
लिस्टिंग से पहले 60% का फायदा दिखा रहे मिनीरत्न कंपनी के शेयर, 23 रुपये है शेयर का दाम, IPO ने बनाया है रिकॉर्ड
मिनीरत्न कंपनी भारत कोकिंग कोल के IPO में शेयर का दाम 23 रुपये है। ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 14 रुपये के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं। मौजूदा GMP के हिसाब से भारत कोकिंग कोल के शेयर 37 रुपये पर लिस्ट हो सकते हैं।
मिनीरत्न कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के आईपीओ पर लोगों ने जमकर दांव लगाया है। कंपनी के आईपीओ ने एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। भारत कोकिंग कोल के शेयर अब ग्रे मार्केट में दहाड़ रहे हैं। भारत कोकिंग कोल के शेयर 60 पर्सेंट से ऊपर के प्रीमियम के साथ ग्रे मार्केट में कारोबार कर रहे हैं। मौजूदा ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) बंपर लिस्टिंग का इशारा कर रहा है। मिनीरत्न कंपनी के शेयर 19 जनवरी को BSE और NSE पर लिस्ट होंगे।
23 रुपये का शेयर 14 रुपये पहुंच गया ग्रे मार्केट प्रीमियम
भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के आईपीओ में शेयर का दाम 23 रुपये है। वहीं, ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 14 रुपये के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे हैं। अगर मौजूदा ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) के हिसाब से देखें तो भारत कोकिंग कोल के शेयर 37 रुपये पर बाजार में लिस्ट हो सकते हैं। यानी, आईपीओ में जिन निवेशकों को कंपनी के शेयर अलॉट हुए होंगे, वह लिस्टिंग वाले दिन 60 पर्सेंट से ज्यादा के फायदे की उम्मीद कर सकते हैं। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड का आईपीओ दांव लगाने के लिए 9 जनवरी को खुला था और यह 13 जनवरी तक ओपन रहा।
1.1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की लगी बोलियां
भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के 1071 करोड़ रुपये के इश्यू साइज में 1.1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बोलियां लगीं। एक्सचेंजों का डेटा बताता है कि 23 रुपये के अपर प्राइस बैंड पर निवेशकों ने 50,93,16,75,600 शेयरों के लिए बोलियां लगाईं और कुल करीब 1.17 लाख करोड़ रुपये की बोली लगी। अगर आवेदन की बात करें तो भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के आईपीओ ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। कंपनी के आईपीओ को 90.31 लाख आवेदन मिले। वारी एनर्जीज का आईपीओ दूसरे नंबर पर है। वारी एनर्जीज के आईपीओ को 82.65 लाख एप्लीकेशंस मिले थे।
IPO पर लगा टोटल 143 गुना से ज्यादा दांव
भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (Bharat Coking Coal) का आईपीओ टोटल 143.85 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशकों की कैटेगरी में 49.37 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। वहीं, एंप्लॉयीज का कोटा 5.17 गुना सब्सक्राइब हुआ, जबकि शेयरहोल्डर्स कैटेगरी में 87.20 गुना दांव लगा। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के आईपीओ में गैर संस्थागत निवेशकों की कैटेगरी में 240.49 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है, जबकि क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स कैटेगरी में 310.81 गुना दांव लगा।
क्या करती है कंपनी
भारत कोकिंग कोल लिमिटेड की शुरुआत साल 1972 में हुई है। यह महारत्न कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की पूर्ण मालिकाना हक वाली इकाई है। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड कोकिंग कोल, नॉन-कोकिंग कोल और वॉश्ड कोल के प्रॉडक्शन में सक्रिय है। 30 सितंबर 2025 तक के डेटा के मुताबिक, कंपनी 34 ऑपरेशनल माइंस के नेटवर्क को ऑपरेट करती है।





