बजाज फाइनेंस के शेयर 7% उछले, नोमुरा ने कहा 'खरीदें', मोतीलाल ओसवाल ने टार्गेट किया ₹1300

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • बजाज फाइनेंस ने नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 28 फीसदी बढ़कर 6,081 करोड़ रुपये दर्ज किया गया
  • शेयर आज 7 प्रतिशत उछला
  • ब्रोक्रेज फर्म मोतीलाल ओसवाल से लेकर नोमुरा और नुवामा तक की राय जानें…
bajaj finance share price
बजाज फाइनेंस के शेयर 7% उछले

बजाज फाइनेंस के शेयर शुक्रवार को बीएसई पर 7 फीसदी चढ़कर 1,129 रुपये पर पहुंच गए। यह तेजी कंपनी के मार्च 2027 की पहली तिमाही के नतीजों के बाद आई, जिसमें स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 28 फीसदी बढ़कर 6,081 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। कुछ ब्रोकरेज फर्मों ने नतीजों के बाद शेयर के टार्गेट प्राइस भी बढ़ा दिए हैं।

बजाज फाइनेंस के शेयर बीते एक हफ्ते में 8 फीसदी और एक महीने में 12 फीसदी चढ़े हैं। एक साल में स्टॉक ने 27 फीसदी से ज्यादा और तीन साल में लगभग 48 फीसदी का रिटर्न दिया है। पांच साल के लंबे समय में इसने निवेशकों को 80 फीसदी का फायदा पहुंचाया है। साल 2026 में अब तक यह शेयर 15 फीसदी ऊपर है।

शानदार तिमाही नतीजों ने बाजार को किया प्रभावित

कंपनी ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में नेट प्रॉफिट 4,765 करोड़ रुपये रहा था, जो अब बढ़कर 6,081 करोड़ रुपये हो गया। समीक्षाधीन अवधि में एनआईआई में भी 23 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई, जो 12,571 करोड़ रुपये रही। कंपनी का एयूएम पहली तिमाही के दौरान 36,969 करोड़ रुपये बढ़ा।

बजाज फाइनेंस ने इस तिमाही में 1.61 करोड़ नए लोन बुक किए, जो वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही के 1.35 करोड़ लोन से 20 फीसदी अधिक है। कंपनी का ग्राहक आधार भी 17 फीसदी बढ़कर 12.44 करोड़ पर पहुंच गया, जबकि एक साल पहले यह 10.65 करोड़ था। इस दौरान कंपनी ने 51 लाख नए ग्राहक जोड़े।

एसेट क्वालिटी में भी साफ नजर आया सुधार। जून 2026 के अंत तक ग्रॉस एनपीए 0.96 फीसदी रहा, जो एक साल पहले 1.03 फीसदी था। नेट एनपीए भी पिछले साल के 0.50 फीसदी से घटकर 0.39 फीसदी पर आ गया। स्टेज 3 एसेट्स पर प्रोविजनिंग कवरेज रेशियो 60 फीसदी रहा।

मोतीलाल ओसवाल ने रेटिंग बढ़ाई, 1,300 रुपये का लक्ष्य

मोतीलाल ओसवाल ने बजाज फाइनेंस के शेयरों की रेटिंग को अपग्रेड करते हुए ‘Buy’ कर दिया है और इसका लक्ष्य भाव बढ़ाकर 1,300 रुपये तय किया है, जो करीब 23 फीसदी की तेजी की संभावना दर्शाता है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी अब कमाई के सामान्य होने के दौर से निकलकर संरचनात्मक रूप से ऊंची आय वृद्धि के चरण में प्रवेश कर रही है।

नुवामा का नजरिया: वैल्यूएशन ऊंचा, इसलिए ‘होल्ड’ की सलाह

ब्रोकरेज फर्म नुवामा का कहना है कि बजाज फाइनेंस ने पहली तिमाही में अच्छे आंकड़े पेश किए। एयूएम में 24 फीसदी की मजबूत वृद्धि, दूसरी कंपनियों के मुकाबले स्थिर नेट प्रॉफिट मार्जिन, ऐसेट की गुणवत्ता में लगातार सुधार और गाइडेंस के अनुरूप कम क्रेडिट कॉस्ट के चलते मुनाफा अनुमान से 5 फीसदी ज्यादा रहा।

नुवामा को उम्मीद है कि बजाज फाइनेंस वित्त वर्ष 2027 से 2029 के बीच करीब 4.1 फीसदी की सेहतमंद रिटर्न ऑन एसेट्स और 20-21 फीसदी का रिटर्न ऑन इक्विटी देने में सक्षम रहेगा।

हालांकि, ऊंचे वैल्यूएशन के कारण ब्रोकरेज ने शेयर पर ‘होल्ड’ की रेटिंग बरकरार रखी है और इसका टार्गेट प्राइस 1,050 रुपये से बढ़ाकर 1,175 रुपये कर दिया है। यह पिछले बंद भाव से 11.5 फीसदी से ज्यादा की तेजी की गुंजाइश दिखाता है।

नोमुरा ने जताया भरोसा, खरीदारी की सलाह बरकरार

नोमुरा के अनुसार, बजाज फाइनेंस की एसेट क्वालिटी का मजबूत प्रदर्शन इस बार सबसे खास रहा। कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट ब्रोकरेज के अनुमान के आसपास रहा, लेकिन क्रेडिट कॉस्ट उनके और बाजार की उम्मीदों से 9 फीसदी बेहतर रही।

नोमुरा ने कहा कि उत्साहजनक रुझानों के बावजूद प्रबंधन ने वैश्विक अनिश्चितताओं और भारत में मानसून को लेकर आशंकाओं का हवाला दिया है। कंपनी किसी भी गाइडेंस में बदलाव से पहले एक और तिमाही के रुझानों पर नजर रखना चाहती है। नोमुरा नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियों में बजाज फाइनेंस को पसंद करता है और उसने 1,140 रुपये के टार्गेट के साथ ‘Buy’ की रेटिंग बनाए रखी है।

(डिस्‍क्‍लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़बजाज फाइनेंस के शेयर 7% उछले, नोमुरा ने कहा 'खरीदें', ₹1300 तक जाएगा भाव