
कर्ज फ्री कंपनी के शेयर पर टूट पड़े निवेशक, लगा 20% का अपर सर्किट, ₹33 पर आया भाव
कंपनी का मार्केट कैप भी मंगलवार को ₹393 करोड़ से ऊपर रहा। शेयरों में इस तेजी के पीछे एक बड़ी वजह है। दरअसल, कंपनी को हांगकांग के एक क्लाइंट से ₹13.5 करोड़ का नया एक्सपोर्ट ऑर्डर मिला है।
Mini Diamonds India Ltd share: पेनी स्टॉक कंपनी मिनी डायमंड्स (इंडिया) लिमिटेड (MDIL) के शेयरों में आज जोरदार उछाल देखा गया। कंपनी के शेयर में आज 20 पर्सेंट का अपर सर्किट लग गया। इसी के साथ यह शेयर 33.35 रुपये के इंट्रा डे हाई पर पहुंच गया था। इसका पिछला बंद भाव ₹27.80 था। मार्केट कैप भी मंगलवार को ₹393 करोड़ से ऊपर रहा। शेयरों में इस तेजी के पीछे एक बड़ी वजह है। दरअसल, कंपनी को हांगकांग के एक क्लाइंट से ₹13.5 करोड़ का नया एक्सपोर्ट ऑर्डर मिला है।
क्या है डिटेल
यह ऑर्डर खास तरह से डिजाइन किए गए, इन-हाउस विकसित सपेशल कट लैब-ग्रोउन पॉलिश्ड डायमंड्स के लिए है। कंपनी पहले से ही इसी ग्राहक के पुराने ऑर्डर्स समय पर पूरा कर रही है, जिससे बाजार में कंपनी पर निवेशकों का भरोसा और बढ़ गया। कंपनी के चेयरमैन और एमडी उपेंद्र एन. शाह ने कहा कि यह रिपीट ऑर्डर उनकी क्वालिटी, भरोसे और R&D क्षमता को दर्शाता है। उनका कहना है कि राउंड कट डायमंड्स के अलावा यूनिक शेप्स उपलब्ध कराकर कंपनी अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों को ज्यादा डिजाइन विकल्प देना चाहती है। इससे न केवल कंपनी की एक्सपोर्ट मार्केट में मौजूदगी मजबूत होगी, बल्कि लैब-ग्रोउन डायमंड्स की डिमांड भी आने वाले समय में बढ़ने की उम्मीद है। आज के समय में इंटरनेशनल मार्केट में खास डिजाइन वाले डायमंड्स की मांग तेजी से बढ़ रही है, और MDIL इसी जरूरत को पूरा करने पर फोकस कर रहा है।
बढ़ी कमाई, घटा कर्ज
वित्तीय मोर्चे पर भी कंपनी शानदार प्रदर्शन कर रही है। जून 2025 से सितंबर 2025 के बीच कंपनी का राजस्व ₹100.58 करोड़ से बढ़कर ₹149.46 करोड़ हो गया, यानी करीब 48.5% की बढ़त। मुनाफा भी ₹1.78 करोड़ से बढ़कर ₹2.62 करोड़ पहुंच गया। कंपनी की ROCE 15.8% और ROE 12.2% है, जो मजबूत वित्तीय स्थिति को दिखाता है। सबसे बड़ी बात, कंपनी लगभग कर्जमुक्त है। इसका डेट-टू-इक्विटी सिर्फ 0.04 है। साथ ही, कंपनी ने अपने ऑपरेशन्स में भी सुधार किया है; डेब्टर डेज 178 से घटकर 139 हो गए हैं, यानी अब कंपनी पैसे तेजी से वसूल रही है।
हाई-टेक फैक्ट्री और इंटरनेशनल पहचान
1987 में स्थापित MDIL आज BSE लिस्टेड, ग्लोबल लेवल पर पहचान रखने वाली डायमंड और ज्वेलरी कंपनी है। मुंबई स्थित इसका हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट आधुनिक मशीनों जैसे सरीन टेक्नोलॉजी, ऑटो ब्रूटिंग मशीनें, पॉलिशिंग मिलें, आरा मशीनें आदि से लैस है। यहां डायमंड कटिंग से लेकर पॉलिशिंग तक हर काम बेहद सटीक तरीके से किया जाता है। यही नहीं, इसी सुविधा में कंपनी ज्वेलरी मैन्युफैक्चरिंग भी करती है, जहां अनुभवी कारीगर और आधुनिक मशीनरी के दम पर प्रीमियम क्वालिटी की ज्वेलरी तैयार की जाती है। डायमंड प्रोसेसिंग और ज्वेलरी मेकिंग का यह कॉम्बिनेशन MDIL को बाजार में दूसरों से अलग बनाता है और कंपनी की एक्सपोर्ट स्ट्रेंथ को और बढ़ाता है।





