जियो के IPO से पहले बड़ा फैसला, आकाश अंबानी बने मैनेजिंग डायरेक्टर, ईशा और अनंत से आगे निकले

Drigraj Madheshia लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • Jio IPO: जियो प्लेटफॉर्म्स का नेतृत्व सौंपे जाने के साथ ही आकाश अपने भाई-बहनों ईशा अंबानी और अनंत अंबानी में से मैनेजिंग डायरेटर का पद पाने वाले पहले व्यक्ति बन गए हैं
जियो के IPO से पहले बड़ा फैसला, आकाश अंबानी बने मैनेजिंग डायरेक्टर, ईशा और अनंत से आगे निकले

जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने अपने आईपीओ से पहले एक बड़ा फैसला लिया है। कंपनी ने आकाश अंबानी को 5 साल के लिए अपना मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति 9 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगी। मिंट ने यह जानकारी दी है। जियो प्लेटफॉर्म्स का नेतृत्व सौंपे जाने के साथ ही आकाश अपने भाई-बहनों ईशा अंबानी और अनंत अंबानी में से मैनेजिंग डायरेटर का पद पाने वाले पहले व्यक्ति बन गए हैं।

कंपनी जल्द ही सेबी के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल करेगी, जिससे उसे लिस्टेड होने की मंजूरी मिल सके। इसके लिए यह नेतृत्व पुनर्गठन अहम माना जा रहा है।

कंपनी ने कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय को 7 मई को दिए अपने डॉक्यूमेंट्स में कहा, “कंपनी के मेंबर्स की मंजूरी के बाद श्री आकाश एम. अंबानी को कंपनी का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया जाता है। उनका कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 से पांच साल का होगा। उनकी पारिश्रमिक और अन्य शर्तें नॉमिनेशन एंड रेम्युनरेशन कमेटी की सिफारिशों पर आधारित होंगी।” कंपनी के डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक जियो प्लेटफॉर्म्स के बोर्ड की बैठक में यह फैसला 9 अप्रैल को ही ले लिया गया था।

कौन हैं आकाश अंबानी

आकाश अंबानी, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी के तीन बच्चों में सबसे बड़े हैं। वह ब्राउन यूनिवर्सिटी से इकोनामिक्स से ग्रेजुएट हैं। ग्रेजुएशन पूरा करने के तुरंत बाद 2014 में ग्रुप की टेलीकॉम यूनिट रिलायंस जियो इन्फोकॉम में नॉन-एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर शामिल हुए थे। बाद में जून 2022 में उन्हें रिलायंस जियो इन्फोकॉम का चेयरमैन नियुक्त किया गया।

बोर्ड में जिया जयदेव मोदी भी

इसके अलावा, कंपनी ने जिया जयदेव मोदी को भी स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया है। वह एजेडबी एंड पार्टनर्स की को-फाउंडर और मैनेजिंग पार्टनर हैं। उन्हें पांच साल के लिए जियो प्लेटफॉर्म्स के बोर्ड में शामिल किया गया है। यह नियुक्ति 21 अप्रैल को हुई।

जिया मोदी के बोर्ड में शामिल होने के साथ ही जियो प्लेटफॉर्म्स के बोर्ड के सदस्यों की संख्या दस हो गई है। अन्य सदस्यों में अनंत अंबानी, आकाश अंबानी, ईशा अंबानी, मुकेश अंबानी, दिनेश कनाबार, मनोज मोदी, रामिंदर गुजराल, हैग्रीव खैतान और शुमीत बनर्जी शामिल हैं।

जियो के ग्राहकों की संख्या 52.44 करोड़

जियो प्लेटफॉर्म्स रिलायंस इंडस्ट्रीज के टेलीकॉम और डिजिटल सर्विसेज के कारोबार को संभालती है। रिलायंस जियो मार्केट शेयर के मामले में भारत की सबसे बड़ी टेलीकॉपरेटर है और जियो प्लेटफॉर्म्स के अधिकांश कारोबार के लिए जिम्मेदार है। मार्च 2026 के अंत तक कंपनी की कुल ग्राहकों की संख्या 52.44 करोड़ थी।

कितना बड़ा होगा जियो का IPO

कंपनी का आने वाला आईपीओ भारत की किसी प्राइवेट कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ माना जा रहा है। मॉर्गन स्टैनले और सिटी रिसर्च के एनालिस्ट्स ने जियो प्लेटफॉर्म्स का वैल्युएशन लगभग 133 अरब डॉलर आंका है।

कब से हो रही IPO की तैयारी

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने 24 अप्रैल को चौथी तिमाही के नतीजों के बयान में कहा था, “मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हम जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग की ओर लगातार बढ़ रहे हैं। यह कंपनी की यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा।”

जियो के आईपीओ की तैयारी पिछले साल शुरू हो गई थी। रिलायंस इंडस्ट्रीज की सालान आम बैठक (AGM) में मुकेश अंबानी ने कहा था कि कंपनी IPO के लिए आवेदन करने की ‘सभी व्यवस्थाएं’ कर रही है। उन्होंने 2026 की पहली छमाही में लिस्ट होने का टार्गेट बताया था।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

जानें Hindi News, Business News, Budget 2026, बजट 2026 Live, Income Tax Live Updates की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा, Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।,