हर 1 पर 5 शेयर बोनस देगी कंपनी, आपका है दांव?

लाइव हिन्दुस्तान
share

मुख्य बातें

  • कंपनी कुल 9.68 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी करने की योजना बना रही है
  • हर शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये होगी और इनकी कुल कीमत करीब 96.84 करोड़ रुपये होगी
  • ये बोनस शेयर कंपनी के रिजर्व और सिक्योरिटीज प्रीमियम अकाउंट में मौजूद रकम को शेयर कैपिटल में बदलकर जारी किए जाएंगे

Ashok Leyland bonus share
CKK रिटेल मार्ट लिमिटेड ने बोनस शेयर देने का ऐलान किया है।

Bonus Share: मुंबई की एग्रो-कमोडिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी CKK रिटेल मार्ट लिमिटेड ने अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर देने का ऐलान किया है। कंपनी के बोर्ड ने 12 अक्टूबर 2026 को हर 1 शेयर पर 5 बोनस शेयर जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। हालांकि, इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी लेना जरूरी है। इस प्रस्ताव पर 9 नवंबर 2026 को होने वाली एक्स्ट्राऑर्डिनरी जनरल मीटिंग (EGM) में वोटिंग होगी। कंपनी के मुताबिक, बोनस शेयर जारी करने की रिकॉर्ड डेट बाद में तय की जाएगी और इन्हें 11 दिसंबर 2026 तक शेयरधारकों के डीमैट अकाउंट में जमा करने की उम्मीद है।

1 शेयर पर मिलेंगे 5 बोनस शेयर

कंपनी कुल 9.68 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी करने की योजना बना रही है। हर शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये होगी और इनकी कुल कीमत करीब 96.84 करोड़ रुपये होगी। ये बोनस शेयर कंपनी के रिजर्व और सिक्योरिटीज प्रीमियम अकाउंट में मौजूद रकम को शेयर कैपिटल में बदलकर जारी किए जाएंगे। फिलहाल कंपनी की पेड-अप शेयर कैपिटल करीब 19.37 करोड़ रुपये है, जो बोनस शेयर जारी होने के बाद बढ़कर 116.21 करोड़ रुपये हो जाएगी। वहीं, कुल शेयरों की संख्या करीब 1.94 करोड़ से बढ़कर 11.62 करोड़ हो जाएगी। इस बदलाव के लिए कंपनी ने अपनी ऑथराइज्ड शेयर पूंजी को 20 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 117 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव भी रखा है।

कंपनी के मुनाफे में बड़ी गिरावट

बोनस शेयर का ऐलान ऐसे समय हुआ है, जब कंपनी के वित्तीय नतीजों में कमजोरी देखने को मिली है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की कमाई 10.2% गिरकर 270.19 करोड़ रुपये रह गई। वहीं, पूरे साल का नेट मुनाफा 32% घटकर 10.53 करोड़ रुपये पर आ गया।दूसरी छमाही यानी अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के दौरान कंपनी की कमाई सालाना आधार पर 21.73% गिरकर 110.76 करोड़ रुपये रही। इस दौरान कुल मुनाफा 91.79% घटकर सिर्फ 86 लाख रुपये रह गया, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह 10.52 करोड़ रुपये था। प्रति शेयर कमाई (EPS) भी घटकर 0.62 रुपये रह गई, जो पिछले साल की समान अवधि में 14.06 रुपये थी।

कंपनी के पास कितना पैसा और कितना कर्ज

कमाई में गिरावट के बावजूद कंपनी की बैलेंस शीट में कुछ मजबूत पहलू भी हैं। मार्च 2026 के आखिर में कंपनी के पास करीब 52.15 करोड़ रुपये नकद और उसके बराबर की रकम थी। वहीं, उसका कर्ज सिर्फ 60 लाख रुपये था। हालांकि, कंपनी का ऑपरेटिंग कैश फ्लो 21.66 करोड़ रुपये निगेटिव रहा। इसके अलावा, ग्राहकों से मिलने वाली रकम यानी ट्रेड रिसीवेबल्स बढ़कर 33.42 करोड़ रुपये हो गई।

पैकेज्ड फूड की बढ़ती मांग से उम्मीद

भारत में चावल, चीनी और दाल जैसी चीजों की पैकेज्ड यानी ब्रांडेड बिक्री बढ़ रही है। ऑनलाइन शॉपिंग, क्विक कॉमर्स, आधुनिक रिटेल स्टोर और लोगों की बदलती खरीदारी की आदतों से इस कारोबार को मदद मिल रही है। इससे CKK रिटेल मार्ट जैसी कंपनियों के लिए कारोबार बढ़ाने के मौके बन सकते हैं। हालांकि, इस सेक्टर में कई जोखिम भी हैं। मानसून, फसल की पैदावार, सरकारी नीतियों, निर्यात पर रोक और चीनी जैसी कमोडिटी की कीमतों में बदलाव से कंपनियों के मुनाफे पर असर पड़ सकता है। ऐसे में CKK रिटेल मार्ट के लिए बोनस शेयर जारी करना एक कदम जरूर है, लेकिन कारोबार की असली चुनौती कमाई और मुनाफे को दोबारा बढ़ाना होगी।

Varsha Pathak

लेखक के बारे में

Varsha Pathak

वर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़हर 1 पर 5 शेयर बोनस देगी कंपनी, आपका है दांव?