वेदांता का महा-डिमर्जर: इस कीमत पर लिस्ट होंगी 4 नई कंपनियां? जानिए टैक्स का नया नियम

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • वेदांता (Vedanta) ने अपने बड़े डिमर्जर की प्रक्रिया पूरी कर ली है
  • भले ही कंपनियों की सटीक लिस्टिंग तारीख और कीमत अभी तय नहीं हुई है, लेकिन ब्रोकरेज फर्म नुवामा (Nuvama) ने इन कंपनियों के संभावित लिस्टिंग टारगेट प्राइज जारी कर दिए हैं
वेदांता का महा-डिमर्जर: इस कीमत पर लिस्ट होंगी 4 नई कंपनियां? जानिए टैक्स का नया नियम

माइनिंग और मेटल कंपनी वेदांता (Vedanta) का बहुप्रतीक्षित डिमर्जर आखिरकार पूरा हो गया है। इस ऐतिहासिक बदलाव के बाद अब वेदांता के निवेशकों को इसकी चार नई कंपनियों के शेयर बाजार में लिस्ट होने का बेसब्री से इंतजार है। हाल ही में वेदांता ने एक जरूरी एक्सचेंज फाइलिंग में अपनी इन सभी नई कंपनियों के लिए 'कॉस्ट ऑफ एक्विजिशन' (Cost of Acquisition) यानी शेयर खरीदने की लागत का अनुपात जारी किया है। यह अनुपात इसलिए भी समझना जरूरी है कि निवेशकों को कम से कम यह पता चल सके कि पुराने निवेश का मूल्य अब किस तरह अलग-अलग कंपनियों में बंट गया है और भविष्य में शेयर बेचने पर टैक्स का हिसाब कैसे लगेगा?

कैसे बंटा आपका पैसा?

कंपनी के आधिकारिक बयान के अनुसार, अगर आपने डिमर्जर से पहले वेदांता में पैसा लगाया था, तो आपकी कुल निवेश लागत का 52.34% हिस्सा मुख्य वेदांता कंपनी (जिसके पास जिंक और कॉपर का बिजनेस रहेगा) के पास ही रहेगा, बाकी का 47.66% हिस्सा नीचे दी गई चार नई कंपनियों में उनके महत्व के हिसाब से बांट दिया गया है।

माल्को एनर्जी (Malco Energy) का नया नाम वेदांता ऑयल एंड गैस होगा। वेदांता के बाद सबसे बड़ा हिस्सा इसी का है, जो कुल लागत का 21.49% है। इसके बाद तलवंडी साबो पावर (Talwandi Sabo Power) का नया नाम वेदांता पावर होगा, जिसका हिस्सा कुल लागत का 12.23% तय किया गया है। वेदांता एल्युमिनियम मेटल (VAML) कंपनी के हिस्से में कुल लागत का 7.15% आया है। वहीं, चौथी वेदांता आयरन एंड स्टील का सबसे छोटा हिस्सा है, जो कुल लागत का 6.79% है।

एक उदाहरण से समझिए पूरा गणित

मान लीजिए एक निवेशक ने डिमर्जर से पहले वेदांता के शेयरों में ₹10,000 निवेश किए थे और डिमर्जर के बाद शेयर बाजार के नियमों के मुताबिक वेदांता के मुख्य शेयर की कीमत अचानक घट गई। अब राम का यह ₹10,000 का निवेश नई कंपनियों के 'कॉस्ट ऑफ एक्विजिशन' के हिसाब से कुछ इस तरह दिखेगा।

  • वेदांता (मुख्य शेयर):- 5,234
  • माल्को एनर्जी (ऑयल एंड गैस):- 2,149
  • तलवंडी साबो पावर (पावर):- 1,223
  • वेदांता एल्युमिनियम मेटल:- 715
  • वेदांता आयरन एंड स्टील:- 679

कुल योग:- ₹10,000 यानी निवेशक का कुल निवेश अभी भी ₹10,000 ही है, बस वह 5 भागों में बंट गया है।

निवेशकों को इस अनुपात की जरूरत भविष्य में इन शेयरों को बेचकर अपना मुनाफा (Capital Gains) कैलकुलेट करने और उस पर लगने वाले इनकम टैक्स का हिसाब लगाने के लिए पड़ेगी। यह नई कंपनियों की लिस्टिंग प्राइस (बाजार भाव) नहीं है।

ब्रोकरेज फर्म 'नुवामा' का अनुमान

भले ही कंपनियों की सटीक लिस्टिंग तारीख और कीमत अभी तय नहीं हुई है, लेकिन दिग्गज ब्रोकरेज फर्म नुवामा (Nuvama) ने इन कंपनियों के संभावित लिस्टिंग टारगेट प्राइज जारी किए हैं, जो नीचे दिए गए हैं।

  • वेदांता (जिंक और कॉपर):- 336 प्रति शेयर
  • वेदांता एल्युमिनियम:- 477 प्रति शेयर (सबसे महंगा शेयर होने का अनुमान)
  • वेदांता ऑयल एंड गैस (माल्को):- 47 प्रति शेयर
  • वेदांता पावर (तलवंडी साबो):- 47 प्रति शेयर
  • वेदांता स्टील एंड आयरन ओर:- 30 प्रति शेयर

डिमर्जर के बाद वेदांता के शेयरों में जोरदार तेजी

वेदांता ने इस डिमर्जर के लिए 1 मई 2026 को रिकॉर्ड डेट तय किया था। महाराष्ट्र दिवस की छुट्टी के कारण 30 अप्रैल को शेयर की कीमत को डिमर्जर के हिसाब से एडजस्ट किया गया, जिससे ऐसा लगा कि शेयर एक ही दिन में 63% से ज्यादा क्रैश हो गया है। लेकिन, असल में वह क्रैश नहीं था, बल्कि नई कंपनियों की वैल्यू उसमें से घटा दी गई थी। एडजस्टमेंट के बाद 30 अप्रैल को वेदांता का शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर ₹289.50 पर खुला था। इसके बाद से इसमें निवेशकों की भारी खरीदारी देखी गई है और शेयर करीब 14% की शानदार तेजी के साथ सोमवार को ₹329.35 के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया।

शेयर परफॉर्मेंस

VEDL के शेयरों में आज शानदार तेजी देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक ये स्टॉक 2.22% उछलकर 334.25 रुपये पर कारोबार कर रहा था। दिनभर की ट्रेडिंग में निवेशकों की खरीदारी मजबूत रही, जिससे शेयर में 7.25 रुपये की बढ़त दर्ज हुई।

शेयरधारकों के लिए अगली राह

जिन भी निवेशकों के पास रिकॉर्ड डेट तक वेदांता के शेयर थे, उन्हें मुख्य वेदांता के हर 1 शेयर के बदले इन चारों नई कंपनियों का 1-1 शेयर बिल्कुल मुफ्त मिलेगा। फिलहाल ये चारों नई कंपनियां लिस्टिंग के इंतजार में हैं, इसलिए निवेशक अभी इन्हें बेच या खरीद नहीं सकते। जैसे ही बीएसई (BSE) और एनएसई (NSE) पर इनकी लिस्टिंग की तारीख आएगी, निवेशकों के डीमैट खाते में ये शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।