एयरटेल के बिकने वाले हैं 3.43 करोड़ शेयर, किस भाव पर होगी डील, जानें सबकुछ
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में भारती एयरटेल का मुनाफा दोगुना से अधिक होकर 8,651 करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से उच्च-भुगतान वाले स्मार्टफोन ग्राहकों और पोस्ट-पेड कनेक्शनों में वृद्धि के कारण कंपनी का लाभ बढ़ा है।
भारती एयरटेल के शेयरों में बुधवार को बड़ी हलचल की उम्मीद है। दरअसल, एयरटेल में बड़ा ब्लॉक ट्रेड होने वाला है। इसके तहत प्रमुख प्रमोटर इकाई इंडियन कॉन्टिनेंट इन्वेस्टमेंट लिमिटेड (ICIL) लगभग 3.43 करोड़ शेयर बेचेगी। यह ट्रांजैक्शन एक ब्लॉक डील विंडो के माध्यम से होगा। यह हिस्सेदारी एयरटेल की लगभग 0.56% इक्विटी के बराबर है। इस डील का वैल्यू लगभग $806 मिलियन (7195 करोड़ रुपये) है। बता दें कि सितंबर 2025 तक ICIL के पास एयरटेल में लगभग 1.48% हिस्सेदारी है।
किस भाव पर होगी डील?
एयरटेल की ब्लॉक डील 2,096.7 रुपये प्रति शेयर के फ्लोर प्राइस पर होगी। यह एनएसई पर एयरटेल के शेयर के 2,161.6 रुपये के अंतिम बंद भाव से 3% के डिस्काउंट को दिखता है। टर्म शीट के अनुसार, गोल्डमैन सैक्स (इंडिया) सिक्योरिटीज इस बिक्री के लिए एकमात्र प्लेसमेंट एजेंट के रूप में कार्य कर रही है। बता दें कि इसी महीने की शुरुआत में सिंगापुर टेलीकम्युनिकेशंस लिमिटेड (सिंगटेल) ने एयरटेल में लगभग 0.8% हिस्सेदारी बेची थी। यह हिस्सेदारी बिक्री, क्षेत्रीय दूरसंचार उपक्रमों में अपनी हिस्सेदारी के पुनर्गठन और अनुकूलन के लिए सिंगटेल के निरंतर प्रयास का हिस्सा थी।
एयरटेल के नतीजे
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में भारती एयरटेल का मुनाफा दोगुना से अधिक होकर 8,651 करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से उच्च-भुगतान वाले स्मार्टफोन ग्राहकों और पोस्ट-पेड कनेक्शनों में वृद्धि के कारण कंपनी का लाभ बढ़ा है। एक साल पहले 2024-25 की इसी तिमाही में कंपनी को 4,153.4 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। भारती एयरटेल अफ्रीका ने भी तिमाही के दौरान मुनाफा में कई गुना वृद्धि दर्ज की और यह 969 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। तिमाही के दौरान उसकी परिचालन आय 25.7 प्रतिशत बढ़कर 52,145 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले इसी तिमाही में यह 41,473.3 करोड़ रुपये थी। भारती एयरटेल का प्रति उपभोक्ता औसत मोबाइल राजस्व चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में करीब 10 प्रतिशत बढ़कर 256 रुपये रहा जो एक साल पहले इसी तिमाही में 233 रुपये था।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
मोतीलाल ओसवाल के अनुमानों के अनुसार, कंपनी को वित्त वर्ष 26 और वित्त वर्ष 27 के बीच 1 लाख करोड़ रुपये का फ्री कैश फ्लो जनरेट करने की उम्मीद है। विश्लेषकों को उम्मीद है कि मजबूत घरेलू कारोबार और अफ्रीका में सुधार के चलते अगली कुछ तिमाहियों में औसत मोबाइल राजस्व और भी ज्यादा बढ़ेगा। हाल ही में मोतीलाल ओसवाल ने अपने नोट में घरेलू और अफ्रीकी दोनों बाजारों में निरंतर मजबूती का हवाला देते हुए भारती एयरटेल पर ₹2365 का टारगेट प्राइस तय किया था। इसके साथ ही "खरीदें" रेटिंग बनाए रखी। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि भारती का राजस्व और EBITDA वित्त वर्ष 25-28 के दौरान क्रमशः 15% और 18% की CAGR से बढ़ेगा।





