वित्त मंत्रालय का एड्रेस बदला… अब कहां होगी बजट दस्तावेजों की छपाई?

Jan 15, 2026 09:25 pm ISTDeepak Kumar लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

Budget 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को लोकसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगी। यह उनका लगातार नौवां बजट होगा। आपको बता दें कि वित्त मंत्री ने 2021 में बजट को पहली बार कागज-रहित किया था।

वित्त मंत्रालय का एड्रेस बदला… अब कहां होगी बजट दस्तावेजों की छपाई?

Budget 2026: वित्त मंत्रालय का मुख्यालय नई सचिवालय इमारत 'कर्तव्य भवन' में स्थानांतरित हो जाने के बावजूद बजट संबंधी बेहद गोपनीय दस्तावेजों की छपाई का काम पुराने मुख्यालय नॉर्थ ब्लॉक में स्थित सरकारी प्रेस में ही होगा। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि बजट और उससे जुड़े दस्तावेजों की छपाई नॉर्थ ब्लॉक में स्थित सरकारी प्रेस में ही होगी। इसकी वजह यह है कि कर्तव्य भवन में अभी तक प्रिंटिंग प्रेस मौजूद नहीं है। बता दें कि वित्त मंत्री और उनकी अधिकांश टीम सितंबर, 2025 में ही नॉर्थ ब्लॉक से निकलकर नवनिर्मित कर्तव्य भवन में स्थानांतरित हो गई थी।

पहले कहां होती थी छपाई?

पहले बजट की छपाई का काम राष्ट्रपति भवन में होता था, जिसे 1950 में मिंटो रोड स्थित प्रेस में स्थानांतरित किया गया था। वर्ष 1980 से यह काम नॉर्थ ब्लॉक की प्रेस में होता रहा है। बजट दस्तावेजों की कई सौ प्रतियां छापने की प्रक्रिया इतनी संवेदनशील और जटिल होती है कि इसकी छपाई से जुड़े कर्मचारियों एवं अधिकारियों को प्रेस के भीतर ही दो सप्ताह तक रखा जाता है। इस दौरान इस कार्य में शामिल अधिकारियों की पहुंच सख्त तौर पर प्रतिबंधित रहती है। बजट छपाई शुरू होने के साथ ही पारंपरिक 'हलवा' समारोह आयोजित किया जाएगा, जो छपाई प्रक्रिया की शुरुआत का प्रतीक होता है। यह समारोह अगले सप्ताह होने की संभावना है।

नौवीं बार बजट पेश करेंगी वित्त मंत्री

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को लोकसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगी। यह उनका लगातार नौवां बजट होगा। वित्त मंत्री ने 2021 में बजट को पहली बार कागज-रहित किया था। उस साल उन्होंने बजट टैबलेट पर पढ़ा और सभी दस्तावेज सांसदों को इलेक्ट्रॉनिक रूप से वितरित किए गए थे। इसके साथ ही 'यूनियन बजट मोबाइल ऐप' भी पेश किया गया था ताकि आम जनता और सांसदों को बजट दस्तावेजों तक आसान डिजिटल पहुंच मिल सके। इस मोबाइल ऐप में कुल 14 बजट दस्तावेज शामिल हैं, जिनमें वार्षिक वित्तीय विवरण, अनुदान मांग, वित्त विधेयक और अन्य संबंधित दस्तावेज हैं। यह स्वतंत्र भारत के इतिहास का पहला मौका था जब केंद्रीय बजट की प्रतियां बड़े पैमाने पर प्रकाशित नहीं की गई थीं। आजादी के बाद पहला बजट 26 नवंबर, 1947 को पेश किया गया था।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar
हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;