
भारत में बनेगा धाकड़ HAMMER बम, यह PSU कंपनी बनाएगी 50% हिस्सा, दुश्मनों के कान खड़े
भारत की सरकारी कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (Bharat Electronics Ltd) और फ्रांस की साफ्रान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड डिफेंस (Safran Electronics & Defence) के बीच HAMMER बम बनाने को लेकर समझौता किया है। यह बम भारत में बनेगा।
Defence Stock: भारत के डिफेंस सेक्टर के लिए सोमवार को दिन काफी ऐतिहासिक रहा। इस दिन भारत की सरकारी कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (Bharat Electronics Ltd) और फ्रांस की साफ्रान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड डिफेंस (Safran Electronics & Defence) के बीच HAMMER बम बनाने को लेकर समझौता किया है। यह बम भारत में बनेगा। बता दें, इस बम का प्रयोग राफेल और तेजस के लिए किया जाएगा।
दोनों कंपनियों का होगा 50-50% हिस्सा
इसी साल फरवरी में दोनों कंपनियों के बीच MoU साइन किया गया था। इस समझौते के तहत दोनों कंपनियां मिलकर एक कंपनी बनाएगी। जिसमें BEL और साफ्रान की हिस्सेदारी 50-50 प्रतिशत होगी।
शुरुआती समय में इस बम के कुछ पार्ट्स फ्रांस से आएंगे। आने वाले समय में बम का 60 प्रतिशत हिस्सा भारत में ही बनने लगेगा। बम की असेंबलिंग, टेक्टिंग और क्वालिटी चेक BEL की तरफ से किया जाएगा।
क्या हैं खूबियां
यह एक ऐसा बम है जो हर एक मौसम में कारगर होगा। HAMMER का रेंज 70 किलोमीटर का है। यह आधुनिक बम तीन अलग-अलग कैटगरी में आता है। एक 250 किलोग्राम, 500 किलोग्राम और 1000 किलोग्राम का होगा। इस बम की खूबियां हैं कि यह जैमर को भी धोखा दे सकता है। इसके अलावा इसे काफी नीचे आकर फायर किया जा सकता है। इस बम का निशाना भी काफी अचूक होता है।
बीईएल के शेयरों में उछाल
इस समझौते के बाद पीएसयू बीईएल के शेयरों में आज मंगलवार को 1 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिली है। बीएसई में कंपनी के शेयर बढ़त के साथ 406 रुपये के लेवल पर खुला था। दिन में कंपनी के शेयरों का भाव 408.80 रुपये के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गया। कंपनी का 52 वीक हाई 435.95 रुपये और 52 वीक लो लेवल 240.15 रुपये है। बीईएल का मार्केट कैप 3 लाख करोड़ रुपये के करीब है।
2025 में कंपनी के बीईएल के शेयरों की कीमतों में 38 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है। वहीं, एक साल में कंपनी के शेयरों का भाव 39 प्रतिशत बढ़ा है। बता दें, 5 साल में इस डिफेंस कंपनी के शेयरों 1043 प्रतिशत चढ़ा था।
(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।)





