Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़Avantel LTD Share slip 10 percent today after q3 result
10% तक लुढ़क गया यह शेयर, 86% गिर गया है कंपनी का प्रॉफिट

10% तक लुढ़क गया यह शेयर, 86% गिर गया है कंपनी का प्रॉफिट

संक्षेप:

कंपनी की कमाई में लगातार गिरावट निवेशकों की चिंता बढ़ा रही है। दिसंबर तिमाही में कंपनी की ऑपरेशंस से आय ₹51.71 करोड़ रही, जो सालाना आधार पर करीब 27 फीसदी कम है। इससे पहले दिसंबर 2024 की तिमाही में कंपनी ने ₹70.68 करोड़ का रेवेन्यू दर्ज किया था।

Jan 27, 2026 06:14 pm ISTVarsha Pathak लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

Avantel LTD Share: एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर की कंपनी एवेंटेल लिमिटेड के शेयरों में मंगलवार, 27 जनवरी 2026 को जोरदार बिकवाली देखने को मिली। कंपनी के दिसंबर 2025 तिमाही (Q3FY26) के नतीजे उम्मीद से काफी कमजोर रहे, जिसके बाद शेयर करीब 10 फीसदी तक टूट गया। दोपहर 1:25 बजे NSE पर एवेंटेल का शेयर 7.15 फीसदी गिरकर ₹126.5 पर ट्रेड कर रहा था, जबकि पिछले सत्र में इसका बंद भाव ₹136.23 था। इस दौरान जहां निफ्टी50 0.22 फीसदी की तेजी के साथ 25,102 के स्तर पर था, वहीं एवेंटेल के शेयर निवेशकों को निराश करते नजर आए। गिरावट के बाद कंपनी का मार्केट कैप घटकर करीब ₹3,364 करोड़ रह गया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

शेयरों के हाल

अगर शेयर के पिछले प्रदर्शन पर नजर डालें तो तस्वीर और भी कमजोर दिखती है। एवेंटेल का शेयर अपने 52 हफ्तों के उच्च स्तर ₹215 (10 अक्टूबर 2025) से अब तक करीब 43 फीसदी टूट चुका है। कंपनी की कमाई में लगातार गिरावट निवेशकों की चिंता बढ़ा रही है। दिसंबर तिमाही में कंपनी की ऑपरेशंस से आय ₹51.71 करोड़ रही, जो सालाना आधार पर करीब 27 फीसदी कम है। इससे पहले दिसंबर 2024 की तिमाही में कंपनी ने ₹70.68 करोड़ का रेवेन्यू दर्ज किया था। तिमाही-दर-तिमाही आधार पर भी रेवेन्यू में करीब 6.7 फीसदी की गिरावट आई है। यह लगातार तीसरी तिमाही है जब एवेंटेल की आय में क्रमिक गिरावट देखने को मिली है।

दिसंबर तिमाही के नतीजे

मुनाफे के मोर्चे पर स्थिति और ज्यादा कमजोर रही। Q3FY26 में एवेंटेल का नेट प्रॉफिट 86 फीसदी गिरकर ₹2.74 करोड़ रह गया, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी ने ₹20.08 करोड़ का मुनाफा कमाया था। EBITDA भी सालाना आधार पर 60 फीसदी घटकर ₹12.96 करोड़ रह गया, जो दिसंबर 2024 में ₹32.56 करोड़ था। कमजोर मार्जिन और घटती कमाई से साफ है कि कंपनी को या तो मांग में कमी का सामना करना पड़ रहा है या फिर प्रोजेक्ट्स के एग्जीक्यूशन में दिक्कतें आ रही हैं।

कंपनी के पास नए ऑर्डर

हालांकि, कंपनी को हाल ही में कुछ नए ऑर्डर जरूर मिले हैं, जो आगे चलकर सहारा दे सकते हैं। एवेंटेल ने इस महीने न्यू स्पेस इंडिया से ₹11.19 करोड़ का ऑर्डर मिलने की जानकारी दी थी, जिसमें एक्सपोंडर डिवाइसेज की सप्लाई, इंस्टॉलेशन और कमीशनिंग शामिल है। यह कॉन्ट्रैक्ट जुलाई 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके अलावा कंपनी को भारत इलेक्ट्रॉनिक्स से ₹1.76 करोड़ का मैन्युफैक्चरिंग ऑर्डर भी मिला है, जो जुलाई 2026 तक पूरा किया जाएगा। एवेंटेल एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन, डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स, रडार सिस्टम और नेटवर्क मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर जैसे क्षेत्रों में काम करती है, लेकिन फिलहाल कमजोर नतीजों ने शेयर बाजार में इसका मूड खराब कर दिया है।

Varsha Pathak

लेखक के बारे में

Varsha Pathak
वर्षा पाठक बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर करीब 2 साल से हिन्दुस्तान डिजिटल से जुड़ी हुई हैं। मूल रूप से मधुबनी (बिहार) की रहने वाली वर्षा लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस सेक्शन के लिए खबरें लिखती हैं। उन्हें बिजनेस सेक्शन के अलग-अलग जॉनर की खबरों की समझ है। इसमें स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस, यूटिलिटी आदि शामिल हैं। करीब 7 साल से मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय वर्षा ने यहां से पहले दैनिक भास्कर और नेटवर्क 18 में बतौर कंटेंट राइटर काम किया है। उन्हें रिपोर्टिंग का भी अनुभव है। करियर की छोटी अवधि में ही वर्षा के काम की ना सिर्फ सराहना हुई है बल्कि सम्मानित भी किया गया है। वर्षा ने जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता में डिप्लोमा की डिग्री ली। और पढ़ें
जानें Hindi News, Business News की लेटेस्ट खबरें, शेयर बाजार का लेखा-जोखा Share Market के लेटेस्ट अपडेट्स Investment Tips के बारे में सबकुछ।