
दिग्गज एक्टर जीतेंद्र और तुषार कपूर की कॉमर्शियल डील, ₹559 करोड़ में बेची पॉश इलाके की प्रॉपर्टी
बॉलीवुड अभिनेता जीतेंद्र और उनके बेटे तुषार कपूर ने एक बड़ी डील की है। इसके तहत पिता-पुत्र की जोड़ी ने अपनी पॉश इलाके की कॉमर्शियल संपत्ति को जापान के एनटीटी समूह की एक इकाई को 559 करोड़ रुपये में बेचा है।
बॉलीवुड अभिनेता जीतेंद्र और उनके बेटे तुषार कपूर ने मुंबई के उपनगर में स्थित एक व्यावसायिक संपत्ति को जापान के एनटीटी समूह की एक इकाई को 559 करोड़ रुपये में बेचा है। रियल एस्टेट सलाहकार स्क्वायर यार्ड्स द्वारा मंगलवार को साझा किए गए रजिस्टर्ड दस्तावेजों के अनुसार, एनटीटी ग्लोबल डेटा सेंटर्स ने बालाजी आईटी पार्क में 30,195 वर्ग मीटर से अधिक जगह 559.24 करोड़ रुपये में तुषार इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड से खरीदी है। तुषार इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड का स्वामित्व तुषार कपूर और जीतेंद्र के पास है। जानकारी के मुताबिक यह रजिस्ट्रेशन नौ जनवरी को किया गया था।
क्या-क्या है प्रॉपर्टी में शामिल
दस्तावेजों के अनुसार, इसमें उपनगरीय चांदिवली में स्थित आईटी पार्क में एक डेटा सेंटर वाली ग्राउंड सहित 10 मंजिला इमारत ‘डीसी-10’ और साथ ही उससे सटे हुए चार मंजिला डीजल जनरेटर स्ट्रक्चर की खरीद शामिल है। सरकार के 2024 के प्रस्ताव के अनुसार, इस बिक्री पर कोई स्टांप शुल्क नहीं देना होगा। 5.59 लाख रुपये का मेट्रो उपकर अदा किया जा चुका है। सलाहकार ने बताया कि पिछले साल मई 2025 में एक 855 करोड़ रुपये का सौदा भी पंजीकृत किया गया था।
मेट्रो कॉरिडोर से जुड़ा है इलाका
यह इलाका मुंबई मेट्रो लाइन 1 और आने वाले मेट्रो कॉरिडोर से अच्छी तरह से जुड़ा हुआ है, जिससे शहर के मुख्य हिस्सों तक पहुंच आसान हो जाती है। छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास होने से यह निवासियों और व्यवसायों दोनों के लिए और भी आकर्षक बन जाता है। चांदिवली को पोवाई के IT पार्क, SEEPZ, MIDC, BKC और लोअर परेल जैसे प्रमुख रोजगार केंद्रों के पास होने का बहुत फायदा मिलता है। इसके साथ ही आस-पास के कमर्शियल जोन, कॉर्पोरेट ऑफिस और बिजनेस पार्क किराए के घरों और सपोर्ट सेवाओं के लिए लगातार मांग पैदा करते हैं। दस्तावेजों के अनुसार मजबूत आवासीय मांग, बेहतर सामाजिक इंफ्रास्ट्रक्चर और रणनीतिक कनेक्टिविटी का यह मेल चांदिवली को मुंबई में एक स्थिर और तेजी से आकर्षक रियल एस्टेट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करता है।





