जियो के IPO से पहले रिलायंस का शेयर धड़ाम, 1 महीने में 6% से अधिक टूटा, क्या खरीदारी का है मौका?
मुख्य बातें
- RIL Share: पिछले एक महीने में मुकेश अंबानी की इस कंपनी में 6 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है
- रिलायंस के शेयर की कीमत जियो प्लैटफॉर्म्स के IPO के प्राइस बैंड 1,065 से 1,119 रुपये के करीब है
- कम अनुमानित IPO वैल्यूएशन और कमजोर एनर्जी आंकड़ों की वजह से अस्थायी बिकवाली आई

जियो प्लैटफॉर्म के IPO के आने से पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड यानी RIL के शेयरों पर बिकवाली का दबाव दिख रहा है। आज भी इसमें 1 फीसदी से अधिक की गिरावट है और यह 1158.30 रुपये पर आ गया है। पिछले एक महीने में मुकेश अंबानी की इस कंपनी में 6 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है। यह गिरावट RIL शेयर होल्डर्स के लिए थोड़ी परेशानी की बात तो है, लेकिन बाजार के जानकार इसे प्राइमरी मार्केट के निवेशकों के लिए सस्ते दाम पर RIL खरीदने का मौका मान रहे हैं।
रिलायंस के शेयर की कीमत जियो प्लैटफॉर्म्स के IPO के प्राइस बैंड 1,065 से 1,119 रुपये के करीब है, ऐसे में निवेशक वैल्यू अनलॉकिंग का संभावित फायदा उठाने की सोच सकते हैं, लेकिन यह गारंटी नहीं है कि जियो के शेयर RIL के सभी शेयरधारकों को मिलेंगे।
जियो IPO एक अहम कारण
वैल्यू अनलॉकिंग वाली बात अलग है, पर जानकार मानते हैं कि जियो IPO एक अहम कारण है, हालांकि यह पूरी तरह नेगेटिव नहीं है। आमतौर पर बड़े IPO की खबर शेयर के लिए सपोर्ट देती है, लेकिन इस बार मार्केट की भावना ठंडी पड़ गई है, क्योंकि हाल की रिपोर्ट्स में वैल्यूएशन लगभग 114 अरब डॉलर यानी करीब 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। पहले 130 अरब डॉलर से 170 अरब डॉलर की बात हो रही थी।
1,200 के लेवल पर रुकावट
जानकारों के मुताबिक RIL के शेयर 1,200 के लेवल पर रुकावट का सामना कर रहे हैं। अगर यह लेवल टूटता है तो शेयर 1,265 रुपये तक जा सकता है। SMC ग्लोबल सिक्योरिटीज की सीनियर रिसर्च एनालिस्ट सीमा श्रीवास्तव ने कहा कि जियो प्लैटफॉर्म IPO मुख्य रूप से करीब 2.9% नई इक्विटी जारी करने के रूप में आ रहा है, बड़े OFS के रूप में नहीं।
इसका मतलब RIL खुद अपनी हिस्सेदारी बेचकर सीधे कैश नहीं कमा रही, हालांकि उसके पास करीब 64.5% की कंट्रोलिंग हिस्सेदारी बनी रहेगी। जियो को मिलने वाली रकम कर्ज चुकाने और विस्तार में लगेगी।
उन्होंने कहा कि आर्बिट्राज ट्रेडर्स और संस्थागत डेस्क लिस्टिंग प्राइस बैंड और लिस्टिंग के बाद की ट्रेडिंग परफॉर्मेंस साफ होने तक होल्डिंग कंपनी की वैल्यू को कुछ कम मान रहे हैं। इसलिए कम अनुमानित IPO वैल्यूएशन और कमजोर एनर्जी आंकड़ों की वजह से अस्थायी बिकवाली आई, लेकिन लंबे समय में IPO वैल्यू अनलॉक करने के लिए अच्छा कदम है, बशर्ते प्राइमरी मार्केट की मांग स्थिर हो।
1,265 रुपये तक पहुंच सकता है भाव
KC सिक्योरिटीज के VP रिसर्च और बिजनेस डेवलपमेंट महेश एम ओझा ने कहा कि RIL के लिए तत्काल सपोर्ट 1,145 रुपये पर है, जबकि 1,120 रुपये बड़ा सपोर्ट है। लॉन्ग टर्म इन्वेस्टर शेयर होल्ड करें, 1,085 पर स्टॉप लॉस रखें और हर 4% से 5% गिरावट पर खरीदारी करते रहें। नए निवेशक भी मौजूदा भाव पर RIL अपने पोर्टफोलियो में जोड़ सकते हैं। ओझा के मुताबिक RIL को 1,200 पर रेजिस्टेंस है। क्लोजिंग बेसिस पर यह टूटा तो जल्द ही समय में शेयर 1,265 रुपये तक पहुंच सकता है।
(डिस्क्लेमर: यह खबर सिर्फ जानकारी के लिए है। ऊपर दी गई राय और सिफारिशें अलग-अलग एनालिस्ट या ब्रोकिंग कंपनियों की हैं, हिन्दुस्तान की नहीं। निवेश से पहले सर्टिफाइड फाइनेंशियल एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।)

