जो काम ऐपल और सैमसंग नहीं कर पाए, अब उसे करने निकले जोमैटो के फाउंडर! जानकर होश उड़ जाएंगे

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • Zomato (अब Eternal) के पूर्व CEO दीपिंदर गोयल अब हेल्थ टेक और एयरोस्पेस सेक्टर में बड़ा दांव लगाने जा रहे हैं
  • उनका नया टेंपल (Temple) वियरेबल डिवाइस शरीर की मेटाबॉलिक स्टेट को रियल टाइम में ट्रैक करेगा और इसकी कीमत करीब 1,000 डॉलर (लगभग ₹85,000) हो सकती है
Zomato

फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो (अब Eternal) को भारत की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल कराने वाले दीपिंदर गोयल अब पूरी तरह नए सेक्टर में बड़ा दांव लगाने की तैयारी कर रहे हैं। कंपनी के CEO पद से हटने के बाद गोयल ने अपनी अगली पारी की शुरुआत हेल्थ टेक और एयरोस्पेस जैसे हाई-टेक सेक्टर से करने का फैसला किया है। उनका मानना है कि भविष्य में केवल फूड डिलीवरी ही नहीं, बल्कि इंसानों की हेल्थ और तेज़ ट्रांसपोर्टेशन जैसी समस्याओं को हल करने वाली तकनीकें सबसे ज्यादा बदलाव लाएंगी।

दीपिंदर गोयल का पहला बड़ा प्रोजेक्ट टेंपल (Temple) नाम का एक स्मार्ट वियरेबल (Wearable Device) है। यह एक छोटे बीन्स (Bean) के साइज का डिवाइस होगा, जिसे सिर के किनारे यानी कनपटी (Temple) पर पहना जाएगा। कंपनी का दावा है कि यह डिवाइस शरीर की मेटाबॉलिक स्टेट (Metabolic State) को रियल टाइम में माप सकेगा, यानी यह केवल हार्ट रेट या स्टेप्स गिनने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शरीर के अंदर चल रही ऊर्जा की खपत, तनाव, मेडिटेशन, रिकवरी, नींद और एक्सरसाइज के दौरान होने वाले बदलावों की जानकारी भी देगा।

गोयल के मुताबिक, मौजूदा स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड हार्ट रेट के आधार पर अनुमान लगाते हैं, जबकि टेंपल (Temple) सीधे शरीर के मेटाबॉलिज्म को मापने की कोशिश करेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी माना है कि इस तकनीक को अभी स्वतंत्र वैज्ञानिकों से पूरी तरह प्रमाणित किया जाना बाकी है। लॉन्च से पहले कंपनी पीयर-रिव्यू स्टडी और अन्य वैज्ञानिक परीक्षण भी कराएगी।

टेंपल (Temple) डिवाइस की कीमत करीब 1,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 85 हजार रुपये) रखी जा सकती है। इसलिए इसे आम लोगों के बजाय एथलीट्स, बिजनेस लीडर्स, स्टार्टअप फाउंडर्स और हाई-परफॉर्मेंस प्रोफेशनल्स को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। खुद दीपिंदर गोयल का कहना है कि उन्होंने यह प्रोडक्ट सबसे पहले अपनी जरूरत के लिए बनाया है और बिजनेस तो इसका एक साइड इफेक्ट है।

हेल्थ टेक के अलावा गोयल का दूसरा बड़ा दांव LAT Aerospace नाम की एविएशन कंपनी है। उन्होंने इसमें अपनी तरफ से करीब 20 मिलियन डॉलर (लगभग 170 करोड़ रुपये) का निवेश किया है। इस स्टार्टअप का लक्ष्य भारत के छोटे शहरों और कस्बों को कम लागत वाले छोटे विमानों से जोड़ना है। कंपनी ऐसे 8-सीटर विमान विकसित करना चाहती है जो छोटे रनवे से उड़ान भर सकें और बड़े एयरपोर्ट पर निर्भरता कम करें।

अगर यह प्रोजेक्ट सफल होता है, तो छोटे शहरों के बीच हवाई यात्रा काफी आसान और तेज हो सकती है। इससे लोगों को बड़े शहरों के एयरपोर्ट तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी बड़ा फायदा मिलेगा। हालांकि, गोयल खुद मानते हैं कि यह बेहद कठिन प्रोजेक्ट है और इसकी सफलता की संभावना फिलहाल बहुत कम है। फिर भी उनका मानना है कि अगर यह मॉडल काम कर गया तो भारत के आर्थिक विकास में बड़ी भूमिका निभा सकता है।

दीपिंदर गोयल की यह नई रणनीति दिखाती है कि वे केवल एक सफल फूड डिलीवरी कंपनी तक खुद को सीमित नहीं रखना चाहते। उनका लक्ष्य ऐसी नई तकनीकों पर काम करना है जो आने वाले वर्षों में लोगों की जिंदगी बदल सकें। जोमैटो (Zomato) को फूडीबे (Foodiebay) से लेकर एटरनल (Eternal) तक पहुंचाने वाले गोयल अब हेल्थ टेक और एयरोस्पेस जैसे भविष्य के सेक्टर में अपनी पहचान बनाने की तैयारी कर रहे हैं। आने वाले महीनों में टेंपल (Temple) डिवाइस की लॉन्चिंग और LAT एयरोस्पेस की प्रगति पर निवेशकों और टेक इंडस्ट्री की नजरें टिकी रहेंगी।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।