1 लाख रुपये के बना दिए 85 लाख रुपये से ज्यादा, कंपनी ने 3 बार बांटे हैं बोनस शेयर
मुख्य बातें
- क्यूपिड लिमिटेड ने 3 साल में ही 1 लाख रुपये के निवेश को 85 लाख रुपये से ज्यादा बना दिया है
- कंपनी के शेयर पिछले एक साल में 759 पर्सेंट उछले हैं
- मल्टीबैगर कंपनी ने अपने शेयरधारकों को 3 बार बोनस शेयर भी बांटे हैं

Multibagger Stock: पुरुषों और महिलाओं के लिए कंडोम बनाने वाली कंपनी क्यूपिड लिमिटेड ने अपने शेयरधारकों को 3 साल में ही मालामाल कर दिया है। कंपनी ने निवेशकों को छप्परफाड़ रिटर्न दिया है। क्यूपिड लिमिटेड के शेयरों ने 3 साल में 1 लाख रुपये के निवेश को 85 लाख रुपये से ज्यादा बना दिया है। कंपनी ने शेयरधारकों को दनादन 3 बार बोनस शेयर भी बांटे हैं। इस मल्टीबैगर कंपनी की बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के ग्रुप ए में एंट्री हो रही है।
1 लाख रुपये के बना दिए 85 लाख रुपये से ज्यादा
क्यूपिड लिमिटेड (Cupid Limited) के शेयर 14 जुलाई 2023 को 2.53 रुपये पर थे। कंपनी के शेयर 14 जुलाई 2026 को NSE में 216.77 रुपये पर बंद हुए हैं। अगर किसी व्यक्ति ने 3 साल पहले क्यूपिड लिमिटेड के शेयरों में 1 लाख रुपये लगाए होते और अपने निवेश को अब तक बनाए रखा होता तो एक लाख रुपये से खरीदे गए शेयरों की मौजूदा वैल्यू 85.67 लाख रुपये होती। क्यूपिड लिमिटेड के शेयर पिछले 3 साल में 8493 पर्सेंट उछले हैं। हमने अपने कैलकुलेशन में कंपनी की तरफ से दिए गए बोनस शेयरों को शामिल नहीं किया है।
एक साल में 759% चढ़ गए हैं कंपनी के शेयर
कंडोम बनाने वाली कंपनी क्यूपिड लिमिटेड के शेयर पिछले एक साल में 759 पर्सेंट उछल गए हैं। कंपनी के शेयर इस अवधि में 25.28 रुपये से बढ़कर 216.77 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले 6 महीने में कंपनी के शेयरों में 133 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। वहीं, इस साल अब तक क्यूपिड लिमिटेड के शेयर 107 पर्सेंट उछल गए हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 226 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 23.80 रुपये है।
दनादन 3 बार बोनस शेयर बांट चुकी है कंपनी
क्यूपिड लिमिटेड (Cupid Limited) अपने निवेशकों को 3 बार बोनस शेयर दे चुकी है। कंपनी ने अक्टूबर 2018 में 1:5 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 5 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा। कंडोम बनाने वाली इस कंपनी ने अप्रैल 2024 में 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर बांटा। क्यूपिड लिमिटेड ने अपना पिछला बोनस शेयर मार्च 2026 में 4:1 के रेशियो में दिया है। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 4 बोनस शेयर दिए हैं। क्यूपिड लिमिटेड अपने शेयर का भी बंटवारा कर चुकी है। कंपनी ने अप्रैल 2024 में अपने शेयर को 10 टुकड़ों में बांटा है। कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटा है।
लेखक के बारे में
Vishnu Soniविष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ
हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी
दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल
प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी
विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है।
वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर
चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद
विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग,
ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते
हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।


