28 साल पुरानी कंपनी का आ रहा IPO, टाटा भी है क्लाइंट, चेक करें डिटेल
मुख्य बातें
- इस इश्यू में 120 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों का एक फ्रेश इश्यू और प्रमोटर शेयरधारकों द्वारा 640 करोड़ रुपये तक का 'ऑफर फॉर सेल' (OFS) शामिल है
- 28 साल पुरानी यह कंपनी इंटीग्रेटेड पैकेजिंग सॉल्यूशन प्रोवाइडर है

Bharat PET IPO news: सामान पैक करने के डिब्बे और बोतलें बनाने वाली कंपनी भारत पीईटी लिमिटेड ने शेयर बाजार में अपना आईपीओ लाकर 760 करोड़ रुपये जुटाने के लिए बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास शुरुआती दस्तावेज जमा किए हैं। बता दें कि 28 साल पुरानी यह कंपनी इंटीग्रेटेड पैकेजिंग सॉल्यूशन प्रोवाइडर है। आइए आईपीओ की डिटेल जान लेते हैं।
120 करोड़ रुपये तक के फ्रेश इश्यू
इस इश्यू में 120 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों का एक फ्रेश इश्यू और प्रमोटर शेयरधारकों द्वारा 640 करोड़ रुपये तक का 'ऑफर फॉर सेल' (OFS) शामिल है। प्रमोटर शेयरधारकों में दीपक गुप्ता, अंकुर गुप्ता, राहुल गुप्ता, सोनू गुप्ता, स्तुति गुप्ता, रुचि गुप्ता, मिताली गुप्ता और संतोष देवी गुप्ता शामिल हैं। कंपनी बुक रनिंग लीड मैनेजर्स से सलाह-मशविरा करके 24 करोड़ रुपये तक का प्री-IPO प्लेसमेंट करने पर भी विचार कर सकती है। नए इश्यू से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल 50 करोड़ रुपये तक के कर्ज को चुकाने, मशीनरी और उपकरणों पर 35.8 करोड़ रुपये का पूंजीगत खर्च करने और सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा।
कंपनी के बारे में
साल 1998 में शुरू हुई यह कंपनी कीटनाशक आदि को पैक करने वाले डिब्बों के बाजार में 11 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखती है। कंपनी के पैक में PET बोतलें और जार, प्रीफॉर्म, बहु-स्तरीय को-एक्सट्रूडेड बोतलें, कैप और क्लोजर तथा टिन के डिब्बे शामिल हैं। 30 सितंबर 2025 तक कंपनी ने अलग-अलग फॉर्मेट और साइज में पैकेजिंग सॉल्युशन की एक विस्तृत श्रृंखला पेश की, जो ग्राहकों की विविध आवश्यकताओं को पूरा करती है।
Bharat PET की एक मुख्य खासियत इसका इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग मॉडल, इन-हाउस डिजाइन और टूलिंग क्षमताएं हैं, जो कस्टमाइज्ड समाधान और तेजी से काम पूरा करने की सुविधा देती हैं। इसकी इंजीनियरिंग क्षमताओं में मोल्ड डिजाइन, रैपिड प्रोटोटाइपिंग और एडवांस्ड टूलिंग शामिल हैं। यह ग्राहक की जरूरतें मिलने के 48 घंटों के अंदर मोल्ड डिलीवर करने में सक्षम है। 30 सितंबर, 2025 तक, कंपनी ने 500 से ज़्यादा मोल्ड का एक पोर्टफोलियो तैयार कर लिया था। कंपनी 1,500 से ज्यादा ग्राहकों के एक बड़े समूह को सेवा देती है। इनमें से 30 सितंबर 2025 तक 841 ग्राहक सक्रिय थे।
टाटा की कंपनी है क्लाइंट
इसके प्रमुख ग्राहकों में टाटा की कंपनी- टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, धानुक एग्रीटेक, PI इंडस्ट्रीज, Safex केमिकल्स इंडिया, GSP कॉर्प साइंस, Influx हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड और फ्रेसा फूड्स प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। कंपनी दिल्ली, सोनीपत, अंकलेश्वर और जम्मू में स्थित चार मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स का संचालन करती है।
30 सितंबर 2025 तक इसकी स्थापित क्षमता 18,110.53 MTPA थी। प्रो फॉर्मा आधार पर, कंपनी 33,401 MTPA की क्षमता पर काम करती है और FY25 में इसने 19,891 MTPA की कुल बिक्री दर्ज की, जो इसके बड़े पैमाने और बढ़ती मांग को पूरा करने की क्षमता को दर्शाता है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

