₹20 से कम के इस शेयर में ब़डा उछाल, सरकारी हेल्थ प्रोजेक्ट से मिले बड़े ऑर्डर के बाद टूट पड़े निवेशक
ब्लू क्लाउड सॉफ्टटेक सॉल्यूशंस को यह ऑर्डर तेलंगाना की आरोग्यश्री हेल्थकेयर स्कीम के तहत मिला है। इस प्रोजेक्ट में सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड कॉन्ट्रैक्टिंग एजेंसी की भूमिका निभाएगी। ब्लू क्लाउड सॉफ्टटेक इस प्रोजेक्ट के तहत अपने Access Genie AI प्लेटफॉर्म को लागू करेगी।

ब्लू क्लाउड सॉफ्टटेक सॉल्यूशंस के शेयर मंगलवार, 24 मार्च को शुरुआती कारोबार में 6.5% तक चढ़ गए। कंपनी को सरकारी उपक्रम सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (CEL) से एक बड़ा ऑर्डर मिलने के बाद निवेशकों में उत्साह देखा गया। इस छोटी कंपनी के शेयर को खरीदने के लिए निवेशक टूट पड़े। शेयर का प्राइस 20 रुपये से भी कम है।
तेलंगाना की आरोग्यश्री योजना में लागू होगी AI टेक्नोलॉजी
कंपनी को यह ऑर्डर तेलंगाना की ‘आरोग्यश्री’ हेल्थकेयर स्कीम के तहत मिला है। इस प्रोजेक्ट में सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड कॉन्ट्रैक्टिंग एजेंसी की भूमिका निभाएगी। ब्लू क्लाउड सॉफ्टटेक इस प्रोजेक्ट के तहत अपने Access Genie AI प्लेटफॉर्म को लागू करेगी। इसके साथ ही कंपनी अस्पतालों में फील्ड असेसमेंट और कस्टमर सर्वे जैसी सेवाएं भी देगी।
ऑर्डर वैल्यू फिलहाल गोपनीय
कंपनी ने इस ऑर्डर की कुल वैल्यू का खुलासा नहीं किया है। कंपनी के अनुसार, यह जानकारी फिलहाल व्यावसायिक गोपनीयता और अनुबंध की संवेदनशीलता के कारण साझा नहीं की जा रही है। हालांकि, आगे चलकर SEBI नियमों के तहत जरूरी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
पब्लिक हेल्थ सेक्टर में कंपनी का पहला बड़ा कदम
यह डील ब्लू क्लाउड सॉफ्टटेक के लिए सरकारी हेल्थ सेक्टर में एंट्री का पहला बड़ा कदम मानी जा रही है। कंपनी का मानना है कि अगर तेलंगाना में यह प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो भविष्य में अन्य राज्यों में भी इसी तरह के अवसर मिल सकते हैं। कंपनी के चेयरमैन तेजेश कोडाली ने कहा कि यह प्रोजेक्ट भारत में सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों में विस्तार के लिए एक मजबूत आधार बनेगा।
AI से अस्पतालों में सुधार की उम्मीद
कंपनी का दावा है कि Access Genie AI प्लेटफॉर्म के जरिए अस्पतालों में निगरानी, मरीजों की सुरक्षा और वर्क फ्लो में सुधार होगा। इससे हेल्थकेयर सिस्टम को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिल सकती है।
शेयर का प्रदर्शन कैसा रहा?
ब्लू क्लाउड सॉफ्टटेक का शेयर आज ₹19.16 पर खुला और इंट्राडे में ₹19.50 के डे हाई तक पहुंचा, जबकि निचला स्तर ₹18.90 रहा। पिछले एक हफ्ते में शेयर करीब 2.8% चढ़ा है। हालांकि, पिछले तीन महीनों में शेयर 22% से ज्यादा गिर चुका है, जबकि एक साल में इसमें लगभग 5.6% की बढ़त दर्ज की गई है।
निवेशकों के लिए क्या संकेत?
सरकारी प्रोजेक्ट से जुड़ने के बाद कंपनी के लिए नए अवसर खुल सकते हैं। अगर यह मॉडल सफल रहता है, तो ब्लू क्लाउड सॉफ्टटेक हेल्थटेक सेक्टर में अपनी मजबूत पहचान बना सकती है और शेयर में आगे तेजी देखने को मिल सकती है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


