223% बढ़ गया इस दिग्गज कंपनी का मुनाफा, शेयर बेचकर निकलते दिखे निवेशक
मुख्य बातें
- MTAR टेक्नोलॉजीज ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं
- हैदराबाद की इस प्रिसिजन इंजीनियरिंग कंपनी ने चौथी तिमाही के लिए 44.28 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफट दर्ज किया

MTAR technologies share price: डिफेंस सेक्टर से जुड़ी कंपनी-MTAR टेक्नोलॉजीज ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही के दौरान कंपनी ने अपने मुनाफे में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की है। हैदराबाद की इस प्रिसिजन इंजीनियरिंग कंपनी ने चौथी तिमाही (Q4) के लिए 44.28 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफट दर्ज किया। पिछले साल इसी तिमाही में यह आंकड़ा 13.72 करोड़ रुपये था, जो लगभग 223% की बढ़त दिखाता है।
तिमाही नतीजों के बीच कंपनी के शेयर में मंगलवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। शेयर की पिछली क्लोजिंग 6,520 रुपये थी। यह मंगलवार को 6,549.50 रुपये पर खुला और 6,622.50 रुपये के स्तर तक जा पहुंचा। शेयर का लो 6,200 रुपये है। वहीं, शेयर की क्लोजिंग 3.82% टूटकर 6,248.50 रुपये पर हुई। MTAR टेक्नोलॉजीज के शेयर परफॉर्मेंस की बात करें तो 52 हफ्ते का हाई 6,787 रुपये और 52 हफ्ते का लो 1,390.50 रुपये है। बता दें कि 4 मई को शेयर ने अपने 52 हफ्ते के हाई को टच किया था।
ऑपरेशन से होने वाली कमाई में उछाल
MTAR टेक्नोलॉजीज की मार्च 2026 को खत्म हुई तिमाही में ऑपरेशन से होने वाली कमाई बढ़कर 306 करोड़ रुपये हो गई जबकि पिछले साल इसी समय यह 183 करोड़ रुपये थी। इस तरह इसमें लगभग 67% की बढ़त दर्ज की गई। इस बढ़त की मुख्य वजह प्रॉडक्ट की बिक्री में हुई बढ़ोतरी थी जो 303 करोड़ रुपये रही जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 179 करोड़ रुपये थी। पूरे वित्त वर्ष FY26 के लिए MTAR टेक्नोलॉजीज ने 94.03 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जो FY25 में दर्ज 52.89 करोड़ रुपये से लगभग 78% अधिक है। इस साल ऑपरेशन से होने वाला रेवेन्यू लगभग 31% बढ़कर 876.21 करोड़ रुपये हो गया जबकि पिछले साल यह 675.99 करोड़ रुपये था।
टैक्स से पहले का सालाना प्रॉफिट FY25 के 71.57 करोड़ रुपये के मुकाबले 126.15 करोड़ रुपये रहा, जो 76% से अधिक की बढ़ोतरी दिखाता है। मार्च तिमाही में कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 262.92 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 164.50 करोड़ रुपये था। मार्जिन के मोर्चे पर टैक्स से पहले का तिमाही मुनाफा मार्जिन एक साल पहले के 10.2% से बढ़कर लगभग 18.4% हो गया। यह दिखाता है कि लागत बढ़ने के बावजूद कंपनी की परिचालन क्षमता मजबूत हुई है।
कंपनी के बारे में
MTAR टेक्नोलॉजीज क्लीन एनर्जी, एयरोस्पेस और डिफेंस, सटीक इंजीनियरिंग मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में काम करती है। कंपनी अपने ऑर्डर पाइपलाइन और काम को पूरा करने की क्षमताओं का विस्तार कर रही है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

