
रामदेव की पतंजलि ने की है बड़ी डील, अब सोमवार को फोकस में रहेगा इस कंपनी का शेयर
पतंजलि फूड्स के शेयर की बात करें तो शुक्रवार को 3.85% बढ़कर 551.50 रुपये पर बंद हुआ। ट्रेडिंग के दौरान शेयर 555.15 रुपये से 522.45 रुपये के बीच रहा। शेयर अपने 52 वीक लो के करीब तक गया था। बता दें कि शेयर के 52 हफ्ते का लो 521 रुपये था।
Patanjali foods share: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को योगगुरु रामदेव की कंपनी पतंजलि फूड्स के शेयर फोकस में रहेंगे। ये हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि पतंजलि समूह ने रूस सरकार के साथ एक अहम डील की है। आइए इस डील और पतंजलि फूड्स के शेयर के बारे में जान लेते हैं।
रूस सरकार के साथ डील
योग गुरु बाबा रामदेव के पतंजलि समूह ने शनिवार को रूस की सरकार के साथ एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए, जिसके जरिये उसके लिए इस देश में प्रवेश आसान हो जाएगा। एमओयू का मकसद स्वास्थ और आरोग्य, स्वास्थ्य पर्यटन, कौशल युक्त मानव संसाधन और शोध के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है। इस एमओयू पर यहां रामदेव ने पतंजलि समूह की तरफ से और भारत-रूस व्यावसायिक परिषद के चेयरमैन और रूस के वाणिज्य मंत्री सर्गेई चेरेमिन ने हस्ताक्षर किए। इसके तहत पतंजलि भारत के आध्यात्मिक ज्ञान, संस्कृति, योग, आयुर्वेद तथा अमूल्य धरोहरों से संबंधित ज्ञान को रूस के साथ साझा करेगी। रूस को भारत द्वारा कुशल श्रमिक तथा कुशल योगी उपलब्ध कराना भी इसमें शामिल है। बता दें कि बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण द्वारा शुरू किया गया पतंजलि समूह अपने आयुर्वेदिक और एफएमसीजी उत्पादों के लिए जाना जाता है, जिसमें पतंजलि आयुर्वेद और पतंजलि फूड्स (पहले रुचि सोया) शामिल हैं।
पतंजलि फूड्स के शेयर का परफॉर्मेंस
पतंजलि फूड्स के शेयर की बात करें तो शुक्रवार को 3.85% बढ़कर 551.50 रुपये पर बंद हुआ। ट्रेडिंग के दौरान शेयर 555.15 रुपये से 522.45 रुपये के बीच रहा। शेयर अपने 52 वीक लो के करीब तक गया था। बता दें कि शेयर के 52 हफ्ते का लो 521 रुपये था। यह भाव चार दिसंबर को रहा था। वहीं, शेयर के 52 हफ्ते का हाई 670 रुपये है। रूस सरकार के साथ डील के बाद अब यह शेयर सोमवार को निवेशकों के फोकस में रहेगा।





