इस सरकारी कंपनी का धमाका! Q1 रिजल्ट के साथ ₹5.50 डिविडेंड, क्या आपके पास हैं शेयर?
मुख्य बातें
- सरकारी कंपनी कोल इंडिया (Coal India) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में ₹8,852 करोड़ का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है, जो सालाना आधार पर मामूली बढ़ोतरी है
- कंपनी ने इसके साथ ही ₹5.50 प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड देने की घोषणा की है
- 31 जुलाई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है

देश की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक सरकारी कंपनी कोल इंडिया (Coal India) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1 FY27) के नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी का मुनाफा पिछले साल की तुलना में मामूली बढ़ा है, लेकिन इसके साथ ही शेयरधारकों के लिए अच्छी खबर भी आई है। कंपनी ने ₹5.50 प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है। ऐसे में जिन निवेशकों के पास रिकॉर्ड डेट तक कंपनी के शेयर होंगे, उन्हें इस डिविडेंड का लाभ मिलेगा। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
कंपनी के मुताबिक, अप्रैल से जून 2026 की तिमाही में उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट ₹8,852 करोड़ रहा। यह पिछले साल की समान अवधि के ₹8,797 करोड़ के मुकाबले 1% से भी कम की बढ़ोतरी है। हालांकि, पिछली तिमाही (Q4 FY26) के मुकाबले कंपनी का मुनाफा करीब 18% घटा, क्योंकि उस दौरान कंपनी ने ₹10,839 करोड़ का लाभ कमाया था।
अगर कंपनी की कमाई की बात करें तो ऑपरेशंस से रेवेन्यू 8% बढ़कर ₹46,255 करोड़ पहुंच गया, जो पिछले साल की पहली तिमाही में ₹42,919 करोड़ था। हालांकि, यह पिछली तिमाही के ₹46,490 करोड़ से थोड़ा कम रहा। वहीं, कंपनी की कुल आय (Total Income) बढ़कर ₹48,295 करोड़ हो गई, जबकि कुल खर्च (Total Expenses) भी लगभग 12% बढ़कर ₹36,816 करोड़ पहुंच गया।
सेगमेंट के लिहाज से देखें तो कंपनी के मुख्य कोयला कारोबार से आय 8% बढ़कर ₹46,249 करोड़ रही। वहीं, सोलर एनर्जी बिजनेस से कंपनी ने ₹5.68 करोड़ का रेवेन्यू हासिल किया। कंपनी का EPS (प्रति शेयर कमाई) बढ़कर ₹14.36 रहा, जो पिछले साल ₹14.27 था।
नतीजों के साथ कंपनी ने निवेशकों को ₹5.50 प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड देने की घोषणा भी की है। इसके लिए 31 जुलाई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है, यानी इस तारीख तक जिन निवेशकों के डीमैट खाते में कोल इंडिया (Coal India) के शेयर होंगे, वही डिविडेंड पाने के पात्र होंगे। कंपनी ने कहा है कि 25 अगस्त 2026 तक यह अमाउंट योग्य शेयरधारकों के खाते में भेज दी जाएगी।
कोल इंडिया (Coal India) का डिविडेंड ट्रैक रिकॉर्ड भी काफी मजबूत रहा है। फरवरी 2011 से अब तक कंपनी 33 बार डिविडेंड दे चुकी है। मौजूदा शेयर कीमत के आधार पर कंपनी का डिविडेंड यील्ड लगभग 6.18% है, जो इसे डिविडेंड पसंद करने वाले निवेशकों के लिए आकर्षक बनाता है।
शेयर बाजार में सोमवार को कंपनी के नतीजे बाजार बंद होने के बाद आए। इससे पहले कोल इंडिया (Coal India) का शेयर ₹427 पर लगभग स्थिर बंद हुआ। शेयर पिछले एक सप्ताह में करीब 1% और एक महीने में 2% गिरा है। हालांकि, साल 2026 में अब तक इसमें लगभग 7% की बढ़त दर्ज की गई है। वहीं, लंबी अवधि में देखें तो पिछले 1 साल में 12%, 3 साल में 86% और 5 साल में करीब 200% का शानदार रिटर्न दिया है। वर्तमान में कंपनी का मार्केट कैप ₹2.63 लाख करोड़ से अधिक है।


