वॉरेन बफेट ने बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन पद से दिया इस्तीफा, 56 साल बाद छोड़ा पद
मुख्य बातें
- दिग्गज निवेशक वॉरेन बफेट ने बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन पद से हटने का फैसला किया है
- 96 साल के बफेट ने शेयरधारकों को लिखे एक पत्र में यह घोषणा की

दुनिया के सबसे रईस निवेशक वॉरेन बफेट ने बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन का पद छोड़ दिया है। 96 साल के बफेट ने शुक्रवार को शेयरहोल्डर्स को लिखे एक लेटर में इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने इस पद को करीब 56 साल पहले साल 1970 में संभाला था। हालांकि, चेयरमैन पद छोड़ने के बाद भी बफेट कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में निदेशक के तौर पर बने रहेंगे।
इस्तीफे पर क्या बोले बफेट?
वॉरेन बफेट ने अपने पत्र में उम्र और समय को लेकर कहा कि “फादर टाइम ऑलवेज विंस” यानी समय के सामने आखिरकार हर किसी को झुकना पड़ता है। हालांकि, समय मेरे प्रति उदार रहा है। इसने मुझे बर्कशायर को उस मुकाम तक पहुंचते हुए देखने का मौका दिया है, जहां मैं भविष्य को लेकर पहले से कहीं ज्यादा आश्वस्त हूं।
किसे मिली कमान?
कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि वॉरेन बफेट के बेटे हॉवर्ड, बर्कशायर हैथवे के नए चेयरमैन बनेंगे। हॉवर्ड बफेट 1993 से बर्कशायर हैथवे के बोर्ड मेंबर रहे हैं। वह कई सार्वजनिक और निजी कंपनियों के बोर्ड में निदेशक रहे हैं, जिनमें एग्रो टेक, आर्चर डेनियल मिडलैंड, कॉनग्रा फूड्स, द कोका-कोला कंपनी, कोका-कोला एंटरप्राइजेज, फर्स्ट टियर फाइनेंस आदि शामिल हैं। वहीं, बर्कशायर हैथवे मे सुसान डेकर लीड इंडिपेंडेंट डायरेक्टर बनी रहेंगी।
पूरे बर्कशायर बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की ओर से चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर ग्रेग एबेल ने कहा, "अमेरिकी बिजनेस के इतिहास में बर्कशायर और उसके मालिकों पर वॉरेन का असर बेजोड़ है। हम हॉवर्ड के शुक्रगुजार हैं कि वे अपनी नई भूमिका में बर्कशायर के प्रति देखभाल, अनुशासन और गहरी समझ लेकर आएंगे और हम लीड इंडिपेंडेंट डायरेक्टर के तौर पर लगातार लीडरशिप और अहम योगदान के लिए सू डेकर के भी आभारी हैं।"
10वें सबसे रईस अरबपति
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की रैंकिंग में वॉरेन बफेट दुनिया के 10वें सबसे रईस अरबपति हैं और उनका नेटवर्थ 145 बिलियन डॉलर है।
1965 में संभाली थी कंपनी की कमान
वॉरेन बफेट ने 1965 में बर्कशायर हैथवे का नियंत्रण संभाला था। उस समय यह न्यू इंग्लैंड की एक संघर्ष कर रही टेक्सटाइल कंपनी थी। बफेट के नेतृत्व में कंपनी ने धीरे-धीरे अपना कारोबार बदलते हुए रेलवे, यूटिलिटीज और इंश्योरेंस जैसे कई क्षेत्रों में विस्तार किया। आज बर्कशायर हैथवे करीब 1.1 ट्रिलियन डॉलर की विशाल कंपनी बन चुकी है। कंपनी का टेक्सटाइल कारोबार 1985 में बंद कर दिया गया था। फिलहाल बर्कशायर हैथवे की कमाई का बड़ा हिस्सा उसके विशाल इंश्योरेंस कारोबार से आता है, जिसमें Geico जैसे प्रमुख ब्रांड शामिल हैं। यह अलग-अलग कंपनियों में निवेश करती है।
कंपनी को हुआ बड़ा मुनाफा
अगस्त के महीने में बर्कशायर ने बताया कि उसने दूसरी तिमाही में अपने भारी-भरकम कैश रिजर्व को कम करना शुरू कर दिया है। कंपनी ने उम्मीद से अधिक मुनाफा दर्ज करते हुए अल्फाबेट जैसे स्टॉक्स में अरबों डॉलर का निवेश किया और अपने ही अरबों डॉलर के शेयर वापस खरीदे। कंपनी का तिमाही ऑपरेटिंग प्रॉफिट 16% बढ़कर 12.98 बिलियन डॉलर हो गया। वहीं, नेट इनकम दोगुनी से भी अधिक होकर 25.67 बिलियन डॉलर हो गई।


