एलन मस्क की स्पेसएक्स से मिला बड़ा कॉन्ट्रैक्ट, स्मॉल-कैप शेयर 15% उछला
मुख्य बातें
- Small Cap Stock: एसओडब्ल्यू के तहत ब्लू क्लाउड की अमेरिकी यूनिट स्पेसएक्स इंटरनेशनल के लिए एक डेडीकेटेड सॉवरेन-ग्रेड एआई कंप्यूटिंग और डेटा-सेंटर प्लेटफॉर्म को डिजाइन, डेवलपमेंट, इंटीग्रेटेड, सिक्योरिटी, कनेक्ट और संचालित करने के लिए जिम्मेदार होगी

भारत का स्मॉल-कैप आईटी स्टॉक ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक के शेयर में सोमवार को कारोबारी सत्र में 15 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। यह उछाल तब आया, जब कंपनी ने एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स इंटरनेशनल के साथ 150 मिलियन डॉलर के कांट्रैक्ट पर साइन करने की घोषणा की। इस खबर के बाद ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक को खरीदने के लिए निवेशक टूट पड़े।
महज 20 रुपये के आसपास है भाव
ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक का शेयर आज बीएसई पर 20.11 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खुला, जबकि पिछले सप्ताह शुक्रवार को यह 19.74 रुपये पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान इस स्मॉल-कैप स्टॉक ने 22.80 रुपये का हाई भी टच किया।
स्पेसएक्स के साथ क्या है करार?
कंपनी ने 10 अगस्त को एक्सचेंज को दी सूचना में बताया कि उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अमेरिकी सहायक कंपनी ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस लिमिटेड यूएसए ने स्पेसएक्स इंटरनेशनल लिमिटेड, MY के साथ स्टेटमेंट ऑफ वर्क नंबर 1 पर हस्ताक्षर किए हैं। यह एसओडब्ल्यू 9 जुलाई को दोनों पक्षों के बीच हुए मास्टर सर्विसेज एग्रीमेंट का हिस्सा है।
इस करार के तहत 18 महीने की अवधि के लिए 150 मिलियन डॉलर की है, जो विभिन्न शर्तों और नियमों के अधीन होगी। यह सौदा ब्लू क्लाउड के वैश्विक ग्राहकों के लिए बड़े पैमाने पर एआई इंफ्रास्ट्रक्चर, साइबर सिक्योरिटी, टेलीकम्युनिकेशन और डेटा-सेंटर समाधानों में विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
चार प्रमुख क्षेत्रों में मिलेगा काम
एसओडब्ल्यू के तहत ब्लू क्लाउड की अमेरिकी इकाई स्पेसएक्स इंटरनेशनल के लिए एक समर्पित सॉवरेन-ग्रेड एआई कंप्यूटिंग और डेटा-सेंटर प्लेटफॉर्म को डिजाइन, डेवलपमेंट, इंटीग्रेटेड, सिक्योर, कनेक्ट और संचालित करने के लिए जिम्मेदार होगी। यह काम चार प्रमुख क्षेत्रों में बांटा गया है। एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 70 मिलियन डॉलर, साइबर सुरक्षा के लिए 25 मिलियन डॉलर, दूरसंचार के लिए 25 मिलियन डॉलर और डेटा-सेंटर समाधानों के लिए 30 मिलियन डॉलर।
पांच चरणों और छह तिमाहियों में होगा काम
सेवाओं को पांच चरणों में छह तिमाही बिलिंग चक्रों में निष्पादित किया जाएगा। यह आकलन और डिजाइन के साथ शुरू होगा और छठी तिमाही से प्रबंधित संचालन तक प्रगति करेगा। मुख्य डिलिवरेबल्स में जीपीयू और एक्सेलरेटर क्लस्टरों की तैनाती, एमएलऑप्स और मॉडल-सर्विंग इंफ्रास्ट्रक्चर, SIEM/SOAR सिस्टम से लैस सुरक्षा संचालन केंद्र, कोर नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर और एनओसी-प्रबंधित कनेक्टिविटी, साथ ही डेटा-सेंटर निर्माण, कमीशनिंग और आपदा-पुनर्प्राप्ति क्षमताएं शामिल हैं।
कंपनी के चेयरमैन ने क्या कहा?
ब्लू क्लाउड सॉफ्टेक सॉल्यूशंस के ग्रुप चेयरमैन तेजेश कुमार कोडाली ने कहा, "यह हमारे एआई इंफ्रास्ट्रक्चर व्यवसाय के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और यह ब्लू क्लाउड की इंटीग्रेटेड एआई कंप्यूट, साइबर सुरक्षा और डेटा-सेंटर सॉल्यूशंस को बड़े पैमाने पर डिजाइन, बनाने और संचालित करने की क्षमता को दर्शाता है। हमारा मानना है कि यह कार्यक्रम ग्लोबल कस्टमर्स के लिए आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर क्षमताओं के निर्माण की हमारी लंबी अवधि की रणनीति को मजबूत करता है।"
शेयर प्राइस हिस्ट्री
स्मॉल-कैप आईटी स्टॉक कमजोर बाजार भावनाओं के बीच निकट अवधि में अस्थिर बना हुआ है। हालांकि, इस शेयर ने एक सप्ताह में 12.34 प्रतिशत और एक महीने में 8 प्रतिशत से अधिक का रिटर्न दिया है। वहीं, छह महीने में इसमें 6.44 प्रतिशत और एक साल में 15.58 प्रतिशत की गिरावट आई है। अगर व्यापक स्तर पर देखें तो इस स्मॉल-कैप स्टॉक ने पांच सालों में 344 प्रतिशत का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)


