
1 दिसंबर से बदल रहे हैं ये नियम, आपकी जेब पर होगा सीधा असर, आज ही फटाफट जान लें
1 दिसंबर से गैस सिलेंडर के दामों से लेकर EMI, बैंकिंग बदलाव, वीजा अपडेट्स और पेंशन से जुड़ी महत्वपूर्ण समयसीमाएं प्रभावी होंगी। आइए विस्तार से समझते हैं कि आने वाले महीने में क्या कुछ बदलने जा रहा है।
Changes from December 1: दिसंबर 2025 शुरू होने वाला है और नए महीने के साथ कई बड़े बदलाव लागू होंगे, जिनका सीधा प्रभाव आपकी जेब और मासिक खर्च पर पड़ेगा। 1 दिसंबर से गैस सिलेंडर के दामों से लेकर EMI, बैंकिंग बदलाव, वीजा अपडेट्स और पेंशन से जुड़ी महत्वपूर्ण समयसीमाएं प्रभावी होंगी। आइए विस्तार से समझते हैं कि आने वाले महीने में क्या कुछ बदलने जा रहा है।
LPG और ATF के दाम
तेल विपणन कंपनियां (OMCs) हर महीने की 1 तारीख को LPG (घर व व्यावसायिक सिलेंडर) और ATF (एयर टरबाइन फ्यूल) की कीमतों में संशोधन करती हैं। ये संशोधन अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की औसत कीमत और विदेशी मुद्रा विनिमय दर के आधार पर किए जाते हैं। अगर 1 दिसंबर को LPG की कीमतों में वृद्धि होती है, तो घर में इस्तेमाल होने वाला 14.2 किलो सिलेंडर और 19 किलो कमर्शियल सिलेंडर दोनों महंगे हो सकते हैं। इसी तरह ATF कीमतों में बदलाव से एयर टिकट की कीमतें भी उतार-चढ़ाव देख सकती हैं। बता दें कि LPG और ATF की कीमतें प्रत्येक राज्य में अलग होती हैं, क्योंकि प्रत्येक राज्य अलग-अलग VAT और स्थानीय कर लगाता है।
क्या सस्ता होगा लोन?
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 3 से 5 दिसंबर 2025 को निर्धारित है। गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में यह बैठक संभावित रेपो रेट कटौती पर निर्णय ले सकती है। रेपो रेट वह दर है जिस पर RBI बैंकों को अल्पकालिक ऋण देता है, और यही बैंकों के ऋण दरों का प्रमुख आधार होता है। अगर रेपो रेट में कटौती होती है, तो आपके होम लोन, पर्सनल लोन और कार लोन की ब्याज दरें कम हो सकती हैं। बाजार विशेषज्ञों का अनुमान है कि RBI संभवतः 25 बेसिस पॉइंट की कटौती कर रेपो रेट को 5.5% से घटाकर 5.25% कर सकता है। पहले आधे वर्ष में पहले ही 100 बेसिस पॉइंट की कटौती की जा चुकी है।
दिसंबर अंत तक समझौते की उम्मीद
कॉमर्स सेक्रेटरी राजेश अग्रवाल ने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच रेसिप्रोकल टैरिफ फ्रेमवर्क एग्रीमेंट को दिसंबर 2025 के अंत तक अंतिम रूप दिया जा सकता है। यह कदम दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे व्यापारिक मतभेदों को कम करेगा। अग्रवाल ने कहा, “हम इस साल के अंत तक समाधान को लेकर बेहद आशान्वित हैं। पिछले कुछ महीनों में US टीमों के साथ गहराई से चर्चा की गई है और अधिकांश मुद्दों को सुलझा लिया गया है।”
पेंशनर्स के लिए दो महत्वपूर्ण डेडलाइन
पेंशनरों को इस महीने दो बड़े काम पूरे करने आवश्यक हैं:
1. NPS से UPS में शिफ्ट होने की अंतिम तारीख — 30 नवंबर
जिन सरकारी कर्मचारियों को यूनिफाइड पेंशन योजना में स्विच करना है, उनके लिए यह आखिरी मौका है।
2. वार्षिक लाइफ सर्टिफिकेट (Jeevan Pramaan Patra) जमा करने की अंतिम तिथि — 30 नवंबर
पेंशन चालू रखने के लिए यह प्रमाणपत्र डिजिटल या फिजिकल माध्यम से बैंक या पोस्ट ऑफिस में जमा करना जरूरी है।
टैक्सपेयर्स के लिए चेतावनी
आयकर विभाग के अनुसार, 30 नवंबर उन करदाताओं के लिए भी महत्वपूर्ण है जिन्होंने अक्टूबर महीने में किसी भी उच्च-मूल्य लेनदेन पर TDS काटा है। इन्हें निम्नलिखित सेक्शनों के तहत TDS विवरण जमा करना होगा:
• 194-IA
• 194-IB
• 194M
• 194S
समयसीमा चूकने पर दंड या आयकर विभाग से नोटिस जारी हो सकता है।





