ITC समेत इन सिगरेट कंपनियों पर डबल मार! टैक्स और गिरती डिमांड से लुढ़के शेयर, क्या करें निवेशक?
सरकार द्वारा सिगरेट पर टैक्स बढ़ाने के बाद ITC, गॉडफ्रे फिलिप्स और इंडस्ट्रीज जैसे शेयरों में गिरावट देखने को मिली है। कीमतें बढ़ने से डिमांड घट गई है, जिससे कंपनियों की बिक्री और मुनाफे पर दबाव बन रहा है। आइए इसको जरा विस्तार से समझते हैं।

सरकार द्वारा सिगरेट पर टैक्स बढ़ाने के बाद अब इसका सीधा असर कंपनियों की बिक्री और शेयरों पर दिखने लगा है। देश की बड़ी कंपनी ITC लिमिटेड (ITC Ltd) और गॉडफ्रे फिलिप इंडिया (Godfrey Phillips India) जैसी कंपनियों ने कीमतें बढ़ाकर टैक्स का बोझ कम करने की कोशिश की, लेकिन इसका उल्टा असर डिमांड पर पड़ता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मार्च में सिगरेट की बिक्री करीब 5% तक गिर गई और अप्रैल में यह गिरावट और बढ़ने के संकेत हैं। कीमतों में ₹22 से ₹55 तक प्रति पैक की बढ़ोतरी ने ग्राहकों की खरीदारी को ज्यादा प्रभावित किया है, जिससे वॉल्यूम में गिरावट देखने को मिल रही है।
शेयर बाजार पर बड़ा असर
शेयर बाजार में भी इसका असर साफ दिख रहा है। साल की शुरुआत से अब तक सिगरेट कंपनियों के शेयर 10-17% तक गिर चुके हैं, जिसमें ITC Ltd करीब 17% टूटकर ₹300 के आसपास आ गया है, जबकि गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया (Godfrey Phillips India) और VST इंडस्ट्रीज (VST Industries) में भी गिरावट दर्ज की गई है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले समय में कंपनियों के मुनाफे पर 15-20% तक दबाव आ सकता है, क्योंकि बढ़ी हुई लागत को पूरी तरह ग्राहकों पर डाल पाना आसान नहीं है।
कंपनियों का शेयर परफॉर्मेंस
ITC के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई है। 13 अप्रैल 2026 के शेयर परफॉर्मेंस की बात करें तो ये स्टॉक 1.84% गिरकर ₹298.65 पर बंद हुआ। हाल के दिनों में टैक्स बढ़ोतरी और सिगरेट बिक्री में गिरावट की खबरों का असर शेयर पर साफ दिख रहा है। वहीं, गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया (Godfrey Phillips India) के शेयरों में दबाव देखने को मिला और स्टॉक 2.48% गिरकर ₹2,049.50 पर आ गया। इसके अलावा VST इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयरों में हल्की गिरावट दर्ज की गई और स्टॉक 0.73% टूटकर ₹227.00 पर आ गया।
ITC और अन्य कंपनियों के लिए कॉल?
हालांकि, सभी कंपनियों पर असर एक जैसा नहीं है। जी हां, हम ITC लिमिटेड (ITC Ltd) की बात कर रहे हैं, क्योंकि इसको FMCG, एग्रीबिजनेस और पेपरबोर्ड जैसे दूसरे बिजनेस से सहारा मिलता है, जिससे इस कंपनी को बड़ा झटका लगने का खतरा कम है। लेकिन, गॉडफ्रे फिलिप इंडिया (Godfrey Phillips India) जैसी कंपनियां ज्यादा संकट में हैं, क्योंकि उनका अधिकांश बिजनेस सिर्फ तंबाकू पर निर्भर है। यही वजह है कि एनालिस्ट्स ITC पर तुरंत ‘सेल’ का कॉल देने से बच रहे हैं, जबकि प्योर टोबैको (Pure Tobacco) कंपनियों में जोखिम ज्यादा माना जा रहा है।
निवेशकों के लिए एक्सपर्ट राय क्या है?
अब सवाल यह है कि क्या निवेशकों को इन शेयरों से निकल जाना चाहिए? मिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सपर्ट्स का कहना है कि केवल एक-दो तिमाही के कमजोर आंकड़ों के आधार पर घबराकर फैसला लेना सही नहीं होगा। सिगरेट इंडस्ट्री पहले भी कई बार टैक्स बढ़ोतरी का सामना कर चुकी है और लंबी अवधि में टिके रहने की क्षमता रखती है। ऐसे में लॉन्ग-टर्म निवेशकों को जल्दबाजी में सेल बटन दबाने से बचना चाहिए, लेकिन शॉर्ट-टर्म में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


