लोन की EMI नहीं भरने पर बैंक बंद कर सकता है आपका मोबाइल नंबर! जानिये RBI के नियम
मुख्य बातें
- बैंक लोन की ईएमआई नहीं चुकाने पर आपका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर सकता है? आपने भी सोशल मीडिया या व्हाट्सऐप पर यह मैसेज देखा है कि लोन की ईएमआई (EMI) मिस होते ही बैंक आपका मोबाइल नंबर ब्लॉक करवा सकता है

बैंक लोन की ईएमआई नहीं चुकाने पर आपका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर सकता है? आपने भी सोशल मीडिया या व्हाट्सऐप पर यह मैसेज देखा है कि लोन की ईएमआई (EMI) मिस होते ही बैंक आपका मोबाइल नंबर ब्लॉक करवा सकता है। तो घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे दावे लगातार वायरल हो रहे हैं। कई लोग इन्हें सच मानकर डर जाते हैं। लेकिन क्या सहीं में बैंक के पास ऐसा अधिकार है? आइए जानते हैं आरबीआई के नियम क्या कहते हैं।
क्या बैंक मोबाइल नंबर बंद करवा सकते हैं?
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) का कोई भी नियम बैंक या किसी NBFC को यह अधिकार नहीं देता कि वह लोन की ईएमआई नहीं चुकाने पर किसी ग्राहक का मोबाइल नंबर बंद या ब्लॉक करवा दे। मोबाइल सर्विस टेलिकॉम नियमों के तहत आती हैं। इसका बैंक से कोई लेना-देना नहीं है। बैंक या फाइनेंशियल संस्थान टेलीकॉम कंपनी को किसी ग्राहक का नंबर बंद करने का निर्देश नहीं दे सकते।
RBI ने रिकवरी को लेकर क्या कहा है?
RBI ने बैंकों और अन्य रेगुलेटेड संस्थानों के लिए साफ निर्देश दिए हैं कि लोन रिकवरी का प्रोसेस निष्पक्ष, कानूनी और सम्मानजनक होना चाहिए। अगर बैंक रिकवरी एजेंट नियुक्त करता है, तो उसके व्यवहार की जिम्मेदारी भी बैंक की ही होती है। धमकी देना, डराना-धमकाना या गलत जानकारी देकर दबाव बनाना RBI की फेयर प्रैक्टिस गाइडलाइंस के खिलाफ माना जाता है।
लोन डिफॉल्ट होने पर क्या हो सकता है?
हालांकि, EMI नहीं चुकाने का मतलब यह नहीं कि कोई कार्रवाई नहीं होगी। लोन डिफॉल्ट होने पर बैंक कई वैलिड कदम उठा सकता है। इनमें देरी से पेमेंट करने पर पेनाल्टी और ब्याज लगा सकता है। साथ ही क्रेडिट ब्यूरो को डिफॉल्ट की जानकारी देता है, जिससे आपका क्रेडिट स्कोर खराब हो सकता है। जरूरत पड़ने पर कानूनी रिकवरी प्रोसेस शुरू कर सकता है। लेकिन मोबाइल नंबर ब्लॉक करवाना इनमें से किसी भी कानूनी प्रोसेस का हिस्सा नहीं है।
अगर ऐसी धमकी मिले तो क्या करें?
यदि आपको कोई मैसेज, कॉल या नोटिस मिले जिसमें कहा जाए कि ईएमआई नहीं भरने पर आपका मोबाइल नंबर बंद कर दिया जाएगा, तो घबराएं नहीं। सबसे पहले संबंधित बैंक से लिखित जानकारी मांगें और उसके आधिकारिक कस्टमर केयर पर शिकायत कर वैरिफाई करें। ऐसे मैसेज या कॉल का रिकॉर्ड और स्क्रीनशॉट भी संभालकर रखें। ताकि, जरूरत पड़ने पर शिकायत कर सकें।
समय रहते बैंक से करें बात
अगर किसी वजह से ईएमआई चुकाने में परेशानी हो रही है तो बैंक से बात करने में देरी न करें। कई बैंक ग्राहकों की स्थिति को देखते हुए रीपेमेंट का नया प्लान, EMI रिस्ट्रक्चरिंग या अन्य ऑप्शन देते हैं। बैंक सिर्फ कानून और RBI के दिशा-निर्देशों के तहत ही वसूली कर सकता है। वह आपका मोबाइल नंबर बंद नहीं कर सकता।


