केंद्रीय कर्मचारियों को अप्रैल की सैलरी में लगेगा झटका? DA से जुड़ा है मामला
केंद्रीय कर्मचारियों को अप्रैल की जब सैलरी मिलेगी तब निराशा हो सकती है। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि सरकार ने अब तक डीए में बढ़ोतरी का ऐलान नहीं किया है। आइए डिटेल जान लेते हैं।

केंद्रीय कर्मचारियों के अप्रैल की सैलरी में किसी तरह के बदलाव की उम्मीद नहीं है। दरअसल, ऐसा माना जा रहा था कि सरकार अप्रैल के शुरुआती कुछ दिनों में महंगाई भत्ता यानी डीए बढ़ोतरी का ऐलान कर देगी। हालांकि, इस बार अब तक डीए पर फैसला नहीं हुआ है। अगर ऐसा हुआ रहता तो केंद्रीय कर्मचारियों की अप्रैल की सैलरी में डीए बढ़ोतरी के अलावा तीन महीने का एरियर भी जुड़कर आता। आइए डिटेल में समझते हैं।
तीन महीने का एरियर
दरअसल, हर साल मार्च में होली के आसपास डीए पर जो फैसला होता है वो जनवरी से जून की छमाही के लिए होता है। ऐसे में केंद्रीय कर्मचारियों को 30 या 31 मार्च की जो सैलरी मिलती थी उसमें जनवरी, फरवरी महीने का एरियर भी जुड़ता था। यह एरियर डीए बढ़ोतरी की वजह से बनता था। हालांकि, इस बार अप्रैल महीने के शुरुआती 16 दिन तक डीए में बढ़ोतरी नहीं की गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि डीए पर जो भी बढ़ोतरी होगी, उसमें तीन महीने का एरियर शामिल होगा। ये एरियर जनवरी, फरवरी और मार्च का होगा।
कितना बढ़ सकता है डीए?
7वें वेतन आयोग के तहत मंजूर किए गए फॉर्मूले के मुताबिक डीए में बढ़ोतरी कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI-IW) से जुड़ी होती है। मौजूदा अनुमानों के आधार पर, कर्मचारियों को उम्मीद है कि उनकी बेसिक सैलरी के मौजूदा 58% से बढ़कर इसमें लगभग 2 प्रतिशत अंकों की बढ़ोतरी होगी, जिससे यह लगभग 60% हो जाएगी।
वहीं, कुछ कर्मचारियों को 3 प्रतिशत डीए बढ़ोतरी की उम्मीद है। अगर यह लागू होता है तो डीए 61% हो जाएगा। बता दें कि केंद्र सरकार महंगाई के असर को कम करने में मदद के लिए साल में दो बार-जनवरी और जुलाई में, डीए और डीआर में बदलाव करती है। हालांकि ये बदलाव इन्हीं महीनों से लागू होते हैं लेकिन इनकी घोषणाएं आमतौर पर बाद में की जाती हैं।
सरकार को लिखा जा रहा पत्र
13 अप्रैल 2026 की एक पत्र में नेशनल काउंसिल (स्टाफ साइड), जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (JCM) के सेक्रेटरी शिव गोपाल मिश्रा ने कैबिनेट सेक्रेटरी को लिखकर इस मुद्दे पर रोशनी डाली है और तुरंत कार्रवाई करने की गुजारिश की है। इस पत्र में शिव गोपाल मिश्रा ने बताया कि डीए में बढ़ोतरी का ऐलान आम तौर पर हर साल मार्च के आखिरी हफ्ते में किया जाता है। लेकिन, इस साल अब तक कोई ऐलान न होने की वजह से कर्मचारियों और रिटायर हुए लोगों में बेचैनी फैल गई है।
पत्र में कहा गया है- इस साल अब तक सरकार ने 01/01/2026 से मिलने वाले डीए का ऐलान नहीं किया है। इसकी वजह से केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशन पाने वालों में नाराजगी और चिंता पैदा हो गई है। उन्होंने सरकार से इस प्रक्रिया में तेजी लाने की भी गुजारिश की और कहा कि हम आपसे गुजारिश करते हैं कि आप इस मामले में दखल दें और बिना किसी और देरी के 1/01/2026 से मिलने वाली डीए की किस्त के ऐलान का इंतजाम करें।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

