DA पर केंद्रीय कर्मचारियों के लिए खबर, होली से पहले मिलेगी खुशखबरी!
आमतौर पर जनवरी का DA मार्च में और जुलाई का DA अक्टूबर–नवंबर में दिवाली के आसपास घोषित किया जाता है। इस बार की बढ़ोतरी इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि 7वां वेतन आयोग 31 दिसंबर 2025 को अपना कार्यकाल पूरा कर चुका है और अब सबकी निगाहें 8वें वेतन आयोग पर भी टिकी हैं।

DA Hike: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजरें अब जनवरी–जून 2026 के महंगाई भत्ते (DA) बढ़ोतरी पर टिकी हैं। उम्मीद है कि सरकार मार्च के पहले हफ्ते में होली से पहले, इसका ऐलान कर सकती है। जैसा कि हर साल की परंपरा रही है। आमतौर पर जनवरी का DA मार्च में और जुलाई का DA अक्टूबर–नवंबर में दिवाली के आसपास घोषित किया जाता है। इस बार की बढ़ोतरी इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि 7वां वेतन आयोग 31 दिसंबर 2025 को अपना कार्यकाल पूरा कर चुका है और अब सबकी निगाहें 8वें वेतन आयोग पर भी टिकी हैं।
क्या है डिटेल
फिलहाल 31 दिसंबर 2025 तक DA 58% पर पहुंच चुका था, जो जुलाई–दिसंबर 2025 चक्र में 3% बढ़ोतरी के बाद लागू हुआ। अनुमान है कि जनवरी 2026 में 2% की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे DA 60% तक पहुंच जाएगा। अगर ऐसा होता है तो यह पिछले 26 वर्षों में सबसे कम जनवरी बढ़ोतरी में से एक होगी। हालांकि, सबसे कम नहीं। जनवरी 2000 में सिर्फ 1% की बढ़ोतरी हुई थी, जबकि जनवरी 2007, 2018 और 2025 में 2% बढ़ोतरी देखी गई थी। कर्मचारियों के लिए 1-2% भी मायने रखता है क्योंकि इससे मासिक वेतन, एरियर और पेंशन पर सीधा असर पड़ता है।
8वें वेतन आयोग की प्रक्रिया आगे
इस बीच 8वें वेतन आयोग की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है। सरकार ने 3 नवंबर 2025 को इसके टर्म्स ऑफ रेफरेंस जारी किए थे। आयोग की आधिकारिक वेबसाइट लाइव है और MyGov पोर्टल पर विस्तृत प्रश्नावली उपलब्ध है, जिसकी अंतिम तिथि 16 मार्च 2026 तय की गई है। केवल ऑनलाइन सुझाव ही स्वीकार किए जा रहे हैं। सर्वे में फिटमेंट फैक्टर, सालाना इंक्रीमेंट, पेंशन ढांचा और भत्तों में संशोधन जैसे 18 अहम सवाल शामिल हैं। आयोग को 18 महीने में अपनी अंतिम सिफारिशें देनी हैं। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक फिटमेंट फैक्टर 1.83 से 2.46 के बीच हो सकता है, जिससे वेतन में 30–34% तक बढ़ोतरी संभव है। नई वेतन संरचना लागू होते ही DA शून्य कर दिया जाएगा, जैसा हर नए वेतन आयोग में होता आया है।
करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 69 लाख पेंशनर्स इस आयोग की सिफारिशों से लाभान्वित होंगे। कर्मचारी संगठनों की ओर से भी मांगों का मसौदा तैयार किया जा रहा है और 25 फरवरी 2026 को ड्राफ्टिंग कमेटी की बैठक प्रस्तावित है। फिलहाल सबकी नजर मार्च में होने वाली DA घोषणा पर है। भले ही बढ़ोतरी 2% ही क्यों न हो, यह महंगाई से राहत देती रहेगी और बाद में 8वें वेतन आयोग के तहत बेसिक पे में मर्ज हो सकती है। कुल मिलाकर, 2026 का साल कर्मचारियों के लिए बदलाव का साल साबित हो सकता है—जहां 7वें वेतन आयोग का दौर खत्म होकर 8वें वेतन आयोग की नई शुरुआत होगी।

लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें



