
केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, सरकार ने शुरू की नई सुविधा
इस अकाउंट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह जीरो बैलेंस सैलरी अकाउंट होगा और इसमें लोन पर कम ब्याज दर, दुर्घटना बीमा और एयरपोर्ट लाउंज जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं। सरकार का मकसद है कि केंद्रीय कर्मचारियों को अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग अकाउंट या पॉलिसी न लेनी पड़े।
Central Govt Employees: केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए वित्त मंत्रालय के अधीन आने वाले डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज (DFS) ने एक बड़ी सुविधा की शुरुआत की है। सरकार ने समग्र वेतन खाता पैकेज लॉन्च किया है, जिसमें एक ही सैलरी अकाउंट के जरिए बैंकिंग, बीमा और कार्ड से जुड़े कई फायदे मिलेंगे। इस अकाउंट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह जीरो बैलेंस सैलरी अकाउंट होगा और इसमें लोन पर कम ब्याज दर, दुर्घटना बीमा और एयरपोर्ट लाउंज जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं। सरकार का मकसद है कि केंद्रीय कर्मचारियों को अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग अकाउंट या पॉलिसी न लेनी पड़े।
क्या है सुविधा
इस कंपोजिट सैलरी अकाउंट को केंद्र सरकार के ग्रुप A, B और C के सभी कर्मचारी खोल सकते हैं। मंत्रालय ने सभी केंद्रीय कर्मचारियों से अपील की है कि वे अपने मौजूदा सैलरी अकाउंट को अपने-अपने पब्लिक सेक्टर बैंकों में अपग्रेड या माइग्रेट करवा लें, ताकि इन सुविधाओं का लाभ मिल सके। हालांकि, इस स्कीम में ग्रुप D कर्मचारियों को शामिल नहीं किया गया है और अभी यह साफ नहीं है कि केंद्रीय सरकार के स्वायत्त संस्थानों (autonomous bodies) के कर्मचारी इसके दायरे में आएंगे या नहीं।
बैंकिंग सुविधाओं की बात करें तो यह अकाउंट पूरी तरह जीरो बैलेंस होगा। RTGS, NEFT और UPI जैसे डिजिटल ट्रांजैक्शन बिल्कुल फ्री होंगे। इसके अलावा चेक बुक की सुविधा, लॉकर किराया माफ और होम लोन, एजुकेशन लोन, व्हीकल लोन व पर्सनल लोन पर कम ब्याज दर और कम प्रोसेसिंग फीस मिलेगी। परिवार के सदस्यों के लिए भी बैंकिंग बेनिफिट्स दिए जाएंगे। हालांकि, ये सुविधाएं बैंक और कर्मचारी के पद (कैडर) के हिसाब से थोड़ी अलग हो सकती हैं, इसलिए अकाउंट खोलने से पहले बैंक से जानकारी लेना जरूरी है।
बीमा और कार्ड बेनिफिट्स
बीमा और कार्ड बेनिफिट्स इस अकाउंट को और खास बनाते हैं। इसमें पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस 1.5 करोड़ रुपये तक और एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस 2 करोड़ रुपये तक मिलेगा। साथ ही 20 लाख रुपये तक का इन-बिल्ट टर्म लाइफ इंश्योरेंस भी शामिल है, जिसे जरूरत के अनुसार बढ़ाया जा सकता है। हेल्थ इंश्योरेंस में कर्मचारी और उसके परिवार को कवर मिलेगा। डेबिट और क्रेडिट कार्ड पर एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, रिवॉर्ड पॉइंट्स और कैशबैक जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी, जो बैंक और कैडर के अनुसार तय होंगी।

लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें



