सोने-चांदी में आज गिरावट से भी बड़ी खबर, चीन ने इस साल 103 टन से ज्यादा गोल्ड खरीदा
मुख्य बातें
- Gold Price: सोने के भाव आज 1453 रुपये प्रति 10 ग्राम टूटकर की 150050 रुपये पर आ गए हैं
- लेकिन, चीन गोल्ड अंधाधुंध खरीदारी कर रहा है
- 2026 में अब तक 103 टन से ज्यादा सोना खरीद चुका है और इसका कुल गोल्ड रिजर्व रिकॉर्ड 2,410 टन पर पहुंच गया है

एमसीएक्स पर आज सोने के भाव में 1453 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट है। यह 150050 रुपये पर आ गया है। जबकि, चांदी अब 224700 रुपये प्रति किलो पर है। इसमें आज 1120 रुपये प्रति किलो की गिरावट है। त्योहारों के सीजन में सोने-चांदी के जेवर खरीदने वालों के लिए यह खबर अच्छी है, लेकिन सबसे बड़ी खबर आ रही है चीन से।
चीन बना दुनिया का 5वां सबसे बड़ा गोल्ड रिजर्व रखने वाला देश
चीन ने सोने की खरीद तेज कर दी है। अपना पड़ोसी चीन दुनिया का 5वां सबसे बड़ा गोल्ड रिजर्व रखने वाला देश बन गया है। अमेरिका, जर्मनी, इटली और फ्रांस उससे आगे हैं। अगर चीन की खरीदारी की मौजूदा रफ्तार जारी रहती है, तो वह 2026 के अंत तक इटली और फ्रांस को पीछे छोड़कर दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा गोल्ड रिजर्व रखने वाला देश बन सकता है। यह अनुमान फाइनेंशियल एनॉलिसिस प्लैटफॉर्म द कोबेसी लेटर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में जताया है।
चीन के केंद्रीय बैंक पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना (PBOC) ने सितंबर 2026 में 23 टन से अधिक सोना खरीदा। यह सितंबर 2023 के बाद उसकी सबसे बड़ी मासिक खरीद बताई गई है। इसके साथ ही चीन के केंद्रीय बैंक की लगातार सोना खरीदने की अवधि 23 महीने हो गई है।
2026 में अब तक 103 टन से ज्यादा खरीदारी
द कोबेसी लेटर के मुताबिक, चीन ने सितंबर 2026 तक इस साल आधिकारिक तौर पर 103 टन से अधिक सोना खरीदा है। इससे उसका कुल गोल्ड रिजर्व रिकॉर्ड 2,410 टन पर पहुंच गया है। चीन ने जुलाई और अगस्त में भी हर महीने 20 टन से अधिक सोना खरीदा था। लगातार बढ़ती खरीदारी से संकेत मिलता है कि चीन अपने विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहा है।
फ्रांस और इटली से कितना पीछे है चीन?
चीन और उससे आगे के देशों के गोल्ड रिजर्व के बीच अंतर अब ज्यादा नहीं रह गया है। चीन के पास 2,410 टन, फ्रांस के पास 2,437 टन और इटली के 2,452 टन का गोल्ड रिजर्व है।
इन आंकड़ों के अनुसार, चीन को फ्रांस से आगे निकलने के लिए 27 टन और इटली से आगे निकलने के लिए 42 टन अतिरिक्त सोने की जरूरत होगी। हालांकि, रैंकिंग में बदलाव चीन की खरीदारी के साथ-साथ दूसरे देशों के गोल्ड रिजर्व में होने वाले बदलाव पर भी निर्भर करेगा। द कोबेसी लेटर का आकलन है कि मौजूदा खरीदारी जारी रहने पर चीन 2026 के अंत तक इन दोनों देशों को पीछे छोड़ सकता है।
निवेशकों के लिए क्या है संकेत?
चीन की लगातार खरीदारी से सोने की लॉन्ग टर्म डिमांड को सपोर्ट मिल सकता है। हालांकि, केवल केंद्रीय बैंकों की खरीदारी के आधार पर कीमतों में तेजी की गारंटी नहीं दी जा सकती। डॉलर की चाल, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड, महंगाई, ब्याज दरों और भू-राजनीतिक घटनाओं का असर भी सोने पर पड़ेगा।
भारतीय निवेशकों के लिए अंतरराष्ट्रीय कीमतों के साथ रुपये-डॉलर के एक्सचेंज रेट, कस्टम ड्यूटी और घरेलू बाजार के प्रीमियम को देखना भी जरूरी है। इसलिए सोने में निवेश का फैसला करते समय शॉर्ट टर्म तेजी के बजाय निवेश अवधि, रिस्क और खरीदारी के उद्देश्य को ध्यान में रखना चाहिए।

