घाटे से मुनाफे में आई कंपनी तो दौड़ पड़ा यह शेयर, आपका है दांव?
मुख्य बातें
- ब्लूस्टोन ज्वेलरी एंड लाइफस्टाइल लिमिटेड ने शानदार तिमाही नतीजे पेश किए हैं
- कंपनी घाटे से मुनाफे में आ गई है
- वहीं, इसके शेयर भी डिमांड में आ गए हैं

BlueStone Jewellery share: शेयर बाजार में लिस्टेड ज्वेलरी कंपनी- ब्लूस्टोन ज्वेलरी एंड लाइफस्टाइल लिमिटेड के शानदार तिमाही नतीजे के बाद इसके शेयर में गजब की तेजी है। सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को भी यह शेयर करीब 15 पर्सेंट उछलकर 872.60 रुपये तक जा पहुंचा। बीएसई पर यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई भी है। बता दें कि मंगलवार को भी इस कंपनी के शेयर डिमांड में थे। सिर्फ दो कारोबारी दिन में शेयर 40 पर्सेंट तक चढ़ गए हैं। इस शेयर के 52 हफ्ते के लो की बात करें तो 400 रुपये है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में ब्लूस्टोन ज्वेलरी एंड लाइफस्टाइल का नेट प्रॉफिट 5.96 करोड़ रुपये रहा। बेंगलुरु की इस आभूषण कंपनी को वित्त वर्ष 2025-26 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में 34.74 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। कहने का मतलब है कि कंपनी सालाना आधार पर घाटे से अब मुनाफे में आ गई है। बीते दिनों कंपनी ने बताया कि अप्रैल-जून तिमाही में उसकी कुल आय 49 प्रतिशत बढ़कर 751.81 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी अवधि में 504.74 करोड़ रुपये थी। वहीं, कुल खर्च बढ़कर 744.82 करोड़ रुपये हो गया जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 538.45 करोड़ रुपये था।
मैनेजमेंट ने क्या कहा?
ब्लूस्टोन ज्वेलरी एंड लाइफस्टाइल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गौरव सिंह कुशवाहा ने कहा, '' यह प्रदर्शन इसलिए विशेष रूप से संतोषजनक है क्योंकि यह सोने पर सीमा शुल्क छह प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किए जाने के बावजूद हासिल हुआ है।'' कुशवाहा ने बताया कि इस दौरान 139 शहरों में कंपनी के स्टोर की संख्या बढ़कर 352 हो गई है। बता दें कि ब्लूस्टोन हीरे, सोने, प्लैटिनम और जड़ाऊ आभूषणों की पेशकश करने वाला एक आभूषण ब्रांड है। इसकी शुरुआत 2011 में की गई थी।
दिग्गज का दांव
बता दें कि हीरो एंटरप्राइज के चेयरमैन सुनील कांत मुंजाल, ब्लूस्टोन के शुरुआती निवेशकों में से एक हैं। शेयरहोल्डिंग पैटर्न के डेटा से पता चलता है कि जून 2026 तिमाही के आखिर में ब्लूस्टोन में उनकी 3.65 प्रतिशत हिस्सेदारी या 5.56 मिलियन इक्विटी शेयर थे। हालांकि, सुनील कांत मुंजाल ने जून तिमाही के दौरान ब्लूस्टोन के 85,000 इक्विटी शेयर बेचे। डेटा से पता चलता है कि मार्च 2026 तिमाही के आखिर में उनके पास कंपनी के 56.5 लाख इक्विटी शेयर या 3.71 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
शेयर पर ब्रोकरेज ने क्या कहा?
तिमाही नतीजे के बाद ब्रोकरेज सिस्टेमैटिक्स ने ब्लूस्टोन ज्वेलरी के शेयर पर 'बाय' रेटिंग बनाए रखी है और इसका टारगेट प्राइस ₹832 तय किया। हालांकि, बुधवार को ही शेयर ने टारगेट प्राइस को पार कर लिया है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि कंपनी हर साल लगभग 75 स्टोर जोड़ेगी और FY29E तक अपने कुल स्टोर नेटवर्क को 571 आउटलेट तक बढ़ाएगी।


