LPG, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पर HPCL, इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम का बड़ा अपडेट

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • LPG, Petrol Diesel: देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है
  • ऑयल मार्केटिंग कंपनियां इंडियन ऑयल, एचपीसीएल और भारत पेट्रोलियम दावा कर रही हैं
LPG, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पर HPCL, इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम का बड़ा अपडेट

क्या आपको पेट्रोल-डीजल और एलपीजी सिलेंडर आसानी से मिल रहे हैं? इस सवाल का जवाब देने पहले जान लें कि देशभर में पेट्रोल-डीजल और LPG की सप्लाई पर्याप्त है। यह हम नहीं कह रहे बल्कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियां इंडियन ऑयल, एचपीसीएल और भारत पेट्रोलियम दावा कर रही हैं। इन कंपनियों ने साफ कहा है कि देशभर में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है।

इंडियन ऑयल ने कहा, 'पर्याप्त पेट्रोल और डीजल उपलब्ध'

इंडियन ऑयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि उसके सभी रिटेल आउटलेट्स पर पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। सप्लाई चेन पूरी तरह एक्टिव है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। कंपनी ने लोगों से अपील की कि वे केवल सामान्य जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें और पैनिक बाइंग से बचें।

तस्वीर कुछ और कह रही

अगर हकीकत की बात करें नीचे तस्वीर गवाह है। इंडियन ऑयल के ई पेट्रोल पंप बुधवार को कुशीनगर जिले में ड्राई थे।

इंडियन ऑयल के ई पेट्रोल पंप बुधवार को कुशीनगर जिले में ड्राई थे।

बीपीसीएल का बयान, 'LPG डिलीवरी लगातार जारी'

बीपीसीएल ने बताया कि 11 मई से 20 मई के बीच देशभर में एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी लगातार जारी रही। कंपनी के मुताबिक घरेलू उपभोक्ताओं, छोटे कारोबारियों और कमर्शियल यूजर्स समेत सभी को नियमित सप्लाई मिल रही है। दूसरी ओर बीपीसीएल ने कहा कि उनकी मजबूत लॉजिस्टिक्स और 24x7 ऑपरेशन के कारण सप्लाई पर कोई असर नहीं पड़ा है।

हकीकत क्या है

हकीकत क्या है एनएच 27 पर ही भगता के पास एक भारत पेट्रोलियम के पंप पर पेट्रोल नहीं था। हालांकि, डीजल मिल भी रहा था तो 1000 रुपये तक। गैलन लिए किसानों की लंबी कतारें थी। दूसरी तरफ ट्रैक्टर और स्कॉर्पियों में कई गैलन लिए लोग थे। यहां दो सेल्स गर्ल ने बताया कि पेट्रोल बुधवार सुबह से नहीं है।

एनएच 27 पर ही भगता के पास एक भारत पेट्रोलियम के पंप पर पेट्रोल नहीं था।

जयपुर में भी नहीं है कोई कमी: HPCL

एचपीसीएल ने राजस्थान और खासकर जयपुर को लेकर चल रही अफवाहों को खारिज किया। कंपनी ने कहा कि सभी पेट्रोल पंप सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और ईंधन की कोई कमी नहीं है।

कंपनी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पेट्रोल की सेल में 19% और डीजल की सेल में 24.5% वृद्धि हुई है। जयपुर में पेट्रोल की मांग 18.4% बढ़ी जबकि, डीजल की मांग 21.3% बढ़ी है। एचपीसीएल ने कहा कि बढ़ती मांग के बावजूद सप्लाई पूरी तरह नियंत्रण में है।

रूस से तेल सप्लाई सामान्य, भारत नेट एक्सपोर्टर

OMC सूत्रों के मुताबिक, रूस से कच्चे तेल की आपूर्ति में कोई बाधा नहीं आई है। अधिकारियों ने कहा कि भारत पेट्रोलियम उत्पादों का नेट एक्सपोर्टर है, इसलिए देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की उपलब्धता को लेकर चिंता की जरूरत नहीं है।

सूत्रों के अनुसार फसल कटाई के कारण डीजल की मांग मौसमी रूप से बढ़ी है। सरकारी कंपनियों के तेल की कीमतें प्रतिस्पर्धी होने से ग्राहक निजी पंपों से सरकारी पंपों की ओर शिफ्ट हो रहे हैं।

सरकार और कंपनियों की अपील

तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। जरूरत से ज्यादा खरीदारी न करें। कंपनियों का कहना है कि देश में ईंधन की सप्लाई पूरी तरह स्थिर है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

आज क्या एलपीजी सिलेंडर के रेट

नई दिल्ली में इंडेन का घरेलू एलपीजी सिलेंडर आज 913 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3071.50 रुपये का है। इंदौर में घरेलू सिलेंडर 941 रुपये का है और कमर्शियल 3176.5 रुपये का। पटना में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 1011 रुपये का है और कमर्शियल सिलेंडर के दाम आज 3361 रुपये हैं। रायपुर में घरेलू सिलेंडर 984.5 रुपये और कमर्शियल 3294.5 रुपये में है।

इनपुट: ANI

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़LPG, पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पर HPCL, इंडियन ऑयल और BPCL का बड़ा अपडेट