ऑटो सेक्टर के शेयरों में भूचाल! 9% तक गिरे बजाज, महिंद्रा जैसे स्टॉक्स, निवेशकों के लिए क्या संकेत

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

मुख्य बातें

  • सितंबर महीने के ऑटो बिक्री आंकड़े उम्मीद के मुताबिक न रहने के कारण गुरुवार को बजाज ऑटो के शेयर में करीब 9% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जबकि M&M का शेयर फिसलकर अपने 52-हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच गया
  • आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं

stocks share
बजाज ऑटो और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में करीब 9% की बड़ी गिरावट।

शेयर बाजार में गुरुवार को ऑटो कंपनियों के शेयरों पर भारी दबाव देखने को मिला। सितंबर महीने की बिक्री के आंकड़े उम्मीद के मुताबिक न रहने के कारण बजाज ऑटो (Bajaj Auto) के शेयरों में करीब 9% की बड़ी गिरावट आई। वहीं, महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) का शेयर गिरकर अपने 52 हफ्ते के सबसे निचले स्तर (52-वीक लो) पर पहुंच गया। NSE पर बजाज ऑटो का शेयर लगभग 9% गिरकर ₹9,952 के स्तर पर आ गया, जो पिछले 3 महीनों का इसका सबसे निचला स्तर है। दूसरी ओर महिंद्रा एंड महिंद्रा का शेयर लगभग 4% फिसलकर ₹2,843.70 के भाव पर आ गया। हालांकि, सालाना आधार पर कुल बिक्री में थोड़ी बढ़त दर्ज की गई है, लेकिन यह बढ़त मुख्य रूप से 'लो बेस इफेक्ट' (पिछले साल के कम आंकड़ों) की वजह से दिखी।

बजाज ऑटो के सितंबर बिक्री आंकड़े

सितंबर महीने में बजाज ऑटो की घरेलू टू-व्हीलर बिक्री में सालाना आधार पर 12% की गिरावट दर्ज की गई और यह घटकर 2.4 लाख यूनिट से नीचे रह गई, जो पिछले साल इसी महीने 2.73 लाख यूनिट थी। हालांकि, कंपनी के एक्सपोर्ट (Exports) में 34% का शानदार उछाल आया, जिससे कुल टू-व्हीलर बिक्री 5% बढ़कर 4.51 लाख यूनिट पर पहुंच गई।

बजाज ऑटो की कुल घरेलू बिक्री 9% घटी

कमर्शियल व्हीकल (CV) सेगमेंट में कंपनी ने 9% की बढ़ोतरी दर्ज की। बजाज ऑटो की कुल घरेलू बिक्री (सभी कैटेगरी मिलाकर) 9% घटी है, लेकिन 32% की मजबूत एक्सपोर्ट ग्रोथ के दम पर कुल ओवरऑल सेल्स में 5% का इजाफा हुआ। अगर चालू वित्त वर्ष (FY27) की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) की बात करें, तो बजाज ऑटो ने कुल 29.87 लाख वाहन बेचे हैं, जो पिछले साल की इसी अवधि (24.05 लाख यूनिट) के मुकाबले 24% ज्यादा है। इसमें भी घरेलू बिक्री में सिर्फ 7% की बढ़ोतरी हुई, जबकि निर्यात 47% तक बढ़ा है।

महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) का प्रदर्शन

महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के लिए सितंबर का महीना मिला-जुला रहा। कंपनी ने घरेलू पैसेंजर व्हीकल (PV) सेगमेंट में 14% की बढ़त हासिल की और 64,092 गाड़ियां बेचीं। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में कंपनी की पैसेंजर व्हीकल बिक्री 20% बढ़कर 3.58 लाख यूनिट तक पहुंच गई है। हालांकि, सितंबर में कंपनी के कुल निर्यात में 7% की गिरावट देखी गई और यह घटकर 4,019 यूनिट रह गया। इसके बावजूद ओवरऑल सितंबर सेल्स 15% बढ़कर 1.15 लाख यूनिट रही।

बाजार को क्यों लगी निराशा?

अगस्त महीने की तुलना में सितंबर के आंकड़े काफी सुस्त रहे हैं। अगस्त में बजाज ऑटो ने 28% की ग्रोथ के साथ लगभग 5.35 लाख वाहन बेचे थे। इसी तरह M&M ने अगस्त में 42% का बड़ा उछाल दर्ज किया था, जिसमें घरेलू एसयूवी (SUV) बिक्री में 50% की बढ़त शामिल थी।

सितंबर में धीमी पड़ी रफ्तार

अगस्त के मुकाबले सितंबर में सेल्स मोमेंटम धीमा रहने और फेस्टिव सीजन से ठीक पहले घरेलू मांग में आई इस सुस्ती की वजह से निवेशकों की चिंताएं बढ़ गईं, जिसका असर गुरुवार को ऑटो शेयरों की बिकवाली के रूप में देखने को मिला।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़ऑटो सेक्टर के शेयरों में भूचाल! 9% तक गिरे बजाज, महिंद्रा समेत ये स्टॉक्स