खुलने के 30 मिनट में ही भर गया PSU कंपनी का IPO, ₹23 है प्राइस बैंड, GMP में भी तगड़ी तेजी
IPO का प्राइस बैंड 21 से 23 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है और निवेशक इसमें 13 जनवरी 2026 तक बोली लगा सकते हैं। ज्यादातर ब्रोकरेज हाउस ने इस IPO को लिस्टिंग गेन के नजरिए से सब्सक्राइब करने की सलाह दी है और वैल्यूएशन को ठीक-ठाक बताया है।

Bharat Coking Coal IPO: भारत कोकिंग कोल (BCCL) का IPO खुलते ही जबरदस्त हिट रहा। शुक्रवार को जैसे ही इश्यू खुला, महज 30 मिनट के अंदर यह पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। कंपनी के इश्यू को 1.81 गुना सब्सक्राइब किया गया। खास तौर पर नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) की ओर से भारी मांग देखने को मिली। IPO का प्राइस बैंड 21 से 23 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है और निवेशक इसमें 13 जनवरी 2026 तक बोली लगा सकते हैं। ज्यादातर ब्रोकरेज हाउस ने इस IPO को लिस्टिंग गेन के नजरिए से सब्सक्राइब करने की सलाह दी है और वैल्यूएशन को ठीक-ठाक बताया है।
ग्रे मार्केट में गजब की तेजी
ग्रे मार्केट में भी BCCL IPO की धूम है। 9 जनवरी 2026 सुबह 10:02 बजे तक IPO का लेटेस्ट ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) करीब 9.4 रुपये दर्ज किया गया है। अगर ऊपरी प्राइस बैंड 23 रुपये को आधार मानें, तो अनुमानित लिस्टिंग प्राइस करीब 32.4 रुपये बनता है। यानी निवेशकों को लगभग 40 फीसदी तक का संभावित फायदा मिल सकता है। बाजार से जुड़ी रिपोर्ट्स में GMP 9.25 रुपये से लेकर 16.25 रुपये तक बताया जा रहा है, जिससे यह साफ है कि अनलिस्टेड मार्केट में भी इस शेयर को लेकर अच्छा उत्साह है।
पूरी तरह ऑफर फॉर सेल है IPO
यह IPO पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) है। रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (RHP) के मुताबिक, इस इश्यू से कंपनी को कोई सीधा पैसा नहीं मिलेगा, क्योंकि प्रमोटर कोल इंडिया अपनी हिस्सेदारी बेच रहा है। कोल इंडिया इस IPO के जरिए 46.57 करोड़ इक्विटी शेयर बाजार में उतार रही है। इस इश्यू के जरिए सरकार करीब 1,071 करोड़ रुपये जुटाने की योजना में है, जो उसकी डिसइनवेस्टमेंट रणनीति का हिस्सा है। ऊपरी प्राइस बैंड पर BCCL का वैल्यूएशन करीब 10,700 करोड़ रुपये बैठता है।
आईपीओ के बारे में
IPO का पूरा शेड्यूल पहले ही तय कर दिया गया है। शेयरों का अलॉटमेंट 14 जनवरी 2026 को होने की संभावना है, जबकि BCCL के शेयर 16 जनवरी को NSE और BSE पर लिस्ट हो सकते हैं। इससे पहले कंपनी ने एंकर इन्वेस्टर्स से करीब 273.1 करोड़ रुपये जुटाए हैं। एंकर बुक में LIC, निप्पॉन लाइफ इंडिया, बंधन म्यूचुअल फंड, UTI म्यूचुअल फंड, सोसाइटी जेनरल, कॉपथॉल मॉरीशस और मेबैंक सिक्योरिटीज जैसे बड़े नाम शामिल रहे। मिनी रत्न पीएसयू होने के नाते BCCL का यह IPO साल 2026 का पहला बड़ा पब्लिक इश्यू माना जा रहा है और इसे PSU शेयरों में निवेशकों की रुचि का अहम संकेतक माना जा रहा है।

लेखक के बारे में
Varsha Pathakवर्षा पाठक लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं और पिछले 4 सालों से इस संस्थान से जुड़ी हुई हैं। मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें लगभग 8 साल का अनुभव है। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया है। बिहार की रहने वाली वर्षा वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान के बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी, टैक्स, बजट, एक्सप्लेनर, इंटरव्यूज और कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़ी खबरों की समझ है। जटिल आर्थिक विषयों को सरल, तथ्यात्मक और पाठकों के लिए उपयोगी भाषा में प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली की विशेषता है। हिन्दुस्तान से पहले वर्षा दैनिक भास्कर (प्रिंट), मनी भास्कर और नेटवर्क18 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम कर चुकी हैं। उन्हें फील्ड रिपोर्टिंग का अनुभव भी है। डिजिटल पत्रकारिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्षा को मनी भास्कर में सबसे अधिक UVs-PVs का पुरस्कार मिल चुका है। इसके अलावा, लाइव हिन्दुस्तान में भी वर्षा का टॉप परफॉर्मेंस रहा है और इसके लिए पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
और पढ़ें



