वॉन के स्तर के पास 47 हफ्तों के बुलिश पैटर्न से बड़ा ब्रेकआउट दिया है। उनका कहना है कि अगर यह तेजी जारी रहती है और स्टॉक इस ब्रेकआउट जोन के ऊपर बना रहता है, तो आने वाले समय में इसका अगला संभावित लक्ष्य करीब 10,00,000 वॉन तक भी जा सकता है।

Varsha Pathak

लेखक के बारे में

Varsha Pathak

वर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,