दोगुना हो गया एयरटेल का मुनाफा, ₹2300 तक जा सकता है कंपनी का शेयर
दूसरी तिमाही में एयरटेल का मुनाफा दोगुना होकर 8,651 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले 2024-25 की इसी तिमाही में कंपनी को 4,153.4 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। एयरटेल के शेयर की बात करें तो 0.93% की मामूली बढ़त के साथ 2073.75 रुपये पर बंद हुआ।
Bharti airtel q2 result: दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने सितंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा दोगुना होकर 8,651 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एक साल पहले 2024-25 की इसी तिमाही में कंपनी को 4,153.4 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। एयरटेल ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी परिचालन आय 25.7 प्रतिशत बढ़कर 52,145 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 41,473.3 करोड़ रुपये थी।

भारती एयरटेल का प्रति उपभोक्ता औसत मोबाइल राजस्व चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में करीब 10 प्रतिशत बढ़कर 256 रुपये रहा जो एक साल पहले इसी तिमाही में 233 रुपये था। एयरटेल का प्रति उपयोगकर्ता औसत राजस्व (एआरपीयू) इस तिमाही के दौरान 9.9 प्रतिशत बढ़कर ₹256 हो गया, जो पिछले वर्ष की इसी तिमाही में ₹233 था।
क्या कहा कंपनी के अधिकारी ने?
भारती एयरटेल के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक गोपाल विट्टल ने कहा- हमने एक और तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया। भारत के मोबाइल व्यवसाय ने 2.6% राजस्व वृद्धि दर्ज की तो 5.1 मिलियन स्मार्टफोन ग्राहक जोड़े। हमारे होम्स व्यवसाय ने 951,000 शुद्ध ग्राहक जुड़ने और 8.5% की क्रमिक राजस्व वृद्धि के साथ मजबूत गति बनाए रखी।
एयरटेल के शेयर का परफॉर्मेंस
भारती एयरटेल के शेयर की बात करें तो सोमवार को यह 0.93% की मामूली बढ़त के साथ 2073.75 रुपये पर बंद हुआ। 29 अक्टूबर 2025 को शेयर 2,109.90 रुपये तक पहुंच गया। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। शेयर के 52 हफ्ते का लो 1,510.80 रुपये है।
ब्रोकरेज का अनुमान
विश्लेषकों के अनुसार, भारती एयरटेल का ध्यान प्रति उपयोगकर्ता औसत राजस्व (एआरपीयू) और राजस्व में वृद्धि के साथ गुणवत्तापूर्ण ग्राहकों पर केंद्रित है। कंपनी का एआरपीयू उद्योग में सर्वश्रेष्ठ बना हुआ है। कंपनी का इरादा पोस्टपेड ग्राहकों की संख्या बढ़ाने, अंतर्राष्ट्रीय रोमिंग और फीचर फोन से स्मार्टफोन में अपग्रेड पर ध्यान केंद्रित करके एआरपीयू को बेहतर बनाने का है। लॉन्ग टर्म आउटलुक को ध्यान में रखकर एक्सिस सिक्योरिटीज के विश्लेषकों का मानना है कि भारती एयरटेल अपनी अधिकतम पहुंच और न्यूनतम पूंजीगत व्यय आवश्यकताओं के साथ बाजार हिस्सेदारी हासिल करना जारी रखेगी। ब्रोकरेज फर्म ने इस शेयर को ₹2300 के टारगेट प्राइस के साथ खरीदने की सलाह दी है।





