अनिल अंबानी की कंपनी के खिलाफ पहली चार्जशीट दायर, CBI का बड़ा एक्शन

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • सीबीआई ने शुक्रवार को 16 आरोपी संस्थाओं और व्यक्तियों के खिलाफ पहली चार्जशीट दायर की
  • इनमें रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड और उसके पांच सीनियर अधिकारी शामिल हैं
  • सीबीआई ने यह मामला एसबीआई की शिकायत के आधार पर दर्ज किया था
अनिल अंबानी की कंपनी के खिलाफ पहली चार्जशीट दायर, CBI का बड़ा एक्शन

अनिल अंबानी के रिलायंस समूह से जुड़े मामलों में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शुक्रवार को 16 आरोपी संस्थाओं और व्यक्तियों के खिलाफ पहली चार्जशीट दायर की। इनमें रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड और उसके पांच सीनियर अधिकारी के अलावा भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र और पहले के सिंडिकेट बैंक के 10 बैंक अधिकारी शामिल हैं। आरोपियों पर आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, फंड के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आपराधिक कदाचार के आरोप लगाए गए हैं। सीबीआई की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक जांच जारी है और मामले में आगे भी सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की जा सकती हैं।

क्या है मामला?

सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि यह चार्जशीट रिलायंस कम्युनिकेशंस को दिए गए करीब 1,200 करोड़ रुपये के लोन के कथित दुरुपयोग से जुड़ी जांच पर आधारित है। इसमें एसबीआई द्वारा मंजूर किए गए 500 करोड़ रुपये के टर्म लोन, बैंक ऑफ महाराष्ट्र की 350 करोड़ रुपये की लेटर ऑफ क्रेडिट सुविधा और सिंडिकेट बैंक की 350 करोड़ रुपये की एलओसी सुविधा शामिल है। जांच एजेंसी का कहना है कि इन पैसों के उपयोग में गंभीर अनियमितताओं के संकेत मिले हैं।

एसबीआई की शिकायत

सीबीआई ने यह मामला एसबीआई की शिकायत के आधार पर दर्ज किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रिलायंस कम्युनिकेशंस की वजह से बैंक को लगभग 2,929.05 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। जांच एजेंसी के मुताबिक रिलायंस कम्युनिकेशंस को 11 बैंकों के कंसोर्टियम ने लोन दिया था। इसका नेतृत्व एसबीआई कर रहा था। सीबीआई ने रिलायंस समूह की अन्य कंपनियों से जुड़े मामलों में भी कुल छह एफआईआर दर्ज की हैं।

सीबीआई ने की थी छापेमारी

हाल ही में सीबीआई ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के खिलाफ धोखाधड़ी के मामले में सात परिसरों में तलाशी अभियान चलाया। बीते 14 मई को सीबीआई के एक प्रवक्ता ने कहा कि मुंबई, गुरुग्राम और बेंगलुरु में कंपनी के तत्कालीन सीईओ, सीएफओ और निदेशकों के आवासीय परिसरों पर तलाशी ली गई जिन्होंने 2015-2017 की अवधि के दौरान अपनी सेवाएं दीं। सीबीआई ने इससे पहले 31 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया था और रिलायंस कम्युनिकेशंस के दो वरिष्ठ अधिकारियों को गिरफ्तार किया था।

बीते अप्रैल में ही ईडी ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड और उसके प्रमोटर अनिल अंबानी से जुड़ी बैंक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग जांच मामले में 3,034.90 करोड़ रुपये की संपत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क किया था। कुर्क की गयी संपत्तियों में दक्षिण मुंबई के फ्लैट, खंडाला में एक फार्महाउस, अहमदाबाद के साणंद में भूखंड और प्रमोटर ग्रुप की कंपनी 'राइजी इनफिनिटी प्राइवेट लिमिटेड' के पास मौजूद रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के 7.71 करोड़ शेयर शामिल हैं।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,